‘पांच शादियों से सुधरेगी किस्मत’: तांत्रिकों के बहकावे में पति ने तीसरी पत्नी को घर से निकाला, FIR दर्ज
Bhilwara News: भीलवाड़ा के आसींद में तांत्रिकों के कथित बहकावे में आकर एक युवक द्वारा तीसरी पत्नी को प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
समाज में अंधविश्वास और तांत्रिकों के प्रभाव के कारण पारिवारिक रिश्तों के टूटने के मामले आज भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में सामने आया है, जहां एक युवक ने तांत्रिकों के बहकावे में आकर अपनी तीसरी पत्नी को कथित रूप से प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर आसींद थाने में पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता अपने पिता के साथ पुलिस से न्याय और कार्रवाई की मांग कर रही है।
तीसरी शादी के बाद बदला व्यवहार
जानकारी के अनुसार, आसींद कस्बे के एक संभ्रांत परिवार से जुड़े युवक दिलखुश बुरड़ की पहले ही दो शादियां हो चुकी थीं। इसके बाद उसने लाडपुरा निवासी पायल जैन से 17 नवंबर 2024 को तीसरी शादी की थी। विवाह समारोह लाडपुरा में आयोजित किया गया था। शुरुआती दिनों में पति-पत्नी के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन कुछ समय बाद युवक तांत्रिकों के संपर्क में आ गया, जिसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा।
तांत्रिकों के कथित प्रभाव में प्रताड़ना का आरोप
बताया जा रहा है कि तांत्रिकों ने युवक को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी किस्मत और जीवन की स्थिति तभी सुधरेगी जब वह पांच शादियां करेगा। पीड़िता का आरोप है कि इस बात को सच मानते हुए दिलखुश बुरड़ ने उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी। हालात धीरे-धीरे इतने बिगड़ गए कि उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।
रुपये मांगने और अनैतिक संबंध बनाने का दबाव के आरोप
पीड़िता पायल जैन के अनुसार पति ने उससे करीब दस लाख रुपये की मांग भी की। महिला का आरोप है कि उस पर अपने ननदोई और दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया गया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ कथित रूप से और अधिक दुर्व्यवहार किया गया और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह आसींद कस्बे में किराए के मकान में रहकर किसी तरह अपना गुजारा कर रही थी।
समझौते की कोशिशें भी रहीं बेनतीजा
महिला का कहना है कि उसने कई बार ससुराल पक्ष से समझौते का प्रयास किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। उसका आरोप है कि पति ने उनके वैवाहिक संबंध को ही लिव-इन रिलेशन बताकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की। महिला के अनुसार जिस पुश्तैनी मकान में वह शादी कर आई थी, उसे भी बेच दिया गया और उसके सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
पहले की दो शादियों को लेकर भी लगाए आरोप
पायल जैन ने बताया कि उसके पति की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं। पहली शादी कंवलियास में दीपिका से हुई थी, जिसने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अपने पीहर में आत्महत्या कर ली थी। दूसरी शादी राजाजी का करेड़ा निवासी इंदिरा से हुई, जिसे भी बाद में छोड़ दिया गया। पायल का आरोप है कि उसका पति तांत्रिक के कहने पर यह सब कर रहा है और उसका मानना है कि पांचवीं शादी के बाद उसे वैभव और आराम मिलेगा।
पढ़ें- Rajasthan: पहले लॉरेंस गैंग का नाम लेकर दी धमकी, अब RDX के साथ आतंकी साजिश में गिरफ्तार; जानें कौन है अली अकबर
शिकायत के बाद मामला दर्ज
पीड़िता ने बताया कि उसने करीब एक माह पहले भी आसींद थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हो सकी। लंबे इंतजार के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पीड़िता के पिता शांतिलाल सुराणा ने कहा कि पायल की शादी का खर्चा दिलखुश और उसके पिता ने उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वे इससे मुकर गए। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पति दिलखुश बुरड़, ससुर डालचंद, सास सीतादेवी, ननदोई विजय और ननद निकी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 316(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच आसींद थाने की अधिकारी सीआई श्रद्धा पचौरी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस थाना प्रभारी के अनुसार मामले की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और जांच जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.