फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Mens Hockey World Cup: India Eye Win Over England to Enter Second Round Unbeaten

चीन को रोका, अफ्रीकियों को रौंदा: इंग्लैंड से भारत की टक्कर, अपराजेय रहते हुए दूसरे दौर में पहुंचने का लक्ष्य

Wed, 19 Aug 2026 03:55 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्सटलवीन (नीदरलैंड)
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्सटलवीन (नीदरलैंड) Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 19 Aug 2026 03:55 PM IST
सार

भारत की महिला हॉकी टीम पूल डी के आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ जीत के साथ अपराजेय रहते हुए शीर्ष स्थान हासिल करना चाहेगी। भारत के चार अंक हैं और ड्रॉ भी उसे अगले दौर में पहुंचा देगा, जबकि इंग्लैंड को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

विज्ञापन
Mens Hockey World Cup: India Eye Win Over England to Enter Second Round Unbeaten
भारतीय महिला हॉकी टीम - फोटो : IANS

विस्तार

शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच विश्व कप के पहले दौर के आखिरी मुकाबले में गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी। भारतीय टीम की कोशिश इस मुकाबले में जीत दर्ज कर पूल डी में शीर्ष स्थान हासिल करने और अपराजेय रहते हुए अगले दौर में प्रवेश करने की होगी। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत ओलंपिक रजत पदक विजेता और दुनिया की चौथे नंबर की टीम चीन को 2-2 से ड्रॉ पर रोककर की थी। इसके बाद टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
विज्ञापन

गोल औसत के आधार पर भारत शीर्ष पर
  • भारत और चीन के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ चार-चार अंक हैं। हालांकि, बेहतर गोल औसत के कारण भारतीय टीम पूल डी में शीर्ष पर है। भारत ने अब तक आठ गोल किए हैं और तीन गोल गंवाए हैं, जबकि चीन ने छह गोल किए और चार गोल उसके खिलाफ हुए हैं।
  • इंग्लैंड के दो मैचों में तीन अंक हैं। उसे अगले दौर में पहुंचने के लिए भारत के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। वहीं, भारतीय टीम के लिए ड्रॉ भी पर्याप्त होगा। दक्षिण अफ्रीका अपने दोनों मुकाबले हारकर पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो चुका है और उसका आखिरी मैच चीन के खिलाफ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

भारतीय टीम का अब तक शानदार प्रदर्शन
  • मुख्य कोच शोर्ड मारिन की टीम ने टूर्नामेंट में अब तक प्रभावी प्रदर्शन किया है।
  • चीन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराया।
  • इस मुकाबले की खास बात यह रही कि भारत के छह गोल छह अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए।
  • भारतीय टीम की 11 खिलाड़ी पहली बार विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन उन्होंने अब तक बिना किसी दबाव के अपना स्वाभाविक खेल दिखाया है।
विज्ञापन

पेनल्टी कॉर्नर और फॉरवर्ड लाइन बनी ताकत
भारत के पेनल्टी कॉर्नर में भी सुधार देखने को मिला है। स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका के साथ शानदार फॉर्म में चल रही नवनीत कौर ने भी इस क्षेत्र में अहम योगदान दिया है। दीपिका और नवनीत दोनों अब तक दो-दो गोल कर चुकी हैं। गोल के सामने बिछू देवी और 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने भी प्रभावित किया है। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ भारत की परीक्षा आसान नहीं होगी। इसी साल हैदराबाद में खेले गए विश्व कप क्वालीफायर में इंग्लैंड ने भारत को 2-0 से हराया था।

डिफेंस की भी होगी कड़ी परीक्षा
सुशीला चानू की अगुवाई में भारतीय डिफेंस ने अब तक मजबूत प्रदर्शन किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने सिर्फ दो पेनल्टी कॉर्नर दिए थे। नवनीत कौर भी दोनों मुकाबलों में पूरे मैदान पर सक्रिय नजर आई हैं और उन्होंने भारत के लिए पेनल्टी कॉर्नर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने भी एक इकाई के रूप में अच्छा तालमेल दिखाया है। इंग्लैंड के खिलाफ एक बार फिर लालरेम्सियामी, सुनेलिटा टोप्पो, नवनीत कौर और दीपिका पर नजरें रहेंगी।

कोच मारिन ने किया सावधान
  • भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन का मानना है कि अब तक के प्रदर्शन के बाद संतुष्ट होकर बैठने की जरूरत नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड को मजबूत टीम बताते हुए खिलाड़ियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
  • मारिन ने कहा, 'हमें चीन को ड्रॉ पर रोकने और दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद आंखें बंद करके नहीं बैठना है। इंग्लैंड की टीम बहुत अच्छी है और उसने चीन को कड़ी चुनौती दी थी। वे रैंकिंग में हमसे ऊपर हैं और इस साल हमें हरा भी चुके हैं। इसलिए हमें संभलकर खेलना होगा। हमें अपनी पासिंग बेहतर करनी होगी, क्योंकि कई बार हम इसी में पिछड़ जाते हैं।'

इंग्लैंड के खिलाफ पलटवार से बचना होगा
इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 4-0 से हराया था, लेकिन उसे चीन के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने और तेजी से पलटवार करने की क्षमता रखने वाली इंग्लैंड की टीम भारतीय डिफेंस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास मजबूत है और टीम इस मुकाबले के जरिए खुद को एक बार फिर साबित करना चाहेगी।

सविता की नजरें पोडियम पर
  • अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने विश्व कप से पहले भारतीय टीम की महत्वाकांक्षा जाहिर करते हुए कहा था कि टीम को खुद से काफी उम्मीदें हैं।
  • उन्होंने कहा था, 'किसी को हमसे उम्मीद हो या नहीं, लेकिन हमें खुद से काफी उम्मीदें हैं। तोक्यो ओलंपिक 2020 से पहले भी किसी ने नहीं सोचा था कि हम चौथे स्थान पर रहेंगे। इस बार विश्व कप में हम एक कदम आगे निकलकर पोडियम पर रहना चाहते हैं, ताकि पुरुष हॉकी की तरह भारतीय महिला हॉकी की भी एक समृद्ध विरासत हो।'
  • अब इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला भारतीय टीम के लिए सिर्फ पूल डी में शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका नहीं है, बल्कि यह टूर्नामेंट में उसके बढ़ते आत्मविश्वास और पदक की दावेदारी को मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed