फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Hockey ›   India Vs Pakistan Asian Games Men's Hockey team Semi Final details head to head and timing preview

भारत-पाकिस्तान का सामना: एशियाड में पदक पक्का करने से एक कदम दूर, किसका पलड़ा भारी? मैच कितने बजे होगा शुरू

Thu, 01 Oct 2026 08:51 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, काकामिगाहारा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, काकामिगाहारा Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Thu, 01 Oct 2026 08:51 AM IST
विज्ञापन
सार
भारत और पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीमों के बीच गुरुवार को एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और उसे पाकिस्तान को हराने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
loader
India Vs Pakistan Asian Games Men's Hockey team Semi Final details head to head and timing preview
भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : Hockey India

विस्तार

गत चैंपियन भारत गुरुवार को एशियन गेम्स के पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ अंतरराष्ट्रीय हॉकी की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक को फिर जीवंत करेगा। इस दौरान टीम की नजरें 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करने पर भी टिकी होंगी। एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम सीधे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करेगी और भारत इस मौके को गंवाना नहीं चाहेगा।

ग्रुप चरण में कैसा रहा प्रदर्शन
इसी साल विश्व कप में निराशाजनक अभियान में सातवें स्थान पर रहने के बाद भारत ने एशियाई खेलों में अब तक अजेय प्रदर्शन किया है। टीम ने पूल ए में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 की जीत से की। इसके बाद श्रीलंका को 16-1 से हराया। भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 8-2 से जीत दर्ज की और फिर मेजबान जापान को 2-0 से हराया जो पूल चरण का उसका सबसे कड़ा मुकाबला रहा। भारत ने ग्रुप चरण का समापन बांग्लादेश पर 10-0 की शानदार जीत के साथ किया।

पूरे टूर्नामेंट में भारत ने प्रभावी प्रदर्शन किया है और उसकी आक्रमण पंक्ति भी सही समय पर लय में आ गई है। फॉरवर्ड दिलप्रीत सिंह नौ गोल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उनके साथी फॉरवर्ड अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम पर आठ-आठ गोल हैं। पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के ड्रैग फ्लिक भारत के लिए लगातार बड़ा हथियार रहे हैं। भारत को मिडफील्डर राज कुमार पाल की सेवाएं नहीं मिलेंगी। टीम के आखिरी पूल मुकाबले में बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर के बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। रिजर्व खिलाड़ी नीलकांत शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

पाकिस्तान का कैसा रहा है प्रदर्शन
दूसरी ओर पाकिस्तान पूल बी में शीर्ष पर रहने की राह पर था लेकिन मलयेशिया के खिलाफ 4-5 की करीबी हार ने उसे दूसरे स्थान पर धकेल दिया और गुरुवार के बहुप्रतीक्षित मुकाबले की पटकथा तैयार कर दी। पाकिस्तान ने अपने अन्य पूल मुकाबलों में थाईलैंड को 9-0, उज्बेकिस्तान को 5-1, चीन को 3-0 और ओमान को 7-2 से हराया।

पाकिस्तान की गोल करने की उम्मीदें ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ सुफियान खान पर होंगी जो शानदार फॉर्म में हैं और 11 गोल के साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। सुफियान और भारत के हरमनप्रीत के बीच मुकाबला इस मैच का अहम पहलू हो सकता है। दोनों टीम जानती हैं कि पेनल्टी कॉर्नर गंवाना महंगा साबित हो सकता है। काकामिगाहारा में गुरुवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है जबकि सप्ताह की शुरुआत में लगातार बारिश हुई थी।

2016 से नहीं हारा भारत
भारत 2016 दक्षिण एशियाई खेलों के फाइनल के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हारा है। दोनों टीम अब एशियाई खेलों के फाइनल से सिर्फ एक जीत दूर हैं और ऐसे में गलती की गुंजाइश बेहद कम होगी। भारत अपनी आक्रामक क्षमता के साथ रक्षात्मक अनुशासन का संतुलन बनाने की कोशिश करेगा जबकि पाकिस्तान की टीम पेनल्टी कॉर्नर से मिलने वाले मौकों को गोल में बदलने पर जोर देगी। दोनों टीमों के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed