फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Ludhiana News ›   Halwara-Delhi Air India flight cancelled again 110 passengers stranded

फिर रद्द हुई हलवारा-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान: तीन दिन में दूसरी बार हुई कैंसिल, 110 यात्री परेशान

Wed, 09 Sep 2026 09:15 AM IST
Nivedita कंवरपाल, संवाद, हलवारा
कंवरपाल, संवाद, हलवारा Published by: Nivedita Updated Wed, 09 Sep 2026 09:15 AM IST
सार

हलवारा एयरपोर्ट से तीन दिन में दूसरी बार उड़ान रद्द हुई है। यात्रियों को सुबह एआई-482 से दिल्ली जाना था, लेकिन दिल्ली से आने वाली एआई-481 हलवारा पहुंची ही नहीं। इसके बाद एआई-482 को भी रद्द करना पड़ा।

विज्ञापन
Halwara-Delhi Air India flight cancelled again 110 passengers stranded
हलवारा एयरपोर्ट - फोटो : संवाद

विस्तार

हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली का हवाई सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन दिन के भीतर दूसरी बार एयर इंडिया की दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान रद्द हो गई। इससे बुधवार सुबह हलवारा एयरपोर्ट पर 110 से अधिक यात्री परेशान रहे। 

विज्ञापन


दिल्ली से हलवारा आने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई-481 एयरपोर्ट नहीं पहुंची। इसी विमान को हलवारा से दिल्ली के लिए एआई-482 बनकर वापस रवाना होना था, लेकिन विमान नहीं आने के कारण यह उड़ान भी रद्द हो गई।
विज्ञापन


सुबह निर्धारित समय से पहले एयरपोर्ट पहुंच चुके यात्रियों को उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने के बाद भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इनमें कई यात्री निजी वाहनों से एयरपोर्ट पहुंचे थे, जबकि दिल्ली जाने के लिए कुछ यात्रियों ने वैकल्पिक साधनों की तलाश शुरू कर दी। जिन यात्रियों के लिए दिल्ली पहुंचना जरूरी था, उन्होंने मजबूरी में टैक्सी का सहारा लिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


यात्रियों के अनुसार, हलवारा से दिल्ली के लिए टैक्सी का किराया करीब 11 हजार रुपये तक मांगा गया। कई यात्री यह खर्च उठाने में असमर्थ रहे और कुछ को अपनी यात्रा रद्द कर वापस लौटना पड़ा।

किसी को दोपहर की उड़ान का सहारा, कोई लौटा घर
उड़ान रद्द होने के बाद कुछ यात्रियों ने दोपहर की उड़ान एआई-484 में सीट पाने की कोशिश की। कुछ यात्रियों को सीट मिल गई तो वे एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में बैठकर अगली उड़ान का इंतजार करते रहे। वहीं कई यात्रियों ने अपनी यात्रा की तारीख बदल दी। कुछ यात्री ऐसे भी रहे जिन्हें जरूरी काम के चलते दिल्ली जाना था और वे महंगी टैक्सी लेकर सड़क मार्ग से रवाना हुए।

यात्रियों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी अचानक उड़ान रद्द होने और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से हुई। उनका सवाल है कि अगर विमान में तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या थी तो यात्रियों को समय रहते इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई।

एक ही विमान के रोटेशन पर निर्भर सेवा, विमान नहीं आया तो दोनों उड़ानें ठप
दिल्ली-हलवारा सेवा में एक ही विमान के रोटेशन पर दोनों दिशाओं की उड़ानें निर्भर हैं। दिल्ली से आने वाला विमान ही हलवारा से यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली जाता है। ऐसे में दिल्ली से विमान के हलवारा नहीं पहुंचने का सीधा असर यहां से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर पड़ा।

एयरपोर्ट स्टाफ के अनुसार, यात्रियों को सुबह एआई-482 से दिल्ली जाना था, लेकिन दिल्ली से आने वाली एआई-481 हलवारा पहुंची ही नहीं। इसके बाद एआई-482 को भी रद्द करना पड़ा।

सोमवार को भी रद्द हुई थी उड़ान
हलवारा-दिल्ली हवाई सेवा में उड़ान रद्द होने का यह पहला मामला नहीं है। 7 सितंबर को भी यही उड़ान रद्द हो चुकी है। इसके अलावा पहले तकनीकी कारणों से उड़ान में देरी होने के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा था। अब तीन दिन के भीतर दूसरी बार उड़ान रद्द होने से नियमित यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।

एयर इंडिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से फिलहाल उड़ान रद्द होने का विस्तृत आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। हालांकि विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से हलवारा आने वाले विमान में तकनीकी खराबी के कारण उसकी मरम्मत दिल्ली में चल रही है। इसी वजह से विमान हलवारा नहीं पहुंच सका और दोनों तरफ की उड़ान प्रभावित हुई।

11 हजार की टैक्सी, हवाई सेवा का फायदा या यात्रियों की नई परेशानी?
उड़ान रद्द होने के बाद यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या दिल्ली पहुंचने की रही। जिन यात्रियों के जरूरी काम थे, उन्होंने मजबूरी में सड़क मार्ग चुना। यात्रियों के अनुसार, हलवारा से दिल्ली के लिए टैक्सी का किराया करीब 11 हजार रुपये तक पहुंच गया। यात्रियों का कहना है कि हवाई टिकट के बाद अचानक इतना अधिक अतिरिक्त खर्च करना आम यात्री के लिए आसान नहीं है।

यात्रियों ने एयरपोर्ट तक आने-जाने वाली टैक्सी सेवाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सीमित विकल्पों का फायदा उठाकर कुछ टैक्सी संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों की मांग है कि उड़ान रद्द होने की स्थिति में एयरलाइन को वैकल्पिक यात्रा की स्पष्ट व्यवस्था और समय पर सूचना उपलब्ध करानी चाहिए।

10 सितंबर से शाम की उड़ान का समय भी बदलेगा
हलवारा एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए एक और बदलाव होने जा रहा है। 10 सितंबर से शाम की उड़ान का प्रस्थान समय बदल जाएगा। पहले यह उड़ान दोपहर 2:40 बजे हलवारा से रवाना होती थी, अब इसका नया समय शाम 4:05 बजे निर्धारित किया गया है। सुबह की उड़ान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

15 मई को शुरू हुई थी सेवा, अब उठ रहे व्यवस्था पर सवाल
हलवारा एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा की शुरुआत 15 मई को हुई थी। लुधियाना और आसपास के कारोबारियों तथा आम यात्रियों के लिए इसे लंबे समय से चली आ रही कनेक्टिविटी की मांग पूरी होने के रूप में देखा गया था। सेवा शुरू होने पर इसे क्षेत्र के व्यापार और आवागमन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया गया था।

लेकिन अब नियमित यात्री पूछ रहे हैं कि सेवा शुरू होने के बाद उड़ान रद्द होने, तकनीकी खराबी, यात्रियों को समय पर सूचना देने, वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था और एयरपोर्ट तक आने-जाने के महंगे साधनों जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान कब होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed