French Open: फोंसेका ने किया बड़ा उलटफेर, जोकोविच फ्रेंच ओपन से बाहर; टूर्नामेंट को मिलेगा नया चैंपियन
24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन 2026 के तीसरे दौर में ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका से हारकर बाहर हो गए। दो सेट की बढ़त गंवाने वाले जोकोविच ने टूर्नामेंट में वापसी को लेकर भी अनिश्चितता जताई। उनकी हार के साथ ही पेरिस में पहली बार कोई नया पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन बनेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Fonseca's way 💫🇧🇷#RolandGarros pic.twitter.com/GNAqB90ZYn
विज्ञापन— Roland-Garros (@rolandgarros) May 29, 2026विज्ञापन
इस साल जोकोविच के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर था। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे, जबकि गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज चोट के कारण भाग नहीं ले सके। ऐसे में माना जा रहा था कि जोकोविच रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत सकते हैं। लेकिन फोंसेका के हाथों मिली हार के साथ उनकी यह उम्मीद भी खत्म हो गई। जोकोविच की विदाई के साथ ही यह भी तय हो गया कि पेरिस में इस बार पुरुष एकल वर्ग को एक नया ग्रैंड स्लैम चैंपियन मिलेगा। ओपन एरा में यह पहला मौका होगा जब फ्रेंच ओपन के अंतिम-16 दौर में कोई पूर्व पुरुष ग्रैंड स्लैम विजेता मौजूद नहीं होगा।
हार के बाद सबसे बड़ा सवाल उनके भविष्य को लेकर उठा। 39 वर्षीय जोकोविच से पूछा गया कि क्या यह फ्रेंच ओपन में उनका आखिरी मैच था और क्या वे अगले साल वापसी करेंगे? इस पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। जोकोविच ने कहा, 'मुझे नहीं पता।' जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या वह फ्रेंच ओपन में अपने करियर का अंत करने के लिए तैयार हैं, तब भी उनका जवाब वही रहा। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता।' इसके बाद उन्होंने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, 'अभी इस बारे में सोचना काफी मुश्किल है, आप लोग मेरी स्थिति समझ सकते हैं।'
Interviewer: "Will we see you at Roland Garros next year?"
— Danny (@DjokovicFan_) May 29, 2026
Novak Djokovic: "I don't know." 💔 pic.twitter.com/CrjWlIQ90a
मैच के बाद जोकोविच ने रोलां गैरो के दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वीकार किया कि मुकाबले के अंतिम चरण में शारीरिक रूप से उन्हें काफी परेशानी हो रही थी। जोकोविच ने कहा, 'मैच के आखिर में कई बार मुझे लगा कि मैं मुश्किल से अपने पैरों पर खड़ा हूं। लेकिन जब मैंने दर्शकों की तरफ देखा और उनका समर्थन महसूस किया तो वह अनुभव सचमुच जादुई था।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर मैं हार की निराशा और नकारात्मक विचारों को अलग रख दूं तो मुझे अपने सफर और यहां मिले अनुभवों पर गर्व है। मैं इस तरह के अनुभव के लिए बहुत आभारी हूं।'
जोकोविच पहले संकेत दे चुके हैं कि वह 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक तक खेलना चाहते हैं। हालांकि बढ़ती उम्र के साथ फिटनेस अब उनके लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने आखिरी बार 2023 यूएस ओपन में ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके बाद वह कई बड़े टूर्नामेंटों में सेमीफाइनल और फाइनल तक पहुंचे, लेकिन पांच सेट के लंबे मुकाबलों में पहले जैसी निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं। फोंसेका के खिलाफ मैच में भी दो सेट की बढ़त के बावजूद शारीरिक थकान और लय में गिरावट साफ दिखाई दी।
GAME, SET AND MATCH: FONSECA 🇧🇷 #RolandGarros pic.twitter.com/FnHoYmPkNL
— Roland-Garros (@rolandgarros) May 29, 2026
जोकोविच की हार को कई विशेषज्ञ पुरुष टेनिस में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत मान रहे हैं। फोंसेका जैसे युवा खिलाड़ी अब बड़े मंच पर दिग्गजों को चुनौती ही नहीं दे रहे, बल्कि उन्हें हराकर आगे भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि जोकोविच अगला ग्रैंड स्लैम जीत पाएंगे या नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या टेनिस जगत रोलां गैरो में उनके आखिरी अध्याय का गवाह बन चुका है। फिलहाल इसका जवाब खुद जोकोविच के पास भी नहीं है।