हिमाचल के गांवों से पलायन की तस्वीर: रोजगार-शिक्षा के लिए गांव छोड़ रहे हिमाचली, फिर भी जड़ों से जुड़ाव कायम
हिमाचल प्रदेश के नौ गांवों के 486 परिवारों पर किए गए अध्ययन में रोजगार और शिक्षा की कमी को पलायन के प्रमुख कारणों में शामिल पाया गया। अध्ययन में शामिल अधिकतर लोग नियमित रूप से गांव लौटते रहे। बाहर रहकर कमाई करने वाले कई लोगों ने परिवारों को पैसे भेजे, जिनका इस्तेमाल घरेलू खर्च, कृषि और शिक्षा पर हुआ।
विस्तार
बेहतर रोजगार और शिक्षा की तलाश में हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी गांवों से लोग बाहर जरूर जा रहे हैं, लेकिन अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव बरकरार है। राज्य के नौ जिलों के नौ गांवों में किए गए एक अध्ययन में सामने आया है कि सर्वेक्षण में शामिल लोगों का पलायन मुख्य रूप से अस्थायी प्रकृति का था। वे समय-समय पर अपने गांव लौटते रहे और परिवारों से जुड़े रहे। यह शोधपत्र हाल ही में फ्रंटियर्स इन ह्यूमन डायनेमिक्स शोध पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। अध्ययन मंडी जिले के धनरासी, चंबा के भरमाला, सिरमौर के बटोल, सोलन के कियारटू, कांगड़ा के राख, कुल्लू के मेहा, शिमला के फिरनू, किन्नौर के सार्यो और लाहौल-स्पीति के करदांग गांवों में किया गया।
अध्ययन में शामिल 440 लोगों में से 74.55 प्रतिशत हर तीन से छह महीने में अपने गांव लौटते थे, जबकि 95 प्रतिशत एक साल के भीतर गांव आए। सर्वेक्षण में शामिल नौ गांवों में स्थायी पलायन का मामला दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, यह निष्कर्ष अध्ययन में शामिल गांवों तक ही सीमित है और इसे पूरे हिमाचल प्रदेश की स्थिति का प्रतिनिधि नहीं माना जा सकता। अध्ययन के अनुसार, 68.42 प्रतिशत लोग हिमाचल प्रदेश के भीतर ही दूसरी जगहों पर गए, जबकि 26.81 प्रतिशत राज्य से बाहर और 4.77 प्रतिशत विदेश गए। इनमें से 69.30 प्रतिशत पर्वतीय क्षेत्रों और 30.70 प्रतिशत मैदानी या तराई क्षेत्रों की ओर गए।
पलायन के आर्थिक प्रभाव का आकलन करते हुए शोध में पाया गया कि 36.59 प्रतिशत लोग अपने परिवारों को पैसे भेजते थे। अध्ययन में एक गांव में औसतन हर महीने 1.41 लाख रुपये पहुंचने का अनुमान लगाया गया। बाहर रहने वाले लोगों की ओर से भेजी गई औसत राशि 7,880 रुपये प्रतिमाह दर्ज की गई।
समाजशास्त्री डॉ. मोहन झारटा के अनुसार, आम कहावत है कि पहाड़ की जवानी और पानी बाहर के लोगों के काम आते हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश की स्थिति उत्तराखंड से अलग है। उन्होंने कहा कि अध्ययन भी इसी ओर ध्यान खींचता है। उनके अनुसार, राज्य में स्वरोजगार के कई साधन उपलब्ध हैं। निचले क्षेत्रों में कृषि और ऊपरी इलाकों में बागवानी आजीविका के वैकल्पिक साधन हैं। इसलिए उनके विचार में हिमाचल में पलायन अस्थायी प्रकृति का है और लोग बाहर रहने के बावजूद अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं।