स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति योजना: दसवीं की मार्क्सशीट नहीं होने से आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थी
छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करते समय दसवीं कक्षा की मार्क्सशीट सहित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाना अनिवार्य है। शिक्षा बोर्ड की ओर से मूल मार्क्सशीट स्कूलों तक नहीं पहुंचने के कारण कई विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए।
विस्तार
दसवीं कक्षा की मूल मार्क्सशीट नहीं मिलने के कारण स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति योजना के कई पात्र अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित रह गए हैं। इनमें वे विद्यार्थी भी शामिल हैं, जो मेरिट सूची में संशोधन के बाद पात्र घोषित हुए थे, लेकिन मार्क्सशीट उपलब्ध नहीं होने के कारण आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई थी, जो अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में प्रभावित अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग से आवेदन के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग उठाई है।
छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करते समय दसवीं कक्षा की मार्क्सशीट सहित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाना अनिवार्य है। शिक्षा बोर्ड की ओर से मूल मार्क्सशीट स्कूलों तक नहीं पहुंचने के कारण कई विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए। अभ्यर्थियों स्वास्तिका शर्मा, शनाया, काव्यांश, शौय आदि ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि वे भी आवेदन कर सकें। डिप्टी डायरेक्टर हायर एजुकेशन कांगड़ा अजय सिंह संबयाल ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना की तिथि को बढ़ाने के लिए निदेशालय को पत्र लिखा है।
अब 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के रिकॉर्ड में किया जाएगा सुधार
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अपने पंजीकरण विवरण में त्रुटियों को सुधारने का एक और अवसर प्रदान किया है। अब नौवीं और दसवीं कक्षा के साथ-साथ 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के रिकॉर्ड में भी आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। इस संबंध में बोर्ड ने एक शुद्धिपत्र जारी किया है। संबंधित स्कूलों को 17 से 25 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर सुधार करने की सुविधा दी गई है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में सुधार के लिए 16 अक्तूबर 2026 को एक अधिसूचना जारी की गई थी। अब इस सुविधा का विस्तार करते हुए 11वीं और 12वीं कक्षा को भी इसमें शामिल किया गया है। संबंधित स्कूल विद्यार्थियों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, लिंग, जन्मतिथि, श्रेणी और विषयों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।