जालंधर में आप नेता की हत्या: गुरुद्वारे में मत्था टेककर निकले थे लक्की ओबेराॅय, सामने आई सीसीटीवी फुटेज
जालंधर के पाॅश एरिया माॅडल टाउन के गुरुद्वारा साहिब के बाहर शुक्रवार सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर आप नेता लक्की ओबराॅय की हत्या कर दी गई है।
विस्तार
वारदात शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब लक्की ओबराॅय माॅडल टाउन में गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर लाैट रहे थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने आठ-दस राउंड फायरिंग की। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पार्षद का चुनाव लड़ चुके थे लक्की
हमलावरों ने थार में जा रहे लक्की पर 8 से 10 गोलियां चलाई, जिसमें से कुछ गोलियां उनकी छाती और सिर में लगी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। लक्की ओबराॅय पार्षद का चुनाव लड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही इन्वेस्टिगेशन टीम के एसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।
कार को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, वारदात सुबह करीब सवा आठ बजे हुई। बदमाशों ने ओबराॅय की थार को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होेकर आए थे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।दो दिन में दो आप नेताओं की हत्या
एक दिन पहले तरनतारन के गांव चीमा खुर्द में आप के सरपंच गुरभेज सिंह की तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि आप पार्टी से संबंधित पूर्व सरपंच शरनजीत सिंह ने अपने साथियों से मिलकर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी है।चीमा खुर्द का शरनजीत सिंह कांग्रेस के कार्यकाल दौरान गांव का सरपंच रह चुका है। बाद में उसने आप ज्वाइन कर ली। पंचायती चुनाव के दौरान शरनजीत सिंह ने पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने लिए आवेदन दिया, लेकिन गांव वालों की सहमति से गुरभेज सिंह के नाम चुना गया।
विपक्ष सरकार पर हमलावर
आप नेता लक्की ओबराॅय की हत्या के बाद विपक्ष ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता प्रताव सिंह बाजवा ने कहा कि भगवंत मान के राज में पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आप नेता लकी ओबेरॉय की दिनदहाड़े हुई चौंकाने वाली हत्या, कड़वी सच्चाई को सामने लाती है: अगर सत्ताधारी पार्टी के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है? आज पंजाब डर, गैंग हिंसा और प्रशासनिक पंगुता की चपेट में है, जबकि आप सरकार पीआर और बहाने बनाने में व्यस्त है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को जवाब देना होगा कि इस पूरी तरह से बिगड़ी स्थिति के लिए कौन ज़िम्मेदार है?
अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने कहा कि दिनदहाड़े मर्डर…पंजाब में यह एक नया नॉर्म बन गया है। अपनी मर्जी से कहीं भी किसी को भी मार दो….। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने पंजाब को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से खत्म हो गया है।
जस्स भुट्टर गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
लक्की ओबरॉय की हत्या किए जाने के मामले में जस्स भुट्टर गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर वारदात की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।वायरल पोस्ट में जस्स भुट्टर ने कॉलेज की प्रधानगी से जुड़ी रंजिश का जिक्र करते हुए लिखा है कि जब खालसा कॉलेज जालंधर में प्रधान लगाया गया था, तब सबको पहले ही बता दिया गया था। पुलिस इस पोस्ट को हत्या की वजह से जोड़कर देख रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से अकाउंट की पुष्टि, पोस्ट करने वाले व्यक्ति और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। इलाके में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पोस्ट में लिखा है…
आज कुछ लोग उठकर बोलने लगे हैं कि प्रधानगी वापस ले ली जाए। खालसा कॉलेज जालंधर में शेरू ग्रुप की ओर से भाजी तजिंदर सिंह (शेरू भाजी) के होने से ही ऐसा चल रहा है। बाकी, सरदार नछत्तर सिंह बेई की ओर से यह हर साल प्रधानगी दी जाती है, सारे शेरू ग्रुप से सलाह करके प्रधान बनाया जाता है। और वह जो फेसबुक पर स्टोरी जोड़ी-फोल्डर वाली ने डाली है कि हमारा दोनों प्रधानगी से कोई लेना-देना नहीं है-मैं एक बात साफ कह दूं, वीर बुद्ध से हमारा भी कोई लेना-देना नहीं है। जोड़ी प्रधानगी पहले हुई, हर साल की तरह वही हमारे खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधान है।
दूसरी बात, तू भी वीर प्रधान को कहता है कि तू प्रधानगी वापस कर दे-वीर 2024-2023-2022-2021-2020 में तू इंडिया पंजाब में ही था, तब कर लेता जो करना था। अब तू अमेरिका जाकर फेसबुक पर पोस्टें डाल रहा है, कोई बात नहीं, जब चाहे जहां चाहे खुला बुलावा है। पर बात मरने-मार देने वाली मत कर, सीधे आकर एक-एक बात बताकर न बताकर किसी को न भेजी जा। जब पंजाब में था तब तूने बेई न्छत्तर को बहुत मान दिया, मानता था; आज अमेरिका जाकर तेरी हवा खराब हो गई है, भाई। हम शेरू ग्रुप वाले हैं, भाई, बता कर प्रधान लगाया था। वाहिगुरु जी का खालसा वाहिगुरु जी की फ़तेह, पक्के शेरू ग्रुप वाले।
