देश से गद्दारी: कौन है रानी काकड़े? जिसने ISI को दी एयरफोर्स स्टेशन हलवारा की खुफिया जानकारी; एजेंसियां अलर्ट
पंजाब के लुधियाना के हलवारा वायुसेना केंद्र की खुफिया जानकारी देश के दुश्मनों तक पहुंचाई गई है। देश के साथ गद्दारी करने वाली महिला रानी काकड़े है। रानी का लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा रहा ताकि उसे भारत आने की सूरत में गिरफ्तार किया जा सके।
विस्तार
पुलिस और खुफिया एजेंसियों को लुधियाना के कस्बा सुधार बाजार नई आबादी अकालगढ़ की रानी काकड़े पर वायु सेना केंद्र हलवारा आईएसआई एजेंट को देने का शक है। इसकी गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
रानी और उसके साथी राजस्थान के ट्रैवल एजेंट रवि कुमार के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संबंधों का खुलासा होने पर हड़कंप मच गया है। रानी और रवि पर मिलकर पंजाब और अन्य राज्य को लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद अब केंद्रीय और पंजाब की खुफिया एजेंसियों ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। रानी के पिता किशन लाल काकड़े भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा से (सिविलियन मुलाजिम) सेवामुक्त हुए थे। रानी के पिता और मां की मौत हो चुकी है। रानी काकड़े का एक भाई वायु सेना केंद्र में सफाई सेवक है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि वायु सेना केंद्र की महत्वपूर्ण जानकारी, फोटो और वीडियो भी रानी काकड़े द्वारा आईएसआई एजेंट मेहमूद भट्टी को उपलब्ध करवाए हो सकते हैं। रानी का लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा रहा ताकि उसे भारत आने की सूरत में गिरफ्तार किया जा सके। नेपाल से लगते सभी भारतीय बॉर्डर फोर्स को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। भारतीय वायु सेना केंद्र हलवारा कस्बा सुधार नई आबादी अकालगढ़ से सटा है। रानी के परिवार की भारतीय वायु सेना से नाते ने केंद्रीय और पंजाब की खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
रानी काकड़े के रायकोट विधानसभा के बड़े कांग्रेस नेताओं और मुख्यमंत्री पद के दावेदार कांग्रेस नेता से करीबी संबंध रहे हैं। रानी कांग्रेस की इंटरनल विजिलेंस कमेटी की स्थानीय प्रधान भी रही हैं। वे महिला एवं दलित संगठनों में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं। रानी दुबई में रह चुकी हैं और एक स्थानीय ब्यूटी पार्लर मालिक महिला के साथ मिलकर कई लड़कियों और लड़कों को दुबई में नौकरी के लिए भेज चुकी हैं। सुधार बाजार के एक दूकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पिछली बार अजरबैजान से आई रानी ने उसे भी धंधे में शामिल करने के लिये रुपयों का लालच दिया था। रानी लुधियाना अदालत में चल रहे मुकदमे में पीओ है। जगरांव अदालत में भी उसके खिलाफ केस चल रहा है।
रानी के सभी बैंक खाते अटैच
रानी के आईएसआई के संबंध होने की खबर से उसके रिश्तेदारों कई स्थानीय कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं और उसके साथ रुपयों का लेनदेन करने वालों की नींद उड़ गई है। 42 वर्षीय रानी ने शादी नहीं की है और अपने पिता की सरकारी पेंशन भी ले रही है। रानी के एसबीआई, एक्सिस, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक में खाते हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन सभी बैंक खातों को खंगाल रही हैं। वो सभी बैंक खाते भी राडार पर आ गए हैं जिनके साथ रानी का लेनदेन चल रहा था। उसके सभी बैंक खाते अटैच कर दिए गए हैं।
इन दिनों रेस्टोरेंट में कर रही काम
काउंटर इंटेलिजेंस के एडीजीपी द्वारा लिखे पत्र में बताया गया है कि रानी अजरबैजान में आईएसआई एजेंट मेहमूद भट्ट के रेस्टोरेंट शाह-इन में काम कर रही है। वह भारत के लोगों खासकर युवाओं को अजरबैजान से कनाडा इंग्लैंड और अन्य देशों में भेजने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ रही है। साथ ही उन्हें आईएसआई के लिए काम करने को मजबूर किया जाता है। आईएसआई एजेंट मेहमूद भट्ट भारतियों को देश विरोधी काम के लिए बरगला रहा है और न कहने पर जुल्म ढहाया जाता है।