फीफा विश्वकप: क्या फिर दिखेगा मेसी मैजिक? फुटबॉलर के निशाने पर दो-दो रोनाल्डो के रिकॉर्ड्स समेत 5 उपलब्धियां
FIFA World Cup 2026: मेसी के लिए सिर्फ खिताब बचाने का मंच नहीं होगा, बल्कि इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी अवसर होगा। मेसी छठा विश्व कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होंगे। इसके अलावा उनके पास विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने, सबसे अधिक विश्व कप टूर्नामेंट में गोल दागने, सर्वाधिक असिस्ट देने और दो बार कप्तान के रूप में विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड बनाने का मौका भी होगा। 39 साल की उम्र में भी मेस्सी फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर इतिहास लिखने की स्थिति में हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्वकप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना एक बार फिर अपने कप्तान लियोनल मेसी के नेतृत्व में खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगा।24 जून को 39 वर्ष के होने वाले मेसी के लिए यह विश्व कप बेहद खास हो सकता है। फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शामिल मेसी के पास इस टूर्नामेंट में कई ऐसे रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा, जो अब तक अछूते रहे हैं। आइए जानते हैं उन पांच बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में, जिन पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी...
1. छह फीफा विश्व कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनने का मौका
मेसी ने अपना पहला विश्व कप 2006 में खेला था। इसके बाद उन्होंने 2010, 2014, 2018 और 2022 संस्करणों में भी अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया। फीफा विश्वकप 2026 में उतरते ही वह अपने छठे विश्व कप का हिस्सा बन जाएंगे। हालांकि, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मैक्सिको के गोलकीपर गुइलेर्मो ओचोआ भी इस उपलब्धि के करीब हैं, लेकिन मेसी अर्जेंटीना के पहले और दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल होंगे जो छह विश्व कप टीमों का हिस्सा बनेंगे।
सर्वाधिक विश्व कप टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ी
| खिलाड़ी | देश | टूर्नामेंट
(स्क्वॉड का हिस्सा रहे) |
खेले टूर्नामेंट |
|---|---|---|---|
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल | 6* | 5 |
| लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 6* | 5 |
| गुइलेर्मो ओचोआ | मैक्सिको | 6* | 3 |
| एंटोनियो कार्वाजाल | मैक्सिको | 5 | 5 |
| आंद्रेस गार्डाडो | मैक्सिको | 5 | 5 |
| राफेल मार्केज | मैक्सिको | 5 | 5 |
| लोथार मैथाउस | जर्मनी | 5 | 5 |
मेसी अब तक विश्व कप में 26 मैच खेलकर 13 गोल कर चुके हैं। वह अर्जेंटीना के लिए विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़े के नाम है, जिन्होंने 24 मैचों में 16 गोल किए थे। यदि मेसी 2026 विश्व कप में चार या उससे अधिक गोल कर लेते हैं, तो वह क्लोज़े को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं। मेसी के अनुभव और अर्जेंटीना की मजबूत टीम को देखते हुए यह रिकॉर्ड उनकी पहुंच से बाहर नहीं माना जा रहा।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल
| खिलाड़ी | देश | मैच | गोल |
| मिरोस्लाव क्लोस | जर्मनी | 24 | 16 |
| रोनाल्डो नजारियो | ब्राजील | 19 | 15 |
| गर्ड मुलर | पश्चिम जर्मनी | 13 | 14 |
| जस्ट फॉन्टेन | फ्रांस | 6 | 13 |
| लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 26 | 13 |
| पेले | ब्राजील | 14 | 12 |
| किलियन एमबाप्पे | फ्रांस | 14 | 12 |
3. पांच अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनने का अवसर
मेसी ने 2006, 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में गोल किए हैं। यदि वह 2026 संस्करण में भी कम से कम एक गोल दाग देते हैं, तो वह पांच अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के केवल दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2006 से 2022 तक लगातार पांच विश्व कप में गोल किया है। यदि मेसी यह उपलब्धि हासिल करते हैं तो वह ऐसा करने वाले पहले दक्षिण अमेरिकी खिलाड़ी भी बनेंगे।
सबसे ज्यादा विश्व कप टूर्नामेंट में गोल करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी | देश | गोल वाले टूर्नामेंट | कुल गोल |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल | 5 | 8 |
| उवे सीलर | पश्चिम जर्मनी | 4 | 9 |
| पेले | ब्राजील | 4 | 12 |
| मिरोस्लाव क्लोज़े | जर्मनी | 4 | 16 |
| लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 4 | 13 |
4. विश्व कप में सबसे ज्यादा असिस्ट का रिकॉर्ड भी निशाने पर
मेसी सिर्फ गोल करने में ही नहीं, बल्कि गोल बनवाने में भी माहिर रहे हैं। उन्होंने विश्व कप में अब तक आठ असिस्ट दिए हैं। इस मामले में वह अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना की बराबरी पर हैं। यदि मेसी 2026 विश्व कप में एक और असिस्ट देते हैं, तो वह अर्जेंटीना के लिए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं, कुल रिकॉर्ड पश्चिम जर्मनी के फ्रिट्ज वाल्टर के नाम है, जिन्होंने नौ असिस्ट दिए थे। मेस्सी सिर्फ दो असिस्ट दूर हैं और यह रिकॉर्ड भी उनके निशाने पर है।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक असिस्ट
| खिलाड़ी | देश | असिस्ट |
| फ्रिट्ज वाल्टर | पश्चिम जर्मनी | 9 |
| डिएगो माराडोना | अर्जेंटीना | 8 |
| लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 8 |
| पियरे लिटबार्स्की | जर्मनी | 7 |
| ग्रेगोरज लाटो | पोलैंड | 7 |
मेसी ने 2022 विश्व कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाया था। यदि वह 2026 में भी अपनी टीम को खिताब दिला देते हैं, तो वह विश्व फुटबॉल इतिहास में दो बार कप्तान के रूप में विश्व कप जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। इतिहास में कई महान कप्तानों ने विश्व कप ट्रॉफी उठाई है, लेकिन कोई भी खिलाड़ी दो बार कप्तान के रूप में विश्व चैंपियन नहीं बन सका।
हाल के विश्व कप विजेता कप्तान
| साल | विजेता | कप्तान |
| 2010 | स्पेन | इकर कैसियास |
| 2014 | जर्मनी | फिलिप लाम |
| 2018 | फ्रांस | ह्यूगो लोरिस |
| 2022 | अर्जेंटीना | लियोनल मेसी |
मेसी के सामने सिर्फ यही पांच रिकॉर्ड नहीं हैं। उनकी कप्तानी में अर्जेंटीना 2014 और 2022 विश्व कप फाइनल खेल चुका है। यदि टीम 2026 में भी फाइनल में पहुंचती है, तो मेस्सी विश्व कप इतिहास में अपनी टीम को तीन फाइनल तक ले जाने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे। यह उपलब्धि भी उनके करियर को और अधिक महान बना सकती है।
फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर फिर मेसी का जादू?
विश्व कप 2022 में अपने अधूरे सपने को पूरा करने के बाद कई लोगों को लगा था कि मेसी का विश्व कप सफर समाप्त हो चुका है। लेकिन 2026 में वह एक बार फिर अर्जेंटीना की उम्मीदों का केंद्र होंगे। इस बार चुनौती सिर्फ ट्रॉफी जीतने की नहीं होगी, बल्कि उन रिकॉर्ड्स को अपने नाम करने की भी होगी जो दशकों से कायम हैं। अगर मेसी अपनी लय में रहे, तो फीफा विश्वकप 2026 फुटबॉल इतिहास में उनके नाम का एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ सकता है।