शिमला: अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक, चार सांस्कृतिक संध्याओं के साथ होंगे कई आकर्षण; जानें सबकुछ
रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन 11 से 14 नवंबर तक किया जाएगा। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार सांस्कृतिक संध्याओं सहित विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। मेले में लेजर शो, पारंपरिक स्वाद महोत्सव, मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता, चामुर्थी घोड़ों की प्रदर्शनी और विरासत से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख आकर्षण होंगी। सुरक्षा के लिए लगभग 300 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में रामपुर में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 इस वर्ष 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल, पारंपरिक बाजार, स्थानीय उत्पादों, पशुपालन और जन-जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी।
मेले में बुशहर रियासत के इतिहास और समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी। ऐतिहासिक एवं विरासत प्रदर्शनी के साथ पुराने छायाचित्रों और दस्तावेजों को प्रदर्शित किया जाएगा। पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पाद, आभूषण, स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पाद और पारंपरिक व्यंजन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग और सजावट की जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। मेले की स्मारिका के लिए स्कूली विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों से भी लेख आमंत्रित किए जाएंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 300 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी होंगे। यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जुआ जैसी अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
लवी मेला मैदान में विशेष अश्व प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध चामुर्थी नस्ल के घोड़े प्रमुख आकर्षण होंगे। ये घोड़े अपनी छोटी कद-काठी, सुडौल शरीर और कठिन पहाड़ी रास्तों तथा बर्फीले क्षेत्रों में चलने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं।
मेले के दौरान किसान गोष्ठी में पशुओं के स्वास्थ्य, देखरेख, खान-पान और बेहतर पशुपालन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। दूसरे राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। अश्व पालकों की समस्याओं पर भी चर्चा कर समाधान के सुझावों पर विचार किया जाएगा।
किन्नौरी मार्केट में एकरूपता बनाए रखने के लिए आयोजन समिति की ओर से एक ही शैली की कैनोपी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे बाजार को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी। यहां पारंपरिक सूखे मेवे, दालें, कपड़े और अन्य स्थानीय वस्तुओं का व्यापार होता है।
मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें पिछले तीन वर्षों के प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इस बार पिछले वर्ष प्रदर्शित उपलब्धियों को दोहराने के बजाय नई उपलब्धियों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
इस वर्ष रामपुर और आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पहली बार निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्कूल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अंतिम चरण के लिए चुना जाएगा। अंतिम प्रतियोगिता में भी स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। विद्यार्थियों को लवी मेले के इतिहास पर निबंध लिखना होगा। प्रतियोगिता के नियम और शर्तें जल्द जारी की जाएंगी।
मेले में नशामुक्त हिमाचल अभियान, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छ एवं हरित लवी अभियान, प्लास्टिक मुक्त मेला, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पौधरोपण पर भी ध्यान दिया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
बैठक में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक बलूनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.