एपल का नया दांव: कंपनी ला सकती है 'अल्ट्रा' कैटेगरी, फोल्डेबल आईफोन और टचस्क्रीन मैकबुक जल्द हो सकते हैं लॉन्च
Apple Ultra Lineup Rumors: एपल जल्द ही अपनी नई अल्ट्रा सीरीज ला सकता है। इसमें फोल्डेबल आईफोन, कैमरे वाले एयरपॉड्स और टचस्क्रीन मैकबुक जैसे आकर्षक और महंगे गैजेट्स देखने को मिल सकते हैं। जानिए एपल के इस नए सुपर-प्रीमियम प्लान की पूरी डिटेल।
विस्तार
एपल हमेशा से अपने महंगे और प्रीमियम प्रोडक्ट्स के लिए जाना जाता है। हाल ही में कंपनी ने अपनी आईफोन 17 सीरीज में 'आईफोन 17e' को पेश किया है। लेकिन अब खबर है कि एपल अपने मौजूदा टॉप मॉडल्स से भी एक कदम आगे जाने की तैयारी में है। कंपनी जल्द ही एक नई 'अल्ट्रा' कैटेगरी शुरू कर सकती है। इस सीरीज में वो डिवाइस शामिल होंगे जो तकनीक और फीचर्स के मामले में सबसे एडवांस होंगे। आइए जानते हैं कि एपल के इस नए अल्ट्रा प्लान में क्या-क्या खास होने वाला है।
क्या है एपल की नई 'अल्ट्रा' कैटेगरी?
ब्लूमबर्ग के मशहूर टेक रिपोर्टर मार्क गुरमन के मुताबिक, एपल इस साल तीन ऐसे नए डिवाइस ला सकता है जो अल्ट्रा बैज के साथ आएंगे। कंपनी ने इससे पहले एपल वॉच अल्ट्रा के साथ इस नाम का इस्तेमाल किया है। इस नई कैटेगरी का सीधा सा मतलब है- सबसे नई तकनीक, सबसे शानदार फीचर्स और सबसे ज्यादा कीमत। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीरीज में मुख्य रूप से 3 आकर्षक प्रोडक्ट्स आ सकते हैं:
1. फोल्डेबल आईफोन
वर्षों के लंबे इंतजार के बाद, आखिरकार एपल का पहला फोल्डेबल आईफोन इस नई अल्ट्रा सीरीज का हिस्सा बन सकता है। इस डिवाइस की सबसे बड़ी खूबी इसका डिस्प्ले होगा क्योंकि खुलने पर यह फोन एक छोटे टैबलेट जैसी बड़ी और शानदार स्क्रीन का अनुभव देगा। इसके अलावा कंपनी इसमें अंडर-डिस्प्ले सेंसर तकनीक दे सकती है। यानी इसका फ्रंट कैमरा स्क्रीन के नीचे ही छिपा होगा, जिससे यूजर्स को एकदम साफ और बिना किसी कटआउट वाली फुल-स्क्रीन मिलेगी। हालांकि इतनी शानदार तकनीक के साथ यह फोन काफी महंगा भी होने वाला है। अनुमान है कि इस फोल्डेबल आईफोन की कीमत करीब 1.6 से 1.7 लाख रुपये के आसपास हो सकती है।
2. कैमरे वाले एयरपॉड्स अल्ट्रा
एपल अपने मशहूर वायरलेस ईयरबड्स का एक बिल्कुल नया और हाई-टेक वर्जन भी लॉन्च कर सकता है। इसे एयरपॉड्स अल्ट्रा का नाम मिलने की उम्मीद है। इन नए स्मार्ट ईयरबड्स की सबसे बड़ी खासियत इनमें लगे एडवांस सेंसर और छोटे कंप्यूटर-विजन कैमरे होंगे। इन सेंसर्स और कैमरों की मदद से एपल का वॉइस असिस्टेंट सिरी और भी ज्यादा एडवांस हो जाएगा। ये सिर्फ आपकी आवाज ही नहीं सुनेगा बल्कि आपके आस-पास के माहौल को देखकर और समझकर उसी के हिसाब से आपको ज्यादा सटीक और स्मार्ट जवाब दे सकेगा।
3. टचस्क्रीन वाला मैकबुक: शानदार ओलेड डिस्प्ले के साथ
अब तक एपल ने अपने मैक लैपटॉप्स में टचस्क्रीन का इस्तेमाल नहीं किया है लेकिन कंपनी की ये नई अल्ट्रा कैटेगरी इस पुरानी परंपरा को बदल सकती है। उम्मीद है कि इस नई सीरीज के तहत आने वाले मैकबुक में शानदार ओलेड (OLED) डिस्प्ले के साथ पहली बार टचस्क्रीन का सपोर्ट देखने को मिलेगा। इस एडवांस डिस्प्ले तकनीक के कारण लैपटॉप की स्क्रीन पर कलर्स ज्यादा ब्राइट और जीवंत नजर आएंगे। इससे यूजर्स का ओवरऑल विजुअल एक्सपीरियंस एकदम नेक्स्ट-लेवल हो जाएगा।
क्या है कंपनी की मंशा?
कुल मिलाकर, एपल की नजर अब उस 'सुपर-प्रीमियम' मार्केट पर है जहां लोग एकदम नई और एक्सक्लूसिव टेक्नोलॉजी के लिए कितनी भी कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं। अगर ये रिपोर्ट्स सच साबित होती हैं तो आने वाले समय में एपल के गैजेट्स पहले से कहीं ज्यादा हाई-टेक और महंगे होने वाले हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadgets News apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X