सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Balotra News ›   Balotra News: Overnight operation in Samdari–Jasol; 19 sand mining mafia arrested and 16 vehicles seized

Balotra News: समदड़ी-जसोल में रातभर चला ऑपरेशन, अवैध बजरी खनन मामले में 19 माफिया गिरफ्तार, 16 वाहन जब्त किए

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा Published by: बालोतरा ब्यूरो Updated Tue, 13 Jan 2026 11:53 PM IST
विज्ञापन
सार

अवैध बजरी खनन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समदड़ी और जसोल क्षेत्रों में एक साथ ऑपरेशन चलाया। इस सघन अभियान में कुल 19 बजरी माफिया गिरफ्तार हुए और 16 वाहन जब्त किए गए, जिससे क्षेत्र में अवैध खनन नेटवर्क में हड़कंप मच गया।
 

Balotra News: Overnight operation in Samdari–Jasol; 19 sand mining mafia arrested and 16 vehicles seized
बजरी माफिया गिरफ्तार
विज्ञापन

विस्तार

जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। विशेष अभियान के तहत जिले के समदड़ी और जसोल थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई सघन कार्रवाई में पुलिस ने 19 बजरी माफियाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। इस दौरान अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त कुल 16 वाहन जब्त किए गए हैं, जिनमें डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रेलर, केम्पर और कारें शामिल हैं।
Trending Videos


पुलिस अधीक्षक बालोतरा रमेश आईपीएस के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध बजरी खनन से जुड़े कारोबारियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसना और लूणी नदी सहित संवेदनशील क्षेत्रों में खनन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह आरपीएस, वृताधिकारी सिवाना देरावर सिंह आरपीएस तथा वृताधिकारी बालोतरा अनिल पुरोहित आरपीएस के सुपरविजन में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन


लूणी नदी क्षेत्र में रातभर चला ऑपरेशन
थाना समदड़ी पुलिस ने 10 जनवरी 2026 की रात विशेष गश्त के दौरान कस्बा समदड़ी, रानीदेशीपुरा, भानावास, अजीत, चारणों का बाड़ा, गोदो का बाड़ा, पातों का बाड़ा, महेश नगर और खरंटिया सहित कई इलाकों में सघन निगरानी की। इसी दौरान सूचना मिली कि लूणी नदी क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहन अवैध रूप से बजरी भरने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौखड़ी, सुरपुरा, देवलीयाली और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी।

मौके पर पुलिस को कुल 12 वाहन मिले, जिनमें 7 डंपर, 1 ट्रेलर, 2 केम्पर और 2 कारें शामिल थीं। सभी वाहन अवैध बजरी खनन और परिवहन से जुड़े पाए गए। पुलिस ने इन सभी वाहनों को जब्त कर लिया और मौके से 16 चालकों व सहयोगियों को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें: Rajasthan: एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में फिर संकट, ICU में पानी भरने से 14 मरीजों को किया शिफ्ट; ये रही राहत की बात

जसोल थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
वहीं दूसरी ओर थाना जसोल पुलिस ने बिठुजा क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के पास कच्चे रास्ते पर गश्त के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं, जिनमें अवैध रूप से बजरी भरी हुई थी। पुलिस द्वारा पूछे जाने पर चालक बजरी परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने अवैध खनन एवं परिवहन के आरोप में मनीष कुमार, प्रभुराम और अशोक को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) और एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अवैध बजरी खनन नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और संभावित ठिकानों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध बजरी खनन से न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध खनन से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह चालक हो या इस कारोबार का मुख्य संचालक। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस सख्ती का स्वागत किया है। पुलिस का मानना है कि लगातार दबिश और कठोर कानूनी कार्रवाई से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed