पति-पत्नी के झगड़े का दर्दनाक अंत, पत्नी की हत्या के बाद पति ने किया आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर
Rajasthan News: झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र के खारपा गांव में एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र के खारपा गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसमें एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पति ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
हत्या के बाद पति ने भी खाया जहर
अकलेरा डीवाईएसपी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस खारपा गांव स्थित महिला के ससुराल पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पत्नी बीनी बाई की हत्या के बाद पति छोटूलाल मीणा ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे पहले अकलेरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए झालावाड़ रेफर कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
आए दिन होता था विवाद और मारपीट
जानकारी के अनुसार छोटूलाल अपनी पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था। इसी कारण महिला लंबे समय से अपने पीहर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह करीब चार-पांच दिन पहले ही वापस ससुराल आई थी।
भाई ने तोड़ा ताला तो अंदर दिखा खौफनाक मंजर
परिजनों के अनुसार सुबह सूचना मिलने पर पता चला कि घर के कमरे पर ताला लगा हुआ था और छोटूलाल बाहर घूम रहा था। इस दौरान उसके भाई ने जब पूछा कि भाभी कहां हैं, तो कमरे पर ताला लगा मिला। संदेह होने पर ताला तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में बीनी बाई लहूलुहान अवस्था में पड़ी हुई थी। आरोप है कि पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: महेश जोशी केस में हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- जजों और पुलिस को ट्रेनिंग की जरूरत
दहेज हत्या के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र स्थित महिला के पीहर पक्ष को दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। महिला के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।