Jhunjhunu: खालड़ा मंदिर में विदेशी टूरिस्ट संग युवक की हरकत कैमरे में कैद, वायरल हुई शर्मनाक रील
Jhunjhunu: हरियाणा के नारनौल में एक युवक द्वारा विदेशी युवती के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में युवक आपत्तिजनक टिप्पणी करता नजर आ रहा है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के नारनौल स्थित खालड़ा मंदिर परिसर में एक युवक द्वारा विदेशी टूरिस्टों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में युवक विदेशी युवती के पास जाकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लिया है।
विदेशी युवती पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
जानकारी के अनुसार, युवक ने खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताते हुए विदेशी युवती से बातचीत करने की कोशिश की। वीडियो में वह युवती को 'सो क्यूट' और 'आई लव यू' जैसे शब्द कहता सुनाई दे रहा है। इतना ही नहीं, कैमरे की ओर देखकर युवक ने यह भी कहा कि “यह रशियन है, पैसे लगाकर लाया हूं, ऐसे ही नहीं आई।” युवक की इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
खालड़ा मंदिर परिसर का बताया जा रहा वीडियो
वायरल वीडियो नारनौल के प्रसिद्ध खालड़ा मंदिर परिसर का बताया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने युवक के व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
झुंझुनू के सचिन के रूप में युवक की पहचान
मामले में युवक की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के बुहाना निवासी सचिन के रूप में हुई है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 3 हजार 861 फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार युवक ने यह वीडियो 7 मई को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।
विवाद बढ़ने पर वीडियो किया डिलीट
11 मई की दोपहर तक वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद था, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद युवक ने वीडियो डिलीट कर दिया। हालांकि तब तक वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो चुका था।
सोशल मीडिया पर मिली तीखी प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने हंसी वाले इमोजी पोस्ट किए, जबकि कई यूजर्स ने युवक के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'भाई, ये भी किसी की बेटी या बहन होगी, जिसका तू मोल लगा रहा है।'
ये भी पढ़ें: कोटा अस्पताल में प्रसूताओं की मौत से मचा हड़कंप! देर रात पहुंचीं हेल्थ सेक्रेटरी, दवाइयों पर लगी रोक
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
उधर, नारनौल पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की जा रही है और उससे संपर्क कर सख्त चेतावनी दी जाएगी। साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग विदेशी पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.