जयपुर में रोड रेज; बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती ने मांगी माफी, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
जयपुर: जयपुर के सोडाला क्षेत्र में रोड रेज के वायरल मामले में युवती ने बाइक में तोड़फोड़ की घटना स्वीकार कर माफी मांगी, लेकिन शिकायत न होने के बावजूद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग की आशंका के चलते कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
राजधानी जयपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए रोड रेज के एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती की पहचान कर ली है। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवती ने पूछताछ के दौरान अपनी गलती स्वीकार कर ली और लिखित माफीनामा भी पेश किया है। इसके अलावा उसने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है।
बाइक को तोड़ती दिखी थी लड़की
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजर्षि राज के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में एक युवती सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पर पहले हेलमेट से और बाद में पत्थर से हमला कर उसे नुकसान पहुंचाती दिखाई दे रही थी। बाइक चालक द्वारा बार-बार रोकने के बावजूद युवती का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार तोड़फोड़ करती रही।
कब हुई थी घटना?
जांच में सामने आया कि यह घटना 23 मार्च की है और जयपुर के 22 गोदाम पुलिया, राम मंदिर के सामने, थाना सोडाला क्षेत्र में हुई थी। जानकारी के अनुसार, एक स्कूटी द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे चल रही बाइक उससे टकरा गई, जिससे आगे चल रही एक रैपिडो बाइक भी प्रभावित हुई। इस दौरान रैपिडो बाइक पर सवार युवती को हल्की चोट लगी और उसके कपड़े भी फट गए।घटना के बाद युवती ने मौके पर ही 1700 रुपये की मांग की। जब बात नहीं बनी तो वह उग्र हो गई और पहले हेलमेट से बाइक के साइड मिरर और इंडिकेटर तोड़े, फिर पत्थर उठाकर दोबारा नुकसान पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर की युवती की पहचान
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवती की पहचान कर उसे पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में उसने आवेश में आकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने लिखित माफीनामा दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित बाइक चालक ने भय के चलते कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए इस्तगासा तैयार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: अंतरजातीय शादी से नाराज थे काका, गुस्साए भतीजे ने गोली से उड़ाया
विधायक से भी उलझी थी युवती
घटना के दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा ने भी युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनसे भी बहस की। पुलिस का कहना है कि युवती का आचरण सार्वजनिक शांति के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए एहतियातन कानूनी कार्रवाई की जा रही है।