Jhalawar: काल बनी गई नींद की झपकी, धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पलटा, 2 महिलाओं समेत 3 की मौत
धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन के पलटने से झालावाड़ में बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल अस्पतालों में भर्ती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के घाटोली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी लोडिंग ऑटो (पिकअप) पलट गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 22 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अकलेरा अस्पताल पहुंचाया गया। सोमवार दोपहर तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1 बजे घाटोली थाना क्षेत्र के गुलखेड़ी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित पुलिया के निकट हुआ। भालता थाना क्षेत्र के देवरी मंदिर गांव के श्रद्धालु बूंदी जिले के प्रसिद्ध कमलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा और पलट गया।
हादसे में राधीबाई (60) पत्नी प्रताप तंवर निवासी गोडाखेड़ा, घीसीबाई (70) पत्नी मांगीलाल तंवर निवासी देवरी मंदिर तथा पाचूलाल (27) पुत्र प्यारा तंवर निवासी रामपुरिया, थाना भालता की मौके पर ही मौत हो गई। कामखेड़ा थाना पुलिस की गश्ती टीम ने हादसा देखकर तत्काल घाटोली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अकलेरा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को झालावाड़ और निजी अस्पतालों में रैफर किया गया। वर्तमान में छह घायल झालावाड़-झालरा पाटन मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें: Jodhpur: पति को चाय पिलाई और प्रेमी संग हुई फरार! शादी के चार महीने बाद गायब हुई पत्नी, CCTV ने खोला बड़ा राज
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु रविवार शाम करीब 4 बजे कमलेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे और देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गुलखेड़ी के पास यह हादसा हो गया। सभी मृतक भालता थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी थे, जो एक साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम जानने के लिए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सोमवार को झालावाड़ स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित एवं नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि घायलों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान उन्होंने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को घायलों की सतत निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।