Dausa: मेहंदीपुर बालाजी में होली महोत्सव का शुभारंभ, चढ़ाया गया सोने का चोला; 250 गार्ड व 200 पुलिसकर्मी तैनात
Dausa News: सिद्धपीठ घाटा मेहंदीपुर बालाजी में पांच दिवसीय होली महोत्सव शुरू हुआ। बालाजी को सोने का चोला चढ़ाया गया और छप्पनभोग अर्पित किया गया। लाखों श्रद्धालुओं की संभावना के बीच 250 गार्ड और 200 पुलिसकर्मी तैनात कर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
विस्तार
दौसा के सिद्धपीठ घाटा मेहंदीपुर बालाजी में शनिवार से पांच दिवसीय होली महोत्सव का आगाज हुआ, जो 4 मार्च तक चलेगा। महोत्सव के आरंभ के साथ ही कस्बे में दर्शनार्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
महोत्सव के अवसर पर मंदिर के महंत डॉ नरेशपुरी महाराज के सानिध्य में स्वयंभू बालाजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद अलौकिक श्रृंगार कर सोने का चोला चढ़ाया गया और छप्पनभोग अर्पित किया गया। मंगला आरती के साथ विधिवत रूप से महोत्सव की शुरुआत की गई।
विभिन्न देवस्थलों के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने स्वयंभू बालाजी महाराज, भैरवबाबा, प्रेतराज सरकार, सीताराम दरबार, राधा-कृष्ण और समाधी वाले बाबा के दर्शन किए। होली महोत्सव के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसके मद्देनजर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पढ़ें- Ajmer: पीएम की सभा में ख्वाजा गरीब नवाज का नाम न लेने पर भड़के सैयद सरवर चिश्ती, कहा- उनकी मानसिकता हुई उजागर
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला और विशेष व्यवस्थाएं
मंदिर ट्रस्ट सचिव एमके माथुर ने बताया कि महोत्सव के दौरान विशाल होलिका दहन, महाआरती, छप्पनभोग झांकी और महायज्ञ सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। पेयजल, मेडिकल इमरजेंसी के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम भी तैनात की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए 250 अतिरिक्त गार्ड लगाए गए हैं।
पुलिस-प्रशासन के विशेष बंदोबस्त
महोत्सव के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने भी विशेष प्रबंध किए हैं। दौसा और करौली जिला पुलिस के 200 जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। कस्बे में चौपहिया वाहनों की नो एंट्री रहेगी। दर्शनार्थियों के वाहनों को बस स्टैण्ड और सरकारी पार्किंग में रोका जाएगा। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालु थ्री व्हीलर से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। थाना इंचार्ज गौरव प्रधान व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.