समदड़ी रेलवे यार्ड में दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, जांच में जुटी जीआरपी
समदड़ी रेलवे स्टेशन यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। दोनों की पहचान पूनम और उनके पुत्र प्रवीण सेन के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बालोतरा जिले के समदड़ी रेलवे स्टेशन यार्ड से एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए समदड़ी के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हादसे के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टेशन मास्टर ने दी सूचना, यार्ड में मिले दोनों शव
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार समदड़ी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने जीआरपी चौकी को सूचना दी कि रेलवे स्टेशन यार्ड में पोल संख्या 1015 और 1016 के बीच रेल लाइन संख्या-4 पर एक महिला और एक युवक के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
इसके बाद पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी सबूत जुटाए।
जेब से मिले दस्तावेजों से हुई युवक की पहचान
घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को मृतक युवक की जेब से पैन कार्ड सहित कुछ दस्तावेज मिले। इनके आधार पर उसकी प्रारंभिक पहचान सिवाना निवासी प्रवीण सेन के रूप में हुई। वहीं महिला के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें सिम कार्ड नहीं था। कुछ ही देर बाद सूचना मिलने पर परिजन भी समदड़ी पहुंचे। उन्होंने दोनों शवों की पहचान पूनम और उनके पुत्र प्रवीण के रूप में की। परिजनों ने पुष्टि की कि दोनों मां-बेटे थे।
पढ़ें: राजस्थान के करौली में दर्दनाक हादसा: बीमारी से परेशान परिवार के सभी लोगों पीया जहर, तीन की मौत; एक गंभीर
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को समदड़ी के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
हादसा या कुछ और? हर एंगल से जांच
फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि महिला और युवक रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचे। यह एक सामान्य दुर्घटना थी, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, परिजनों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मां-बेटे की एक साथ मौत की खबर फैलते ही समदड़ी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया। रेलवे यार्ड में हुई इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे। फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।