भारत में खुलने जा रहा एपल का सातवां स्टोर: दक्षिण के इस मेट्रो शहर में होगा शुभारंभ, जानें ओपनिंग तारीख और समय
- हैदराबाद में खुलेगा एपल का नया स्टोर।
- भारत में कंपनी का सातवां स्टोर होगा।
- दस दिसंबर शाम पांच बजे होगा उद्घाटन।
- मोतियों से प्रेरित होगा स्टोर का डिजाइन।
विस्तार
एपल भारत में अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। कंपनी ने हैदराबाद में नया रिटेल स्टोर खोलने का एलान किया है। एपल कुकटपल्ली नाम से खुलने वाला यह भारत में कंपनी का सातवां स्टोर होगा। इसकी खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि हैदराबाद को एपल का नया स्टोर मिलने जा रहा है, बल्कि इसका डिजाइन भी शहर की पहचान यानी मोतियों से प्रेरित है। यह स्टोर दस दिसंबर को शाम पांच बजे ग्राहकों के लिए खुलेगा।
कहां खुलेगा एपल का नया स्टोर?
- 'एपल कुकटपल्ली' हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में स्थित लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में खुलेगा। इसके साथ ही, हैदराबाद क्यूपर्टिनो (कैलिफोर्निया) स्थित इस दिग्गज कंपनी का स्टोर पाने वाला भारत का छठा शहर बन जाएगा।
- कंपनी ने स्टोर खुलने से पहले ही इसके बाहर लगाए गए बैरिकेड का डिजाइन पेश कर दिया है। इससे नए स्टोर की थीम और शहर से उसके जुड़ाव की झलक मिलती है।
कैसा होगा डिजाइन?
- एपल कुकटपल्ली के बैरिकेड पर मोतियों से प्रेरित कंपनी का लोगो बनाया गया है। यह लोगो कई रंगों की चमक यानी इरिडेसेंट टोन में दिखाई देता है। एपल के अनुसार, इस डिजाइन के पीछे हैदराबाद की 'मोतियों के शहर' के रूप में पहचान है। शहर में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाए गए मोतियों को तराशने और साफ करने की सदियों पुरानी परंपरा रही है।
- फिलहाल एपल ने स्टोर के इंटीरियर की तस्वीरों या डिजाइन का साझा नहीं किया है। हालांकि उम्मीद है कि इसका इंटीरियर बेंगलुरु के एपल हेब्बल जैसे कंपनी के दूसरे स्टोर्स की तर्ज पर हो सकता है।
खास वॉलपेपर, स्टिकर और म्यूजिक प्लेलिस्ट भी
- नए स्टोर की शुरुआत को खास बनाने के लिए एपल ने ग्राहकों के लिए कुछ खास डिजिटल चीजें भी तैयार कर रही है। इनमें एपल कुकटपल्ली वॉलपेपर और स्टिकल जैसी चीजें शामिल हैं, जिन्हें ग्राहक डाउनलोड कर सकेंगे।
- इसके अलावा, कंपनी ने एपल म्यूजिक पर एक खास प्लेलिस्ट भी बनाई है। जो खास हैदराबाद की आवाजों और ध्वनियों से प्रेरित है।
कौन से प्रोडक्ट्स होंगे उपलब्ध?
- नए स्टोर में ग्राहकों को एपल के सभी प्रोडक्ट्स देखने और इस्तेमाल करके आजमाने का मौका मिलेगा। इनमें आईफोन 18 प्रो सीरीज, आईफोन डुओ, मैकबुक प्रो, होमव्यू और कंपनी के दूसरे डिवाइस शामिल हैं।
- ग्राहकों को यहां प्रोडक्ट्स चुनने के लिए एक्सपर्ट सलाह भी मिल सकेगी। इसके अलावा, एपल स्टोर में फोटोग्राफी, वीडियो और ड्राइंग से जुड़ी वर्कशॉप भी आयोजित करेगा। इससे ग्राहक सिर्फ प्रोडक्ट खरीदने ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी नई चीजें सीखने के लिए भी स्टोर आ सकेंगे।
- साथ ही एपल ने जानकारी देते हुए कहा कि हैदराबाद में कंपनी की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और रिटेल कस्टमर केयर टीमें भी मौजूद हैं। ऐसे में नया स्टोर शहर में कंपनी की मौजूदगी को और मजबूत करेगा।
भारत में कैसे बढ़ा एपल का स्टोर नेटवर्क?
भारत में एपल ने साल 2023 में अपने पहले दो स्टोर खोले थे। इनमें मुंबई का 'एपल बीकेसी' और दिल्ली का 'एपल साकेत' शामिल हैं। इसके बाद कंपनी ने देश में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार जारी रखा। पिछले साल सितंबर के बाद से चार नए स्टोर खोले गए हैं। इनमें मुंबई का 'एपल बोरीवली', दिल्ली-एनसीआर का 'एपल नोएडा', बेंगलुरु का 'एपल हेब्बल' और पुणे का 'एपल कोरेगांव पार्क' शामिल हैं। अब हैदराबाद में 'एपल कुकटपल्ली' के खुलने के साथ भारत में कंपनी के स्टोर्स की संख्या सात हो जाएगी।
