Bharatpur: अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, दो करोड़ की डोडा पोस्त जब्त; चार तस्कर गिरफ्तार
Bharatpur: पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ झारखंड के रांची से जोधपुर लेकर जा रहे थे। इसके बदले उन्हें 50 से 80 हजार रुपये तक की रकम मिलने वाली थी। गिरफ्तार आरोपियों में कंटेनर चालक बाबू सिंह निवासी जोधपुर, स्कॉर्पियो चालक रेवंत राम, तथा स्कॉर्पियो सवार मुख्तयार सिंह और मोहम्मद शरीफ निवासी फलोदी शामिल हैं।
विस्तार
भरतपुर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थ के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की कीमत का डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 1996.840 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर ट्रक और पायलट वाहन स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कछावा ने बताया कि हरियाणा एसटीएफ (गुरुग्राम) से सूचना प्राप्त हुई थी कि मादक पदार्थ से भरे दो वाहन राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर ऊंचा नगला क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो और उसके पीछे चल रहे ट्रक कंटेनर को रोका गया। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें मौजूद 99 प्लास्टिक के कट्टों से करीब 2 टन (1996.840 किलोग्राम) डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पढ़ें: राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर दंपति से मारपीट, चेन लूटने की कोशिश; आरोपियों ने दी ‘हफ्ता’ देने की धमकी
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मादक पदार्थ झारखंड के रांची से जोधपुर लेकर जा रहे थे। इसके बदले उन्हें 50 से 80 हजार रुपये तक की रकम मिलने वाली थी। गिरफ्तार आरोपियों में कंटेनर चालक बाबू सिंह निवासी जोधपुर, स्कॉर्पियो चालक रेवंत राम, तथा स्कॉर्पियो सवार मुख्तयार सिंह और मोहम्मद शरीफ निवासी फलोदी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग और गिरोह शामिल हैं।