सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   FIFA World Cup 2026 Yesterday Match Highlights Result Football Schedule Today All Details and updates

फीफा में कल क्या हुआ और आज क्या?: जर्मनी-नीदरलैंड जीते, इक्वाडोर ने कुराकाओ से खेला ड्रॉ; जापान की एकतरफा जीत

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लॉस एंजिलिस Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 21 Jun 2026 11:29 AM IST
विज्ञापन
सार

फीफा विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। 10वें दिन जर्मनी और नीदरलैंड ने अपने-अपने मैच जीते, जबकि इक्वाडोर और कुराकाओ के बीच मैच ड्रा रहा है।जर्मनी ने इस जीत के साथ ही नॉकआउट में जगह पक्की कर ली है। वहीं, दिन के अंतिम मैच में जापान ने ट्यूनिशिया को एकतरफा अंदाज में हराया। 

FIFA World Cup 2026 Yesterday Match Highlights Result Football Schedule Today All Details and updates
फीफा विश्व कप - फोटो : FIFA.com
विज्ञापन

विस्तार

फीफा विश्व कप 2026 के 10वें दिन जर्मनी और नीदरलैंड ने अपने-अपने मुकाबलों में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। इससे नॉकआउट की तस्वीर और साफ हुई। ग्रुप ई में इक्वाडोर और कुराकाओ का मुकाबला ड्रा रहा है। वहीं, दिन के आखिरी मैच में जापान ने ग्रुप एफ के मुकाबले में ट्यूनिशिया को एकतरफा अंदाज में 4-0 से हराया। आइए जानते हैं 10वें दिन किस-किस ने अपने मैच जीते, जबकि 11वें दिन किस टीम के मुकाबले खेल जाने हैं...

 

नीदरलैंड ने स्वीडन को हराया
ग्रुप-एफ के मुकाबले में नीदरलैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वीडन को 5-1 से करारी शिकस्त दी। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 35वें मुकाबले में नीदरलैंड ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाई और स्वीडन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। ब्रायन ब्रॉबी और कॉडी गैक्पो ने दो-दो गोल दागे, जबकि क्राइसेंसियो समरविले ने एक गोल कर जीत को और शानदार बना दिया।

ग्रुप में मजबूत हुई नीदरलैंड की स्थिति
इस शानदार जीत के साथ नीदरलैंड ने ग्रुप-एफ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम ने आक्रमण और रक्षा दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं स्वीडन को टूर्नामेंट में आगे की राह आसान बनाने के लिए आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

आइवरी कोस्ट को हराकर नॉकआउट में पहुंचा जर्मनी
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-ई मुकाबले में जर्मनी ने शानदार वापसी करते हुए आइवरी कोस्ट को 2-1 से हरा दिया। टोरंटो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में एक समय जर्मन टीम पिछड़ रही थी, लेकिन डेनिज उन्दाव के दो गोलों की बदौलत उसने जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ जर्मनी ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह भी पक्की कर ली। ब्रेक के बाद जर्मनी ने खेल की रफ्तार बढ़ा दी और लगातार आइवरी कोस्ट के गोल पर दबाव बनाया। इसका फायदा 68वें मिनट में मिला, जब सब्स्टीट्यूट डेनिज उन्दाव ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी। इस गोल के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। दोनों टीमें जीत के लिए संघर्ष करती रहीं, लेकिन जर्मनी के हमले लगातार ज्यादा खतरनाक नजर आए।

आठ मिनट के इंजरी टाइम के बाद रेफरी ने अंतिम सीटी बजाई और जर्मनी ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। फ्रेंक कैसी के गोल से पिछड़ने के बावजूद जर्मन टीम ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। डेनिज उन्दाव के डबल की बदौलत जर्मनी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और छह अंकों के साथ ग्रुप-ई में शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉकआउट चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया। वहीं, आइवरी कोस्ट को टूर्नामेंट में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

FIFA World Cup 2026 Yesterday Match Highlights Result Football Schedule Today All Details and updates
फीफा विश्व कप - फोटो : FIFA.com
गोल रहित ड्रॉ रहा इक्वाडोर-कुराकाओ के बीच मैच
इक्वाडोर और कुराकाओ के बीच ग्रुप ई का मुकाबला खेला गया। ये दिन का तीसरा मैच था। पहले हाफ तक दोनों टीमों गोलरहित बराबरी पर थी। कुराकाओ की तुलना में पहले हाफ में इक्वाडोर ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। दोनों टीमों की नजरें दूसरे हाफ में बढ़त हासिल करने पर टिकी थीं। लेकिन दूसरा हाफ पूरा होने और इंजरी समय में भी गोल नहीं होने के कारण मुकाबला गोल रहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ।  

ग्रुप ई की अंक तालिका का हाल
इक्वाडोर और कुराकाओ के लिए नॉकआउट की राह कठिन हो गई है। जर्मनी और आइवरी कोस्ट क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर हैं। इक्वाडोर और कुराकाओ के दो मैचों में एक हार और एक ड्रॉ से एक-एक अंक हैं और दोनों क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। इस ग्रुप से जर्मनी नॉकआउट में पहुंच चुका है, जबकि इक्वाडोर-कुराकाओ के लिए आगे की राह लगभग समाप्त हो गई है।

FIFA World Cup 2026 Yesterday Match Highlights Result Football Schedule Today All Details and updates
जापान की टीम - फोटो : FIFA.com
जापान ने ट्यूनिशिया को किया बाहर
जापान के हाथों मिली करारी हार के साथ ही ट्यूनिशिया टीम का सफर फीफा विश्व कप में समाप्त हो गया है। जापान की टीम ग्रुप में नीदरलैंड के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। जापान ने ट्यूनिशिया के खिलाफ ग्रुप एफ के मुकाबले में शुरुआती मिनट में ही बढ़त बना ली। जापान के लिए डाएची कमाडा ने चौथे मिनट में गोल किया और जापान को 1-0 से आगे कर दिया। मैच के शुरुआती मिनट में ही केइतो नाकामुरा के पास पर कमाडा ने गोल करने का मौका नहीं छोड़ा। इसके बाद आयासे यूएडा ने 31वें मिनट में गोल कर पहले हाफ में बढ़त दोगुनी कर दी। जापान ने पहले हाफ तक इस बढ़त को बरकरार रखा और ट्यूनिशिया को बराबरी करने का मौका नहीं दिया। 

दूसरे हाफ में भी जापान का दबदबा जारी रहा। जापान के लिए जून्या ईटो ने 69वें मिनट में एक और गोल कर जापान को 3-0 की बढ़त दिला दी। ट्यूनिशिया की टीम संघर्ष करती नजर आई, जबकि जापान लगातार बढ़त बनाता रहा। जापान के गोल करने का सिलसिला यहां भी नहीं रुका और आयासे यूएडा ने अपना दूसरा गोल करते हुए 83वें मिनट में टीम की बढ़त 4-0 कर दी। ट्यूनिशिया की टीम अंतिम सीटी बजने तक एक भी गोल नहीं कर सकी, जबकि जापान ने नॉकआउट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

फीफा विश्व कप में आज का कार्यक्रम
विश्व कप 2026 के 11वें दिन भी फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। सबसे पहले स्पेन का सामना सऊदी अरब से होगा। ये मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे से अटलांटा में खेला जाएगा। इसके बाद बेल्जियम और ईरान की भिड़ंत लॉस एंजिलिस में रात 12:30 बजे से होगी। तीसरा मैच उरुग्वे और केप वर्डे के बीच मियामी में रात 3:30 बजे से खेला जाएगा। वहीं, दिन का आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड और मिस्र के बीच सुबह 6:30 बजे से वैंकूवर में खेला जाएगा।

फीफा विश्वकप 2026: 11वें दिन का शेड्यूल
ग्रुप मुकाबला समय (भारतीय समयानुसार)
ग्रुप H स्पेन बनाम सऊदी अरब रात 09:30 बजे, 21 जून
ग्रुप G बेल्जियम बनाम ईरान रात 12:30 बजे, 22 जून
ग्रुप H उरुग्वे बनाम केप वर्डे रात 3:30 बजे, 22 जून
ग्रुप G न्यूजीलैंड बनाम मिस्र सुबह 6:30 बजे, 22 जून
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed