Himachal Weather Alert: हिमाचल में 28 जुलाई तक भारी बारिश का दौर, कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
आईएमडी शिमला ने 22 से 28 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला समेत कई जिलों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव का खतरा जताया गया है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने 22 से 28 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। इस दौरान शिमला, बिलासपुर, धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
- चंबा
- कांगड़ा
- मंडी
- कुल्लू
- शिमला
- सिरमौर
- ऊना
- बिलासपुर
- हमीरपुर
- सोलन
- नदी-नालों और खड्डों के पास न जाएं।
- भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा से बचें।
- मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें।
- प्रशासन की सलाह का पालन करें।
- जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें।
राजधानी शिमला में वीरवार सुबह से ही मौसम खराब है। झमाझम बारिश ने तापमान को ठंडा कर दिया है।
सोलन जिले में गुरुवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ी। बारिश के चलते कई स्कूली बच्चे छाते और रेनकोट के बावजूद भीगते हुए स्कूल पहुंचे। वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों को भी बारिश के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहन चालकों को भी सतर्क होकर सफर करना पड़ा।
बुधवार दोपहर को जिले में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन गुरुवार सुबह से बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोलन सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पाड़च्छू में पहाड़ी से गिरीं भारी चट्टानें, एक घंटे तक बंद रहा धर्मपुर-सरकाघाट एनएच
लगातार हो रही बारिश के बीच धर्मपुर-सरकाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर गुरुवार को पाड़च्छू के समीप अचानक पहाड़ी से चट्टानें और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के चलते पहाड़ी कमजोर हो गई थी। इसी दौरान अचानक बड़े-बड़े पत्थर और चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। देखते ही देखते सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और वाहनों की आवाजाही थम गई। मार्ग बंद होने से धर्मपुर, सरकाघाट और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मौके पर मौजूद राकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, ओम प्रकाश, विमला देवी और बबली देवी ने बताया कि भारी बारिश के बाद पहाड़ी से चट्टानें गिरने लगीं। कुछ ही देर में सड़क पर इतना मलबा जमा हो गया कि वाहनों का निकलना असंभव हो गया। उन्होंने बताया कि यदि उस समय सड़क पर अधिक यातायात होता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि जैसे ही सड़क बंद होने की सूचना प्राप्त हुई, तुरंत संबंधित कंपनी के अधिकारियों को निर्देश देकर जेसीबी मशीन मौके पर भेजी गई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते कम समय में मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं की संभावना बनी रहती है, इसलिए वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें।