{"_id":"6a2a8c8ab1cd0e928d0a3891","slug":"on-rajesh-pilots-26th-death-anniversary-sachin-pilot-sends-a-message-of-affection-to-gehlot-he-loves-me-just-as-much-as-he-loves-vaibhav-dausa-news-c-1-1-noi1437-4382374-2026-06-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dausa News: सियासी तल्खियों के बीच सचिन का सॉफ्ट स्टैंड, गहलोत को लेकर कही बड़ी बात, भाजपा पर निशाना साधा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dausa News: सियासी तल्खियों के बीच सचिन का सॉफ्ट स्टैंड, गहलोत को लेकर कही बड़ी बात, भाजपा पर निशाना साधा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
Published by: दौसा ब्यूरो
Updated Thu, 11 Jun 2026 05:58 PM IST
विज्ञापन
सार
राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भावनाएं और राजनीति दोनों साथ नजर आईं। कार्यक्रम में सचिन पायलट ने गहलोत को लेकर पूछे गए सवाल पर सधा हुआ जवाब दिया और केंद्र व राज्य सरकार पर भी निशाना साधा।
गहलोत के बयान पर सचिन की मीठी प्रतिक्रिया
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को उनके पैतृक गांव भंडाना स्थित स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने राजेश पायलट को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई और दिवंगत नेता की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में उनकी पत्नी रमा पायलट, पुत्र एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट तथा उनके पुत्र आरान और विहान भी मौजूद रहे।
गहलोत के तीखे बयान पर पायलट की मीठी प्रतिक्रिया
श्रद्धांजलि सभा के बाद मीडिया से बातचीत में पायलट ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा हाल में उठाए गए मानेसर प्रकरण से जुड़े सवाल पर बेहद संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत का जैसा स्नेह अपने पुत्र वैभव गहलोत के प्रति है, वैसा ही स्नेह और आशीर्वाद उन्हें भी मिला है। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए मोहब्बत की दुकान के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Rajasthan: कब-कब आमने-सामने हुए गहलोत और पायलट, इन बिंदुओं में समझें तकरार की कहानी; कैसे डिप्टी CM से हटे थे?
केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना
सचिन पायलट ने प्रेस वार्ता में केंद्र और राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के सामने युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े हैं, लेकिन सरकार इन पर गंभीरता से काम करती नजर नहीं आ रही।
NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाया
पायलट ने NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों के बावजूद सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार को अपने 12 वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने राजस्थान की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। पायलट ने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलित उत्पीड़न, महिला अपराध और हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं, ग्रामीण विकास और किसानों से जुड़े मुद्दों की भी अनदेखी की जा रही है।
राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम को राजनीतिक हलकों में कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। सभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला, प्रताप सिंह खाचरियावास, जितेंद्र सिंह, ममता भूपेश, हेमाराम चौधरी, सांसद मुरारीलाल मीणा, भजनलाल जाटव, संजना जाटव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया।