Himachal Tourism: प्रदेश में वीकेंड टूरिज्म ने पकड़ी रफ्तार, पर्यटन स्थल सैलानियों से हुए गुलजार
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में वीकेंड टूरिज्म ने रफ्तार पकड़ ली है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। पिछले दो वीकेंड से शिमला और मनाली के होटलों में 50 फीसदी से अधिक, चायल व कसौली में 70 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी चल रही है। शिमला, कुफरी, मनाली, कसौली, चायल के लग्जरी होटलों में क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि क्रिसमस ईव और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए बंपर टूरिस्ट हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर पहुंचेंगे।
शिमला में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से आसपास के पर्यटन स्थल भी सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। वीकेंड पर कुफरी, मशोबरा, छराबड़ा, नालदेहरा और नारकंडा में सैलानियों की भीड़ जुट रही है। शनिवार के बार रविवार को भी शिमला के रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों का तांता लगा रहा। एक्सप्लोर एक्सपर्ट एडवेंचर कुफरी के संचालक काकू ठाकुर ने बताया कि वीकेंड पर पिछले दो हफ्तों से टूरिस्ट बढ़ना शुरू हो गए हैं। मनाली में भी पिछले दो हफ्तों से पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
वीकेंड पर 150 से अधिक वोल्वो बसें सैलानियों को लेकर मनाली पहुंच रही हैं। मनाली से सैलानी अटल टनल, रोहतांग, सिस्सू का रुख कर रहे हैं। तारागढ़ पैलेस मनाली के होटल कारोबारी सन्नी शर्मा का कहना है कि वीकेंड पर टूरिस्टों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए आकर्षक पैकेज तैयार किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक सैलानियों को आकर्षित किया जा सके।
शिमला और कसौली में वीकेंड पर पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है। उधर, धर्मशाला और मैक्लोडगंज के पर्यटन कारोबारी अभी भी खस्ताहाल सड़कों की स्थिति सुधरने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। धर्मशाला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा का कहना है कि सड़कों की स्थिति सुधरने पर सैलानियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
हिमाचल में वीकेंड टूरिज्म ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। दिसंबर में अच्छी बर्फबारी की उम्मीद है, क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए रिकाॅर्ड टूरिस्टों के हिमाचल पहुंचने की उम्मीद है।- गजेंद्र सिंह ठाकुर, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन