Red Alert: हिमाचल में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, आज तीन जिलों में स्कूल हुए बंद; चंबा में फंसे 200 श्रद्धालु
चंबा जिला प्रशासन ने मणिमहेश जाने पर तत्काल प्रभाव से तीन दिन का प्रतिबंध लगा दिया है और हड़सर से आगे किसी भी श्रद्धालु को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा के लिए जगह-जगह बलों की तैनाती की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम के बिगड़े मिजाज और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सिरमौर, कांगड़ा और चंबा जिलों में सोमवार (20 जुलाई) को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तबाही चंबा जिले में देखने को मिली है, जहां उफनते नालों और लैंडस्लाइड के कारण मणिमहेश यात्रा पर अगले तीन दिनों के लिए रोक लगा दी गई है।
नदी-नालों के किनारे बने मकानों को खाली कराने के आदेश
भारी बारिश और बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नदी से 500 मीटर और खतरनाक नालों से 200 मीटर के दायरे में आने वाले संवेदनशील मकानों को तुरंत खाली कराया जाए।
राहत शिविरों की तैयारी: घर छोड़ने वाले प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ उनके लिए तिरपाल और अस्थाई राहत शिविरों की व्यवस्था की जा रही है, जहां भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
चंबा में मची तबाही, 200 श्रद्धालु 9 घंटे फंसे रहे
चंबा जिला प्रशासन ने मणिमहेश जाने पर तत्काल प्रभाव से तीन दिन का प्रतिबंध लगा दिया है और हड़सर से आगे किसी भी श्रद्धालु को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा के लिए जगह-जगह बलों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालु फंसे: हड़सर-कुगति मार्ग पर धनोल के पास हुए भारी भूस्खलन के कारण कार्तिक स्वामी मंदिर से लौट रहे करीब 200 श्रद्धालु नौ घंटे तक फंसे रहे। शाम को मार्ग बहाल होने के बाद ही उन्हें निकाला जा सका।
राजमार्ग रहा ठप: बत्ती दी हट्टी और दुर्गठी के पास मलबा आने से चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहा, जिससे दर्जनों वाहन फंसे रहे।
भारी आर्थिक नुकसान: चुराह में चांजू-3 जलविद्युत परियोजना की निर्माण सामग्री बह गई, जबकि वन निगम के करोड़ों रुपये के लकड़ी के स्लीपर भी पानी के तेज बहाव में बह गए। पांगी घाटी में किसानों की मटर की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है।
उड़ानें रद्द, पुल पानी में डूबा
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कुल्लू में एक और कांगड़ा में खराब दृश्यता व मौसम के कारण कुल सात उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। उधर, लाहौल घाटी में चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से जोबरंग पुल कई घंटों तक पानी में डूबा रहा, जिससे इस मार्ग पर भी आवाजाही पूरी तरह बाधित रही। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।