अलवर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 10 साल के मासूम की मौत, पिता की हालत गंभीर
Alwar Accident: अलवर के केसरोली मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता–पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय देवा की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर घायल हैं। चालक फरार है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित केसरोली मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता–पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 10 वर्षीय मासूम देवा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजन संदीप ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से भरतपुर जिले के कवई गांव का रहने वाला है और फिलहाल उद्योग नगर क्षेत्र के झारेड़ा के पास किराये के कमरे में रहता है। मृतक के पिता जितेंद्र एक कम्पनी में कार्यरत हैं।
पढ़ें: अवैध कपड़ा इकाइयों पर कड़ा प्रहार, सीज के बाद पीछे से चल रहा उत्पादन; प्रशासन ने तोड़कर किया बंद
मंगलवार को जितेंद्र अपने बेटे देवा को जिला अस्पताल दवाई दिलाने के लिए बाइक से लेकर आ रहे थे। जैसे ही वे केसरोली मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक चार पहिया गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में जितेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मासूम देवा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके साथ ही, फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी करवाई, लेकिन वाहन और चालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।