जयपुर: 40 विला-कॉटेज खरीदने के मामले में सरकार का एक्शन, एसीएस शिखर अग्रवाल एपीओ
राजस्थान सरकार ने एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदकर उन्हें उसी कंपनी को लीज पर देने के मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को एपीओ कर दिया है।
विस्तार
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को एक ही कंपनी से 40 विला-कॉटेज खरीदने और फिर उन्हें उसी कंपनी को लीज पर देने के मामले में राज्य सरकार ने एपीओ कर दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट में सामने आया था कि अग्रवाल के परिवार ने अलवर के अजबगढ़ और उदयपुर के बुझड़ा में 6 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां खरीदी थीं। इन संपत्तियों को लीज पर देने से हर साल 1.80 करोड़ रुपये की आय होने का उल्लेख किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, आईएएस-आईपीएस दंपती और उनके परिवार ने गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से अलवर के अजबगढ़ में 20 विला और उदयपुर के बुझड़ा में 20 कॉटेज खरीदे थे। इन संपत्तियों को खरीदने पर कुल 6 करोड़ 16.5 लाख रुपये खर्च किए गए।
यही नहीं इस मामले में अब नई जानकारी भी निकल कर सामने आ रही है कि
यह भी पढें- जयपुर: आर्म्स एक्ट के मामले में हेड कांस्टेबल समेत चार गिरफ्तार, हथियारों के अवैध लेनदेन में भूमिका संदिग्ध
खरीदने के बाद उसी कंपनी को लीज पर दी संपत्तियां
इस मामले में खास बात यह थी कि परिवार ने विला-कॉटेज खरीदने के बाद उन्हें उसी कंपनी को लीज पर दे दिया, जिससे ये संपत्तियां खरीदी गई थीं। रिपोर्ट के अनुसार, बुझड़ा के 20 कॉटेज चार लाख रुपये प्रति कॉटेज सालाना और अजबगढ़ के 20 विला पांच लाख रुपये प्रति विला सालाना की दर से लीज पर दिए गए। इस तरह लीज से हर साल कुल एक करोड़ 80 लाख रुपये की आय होने का उल्लेख किया गया था।
कई अहम पदों पर थे शिखर अग्रवाल
शिखर अग्रवाल राज्य सरकार में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं। वे उद्योग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। इसके अलावा वे दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास प्राधिकरण और रीको के अध्यक्ष थे। वे निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। इस मामले में सरकार की ओर से जारी आदेश के तहत उन्हें एपीओ कर दिया गया है।