Rajasthan Board Results: आज जारी होगा 5वीं-8वीं बोर्ड का परिणाम, 26 लाख से अधिक विद्यार्थियों की नजरें टिकीं
RBSE Class 5th, 8th Result 2026: राजस्थान में मंगलवार 24 मार्च 2026 को कक्षा 5वीं और 8वीं का परिणाम जारी होगा, जिसमें 26 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हैं। नई पासिंग पॉलिसी के कारण परिणाम पर असर संभव है, वहीं सुधार के लिए दोबारा परीक्षा का विकल्प भी रहेगा।
विस्तार
राजस्थान में कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार 24 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर कार्यालय में जारी किया जाएगा। लंबे इंतजार के बाद करीब 26 लाख से अधिक विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित होने जा रहा है। छात्र अपना परिणाम Rajshaladarpan Portal पर रोल नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से देख सकेंगे।
नई पासिंग पॉलिसी से बदलेगा परिणाम का स्वरूप
इस बार का परिणाम कई मायनों में खास माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार नई पासिंग पॉलिसी लागू की गई है। इसके तहत अब छात्रों को स्वतः अगली कक्षा में प्रमोट नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में परिणाम 100 प्रतिशत रहने की संभावना कम मानी जा रही है और मूल्यांकन पहले से अधिक सख्त माना जा रहा है।
26 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
इस वर्ष 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं में कुल 26 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें कक्षा 5वीं में करीब 14 लाख और कक्षा 8वीं में लगभग 12 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षाएं पूरे प्रदेश में हजारों केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। 8वीं बोर्ड की परीक्षा 19 फरवरी से 4 मार्च तक चली, जबकि 5वीं बोर्ड की परीक्षा 20 फरवरी से 6 मार्च के बीच संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों में नकल के कुछ मामले भी सामने आए, जिन पर स्थानीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
पिछले वर्षों में रहा उच्च परिणाम प्रतिशत
पिछले वर्षों के परिणामों पर नजर डालें तो राजस्थान में 5वीं और 8वीं बोर्ड का रिजल्ट लगातार 95 प्रतिशत से ऊपर रहा है। वर्ष 2025 में कुल परिणाम लगभग 96.8 प्रतिशत रहा था। उस वर्ष भी लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था और उनका परिणाम लड़कों से अधिक रहा था।
पढ़ें- RBSE Result 2026: 10 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को रिजल्ट का इंतजार, 2025 में 93.6% विद्यार्थी हुए थे सफल
नई परीक्षा व्यवस्था और सुधार का अवसर
इस बार परिणाम जल्दी जारी करने के पीछे नई परीक्षा व्यवस्था भी एक कारण है। शिक्षा विभाग ने वर्ष में दो बार परीक्षा का प्रावधान लागू किया है, जिससे कम अंक प्राप्त करने या किसी विषय में असफल रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देकर सुधार का अवसर मिल सके। ऐसे विद्यार्थियों के लिए 45 दिन के भीतर कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नए सत्र से पहले प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
राजस्थान में नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होना है। ऐसे में समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए परिणाम पहले जारी किया जा रहा है। शिक्षा विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ेगी और उन्हें अतिरिक्त अवसर मिलने से आत्मविश्वास भी बना रहेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.