जयपुर: आठवीं की छात्रा का तालकटोरा झील में मिला शव, परीक्षा में कम नंबर आने से परेशान होने की बात
जयपुर में आठवीं कक्षा की छात्रा का शव बुधवार सुबह तालकटोरा झील में मिला। परिजनों के अनुसार, वह परीक्षा में कम अंक आने से परेशान थी और मंगलवार रात के बाद से लापता थी। पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
विस्तार
जयपुर में आठवीं कक्षा की एक छात्रा का शव बुधवार सुबह तालकटोरा झील में मिला। वह मंगलवार रात घर में सोने के बाद बुधवार तड़के लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन सुबह करीब साढ़े सात बजे झील में शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा नाहरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से लापता हुई थी। परिजनों ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि वह परीक्षा में कम अंक आने से परेशान थी। मंगलवार रात उसने अपनी मां से बात की और फिर सोने चली गई। मां की सुबह करीब चार बजे नींद खुली तो वह कमरे में नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
सुबह झील में मिला शव, पास में मिली चप्पल और सामान
मानक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्थानीय लोगों ने तालकटोरा झील में शव देखा और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद मानक चौक थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मौके के पास छात्रा की चप्पल और अन्य सामान भी मिला। परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान की।
यह भी पढें- राजस्थान: धौलपुर में पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी, पांच नवंबर को पंच-सरपंच पदों के लिए होगा मतदान
पोस्टमार्टम नहीं कराया, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। थाना अधिकारी के अनुसार, शरीर पर बाहर से चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम के शव उन्हें सौंप दिया गया।
पुलिस छात्रा की मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में परीक्षा में कम अंक आने से परेशान होने की बात परिजनों ने बताई है, लेकिन मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।