Jhalawar: 90 साल की हलीमा के सिर से निकाला 6 किलो का ट्यूमर, 9 साल से कंधे पर उठाकर चलती थीं गांठ
झालावाड़ में डॉक्टरों ने 90 वर्षीय हलीमा बेगम के सिर से 6 किलो का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला। बचपन से मौजूद गांठ पिछले 9 वर्षों में इतनी बढ़ गई थी कि उन्हें कंधे पर रखकर चलना पड़ता था। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत में सुधार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झालावाड़ मेडिकल कॉलेज एवं एसआरजी अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने बेहद जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन कर 90 वर्षीय महिला के सिर से करीब 6 किलोग्राम वजनी विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। अकलेरा निवासी हलीमा बेगम के सिर में यह गांठ बचपन से थी, जो उम्र बढ़ने के साथ लगातार बड़ी होती गई।
न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. रामसेवक योगी ने बताया कि पिछले करीब 9 वर्षों से हलीमा बेगम को गांठ का वजन संभालने के लिए उसे कंधे पर रखकर चलना पड़ता था। पिछले एक महीने में ट्यूमर का आकार और वजन तेजी से बढ़ गया, जिससे उनका उठना-बैठना और रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो गया था।
अत्यधिक रक्तस्राव का था खतरा
90 वर्ष की उम्र और ट्यूमर के विशाल आकार के कारण ऑपरेशन काफी जोखिम भरा था। एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि सर्जरी के दौरान सबसे बड़ी चुनौती अत्यधिक रक्तस्राव को रोकना थी। गर्दन की बड़ी रक्त धमनियां ट्यूमर को रक्त की आपूर्ति कर रही थीं।
पढे़ं: सीजेपी के आशुतोष करेंगे स्कूलों का दौरा, शिक्षा मंत्री को दी चुनौती
ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने पहले ट्यूमर को रक्त की आपूर्ति करने वाली धमनी को सावधानीपूर्वक काटा। इसके बाद मरीज को तत्काल 2 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। इस दौरान सांस लेने में किसी तरह की परेशानी न हो और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहे, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
मेडिकल टीम ने मिलकर किया सफल ऑपरेशन
डॉ. रामसेवक योगी के मार्गदर्शन में न्यूरोसर्जरी टीम में डॉ. रामावतार मालव, डॉ. जुबैर आलम, डॉ. रामकिशन मालव, डॉ. अटल राज मेहता और डॉ. आलोक शामिल रहे। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. संजीव गुप्ता तथा नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ से कन्हैयालाल सुतार और रवि ने भी ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऑपरेशन के बाद हलीमा बेगम की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। सफल सर्जरी के बाद परिजनों ने मेडिकल टीम का आभार जताया है।