सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Asian Champions Trophy Hockey Three time winner India started with win beat China by 7-2 Pakistan got defeated

Asian Champions Trophy: तीन बार के विजेता भारत की जीत से शुरुआत, चीन को 7-2 से हराया; पाकिस्तान को मिली हार

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई Published by: रोहित राज Updated Thu, 03 Aug 2023 11:31 PM IST
विज्ञापन
सार

मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर गुरुवार को गत विजेता कोरिया ने पिछडऩे के बाद जापान को 2-1 से हराया। वहीं मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से परास्त किया।

Asian Champions Trophy Hockey Three time winner India started with win beat China by 7-2 Pakistan got defeated
गोल करने के बाद भारतीय खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार

विश्व नंबर चार और तीन बार के विजेता भारत ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में जीत से शुरुआत की है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और वरुण कुमार के दो-दो गोल की बदौलत भारतीय टीम ने चीन को 7-2 से पराजित कर दिया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 6-2 की बढ़त पर थी, लेकिन दूसरे हाफ में चीन की रक्षापंक्ति ने भारतीय हमलों को सफल नहीं होने दिया। भारत ने सात में से छह गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए। इससे पहले मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम पर गुरुवार को गत विजेता कोरिया ने पिछडऩे के बाद जापान को 2-1 से हराया। वहीं मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से परास्त किया।
Trending Videos


पहले दो गोल हरमनप्रीत ने किए
भारत को खेल के पांचवें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने आसानी से गोल में बदल दिया। तीन मिनट बाद दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत ने फिर गोल में बदल बढ़त 2-0 कर दी। पहला क्वार्टर समाप्त होने से कुछ सेकंड पहले सुखजीत सिंह ने रिबाउंड पर रिवर्स हिट के जरिए गोल किया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही आकाशदीप सिंह ने मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


चार गोल से पिछड़ने के बाद चीन ने किए दो गोल
चार गोल से पिछड़ने के बाद चीन की टीम हरकत में आई। 18वें मिनट में वरुण कुमार अपने हाफ में गेंद को सही से रोक नहीं पाए। वेनहुई ने इसे अपने कब्जे में लेते हुए गोल कर स्कोर 1-4 कर दिया। एक मिनट बाद ही भारत को छठा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने गोल में बदलकर भारत को 5-1 से आगे कर दिया। 25वें मिनट में चीन को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले। दूसरे पर जेईशेंग गाओ ने इसे गोल में बदल स्कोर 2-5 कर दिया। दूसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले भारत को सातवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वरुण कुमार ने एक बार फिर गोल में बदल बढ़त 6-2 कर दी।

मंदीप ने किया सातवां गोल
तीसरे क्वार्टर में भारत ने आठवें पेनाल्टी कॉर्नर को विविधता के जरिए गोल में बदला। हरमनप्रीत ने सीधे गोल पर निशाना साधने के बजाय मंदीप को तेज पास दिया। उन्होंने इस पर स्टिक लगाकर गोल में पहुंचा दिया। भारत की बढ़त 7-2 हो गई। इसके बाद भारत को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पूरे मैच में भारत को नौ और चीन को चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले। मनप्रीत सिंह को उनके शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाकिस्तान को मिली हार
इससे पहले दिन के दूसरे मैच में मलयेशिया ने तीन बार के विजेता पाकिस्तान को 3-1 से हराया। दूसरे क्वार्टर में मलयेशिया ने दो मिनट के अंदर 2-0 की बढ़त ली। पहला गोल फैजल सारी ने किया। प्लेयर ऑफ द मैच फिरहान अशरी ने दूसरा गोल किया। मध्यांतर पर मलयेशिया 2-0 की बढ़त पर था। तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह किसी को भी गोल में नहीं बदल सके। काउंटर अटैक पर मलयेशिया ने 3-0 की बढ़त ले ली। अब्दुल रहमान ने पाकिस्तान के लिए गोल कर स्कोर 1-3 किया। पाकिस्तान को पूरे मैच में सात पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन उसने एक भी गोल नहीं किया।

पिछड़ने के बाद जापान से जीता कोरिया
ढाका में 2021 में हुई एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाले कोरिया ने टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है। उसने जापान से एक गोल से पिछडऩे के बाद 2-1 से जीत हासिल की। चार बार एशियाई खेलों का खिताब जीतने वाले कोरिया पर जकार्ता एशियाई खेलों की विजेता जापान ने जमकर शुरुआती हमले बोले। छठे ही मिनट में रयोमा ओका ने रयोसी कातो के तेज पास पर गेंद को गोल की दिशा दिखाकर जापान को शुरुआती बढ़त दिलाई। कोरिया को बराबरी करने में सफलता मिल ही गई जब जांगह्यून जांग का सर्किल के बाहर से ली गई जोरदार हिट को चेओलियोन पार्क ने गोल की दिशा दिखा दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में कोरिया ने बढ़त बनाई। जंग हू किम ने दाएं छोर से मिले पास पर खूबसूरत गोल किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed