Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   Microsoft global outage second day outlook teams copilot services down cyber attack claims denied

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: 24 घंटे बाद भी नहीं मिली राहत, दूसरे दिन भी सेवाएं ठप, साइबर हमले पर क्या बोली कंपनी?

Fri, 13 Nov 2026 01:59 PM IST
नीतीश कुमार टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नीतीश कुमार Updated Fri, 13 Nov 2026 01:59 PM IST
सार

  • माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई वैश्विक रुकावट दूसरे दिन भी जारी रही।
  • भारत समेत कई देशों में यूजर्स आउटलुक, टीम्स और कोपायलट इस्तेमाल करने में परेशानी झेल रहे हैं।
  • लगभग 24 घंटे बाद भी कंपनी इस समस्या को ठीक नहीं कर पाई है। कंपनी ने फिलहाल साइबर हमले की आशंका से इनकार किया है।

विज्ञापन
Microsoft global outage second day outlook teams copilot services down cyber attack claims denied
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में दिक्कतें 24 घंटे बाद भी जारी। - फोटो : Adobe Stock

विस्तार

माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड और वर्कप्लेस सेवाओं में आई ग्लोबल आउटेज दूसरे दिन भी जारी है। इस समस्या को शुरू हुए 24 घंटे से भी ज्यादा हो गए हैं, लेकिन कंपनी इसे अब तक नहीं सुलझा पाई है। शुक्रवार को भारत समेत कई देशों के यूजर्स को आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाओं के इस्तेमाल में परेशानी का सामना कर रहे हैं। इस बीच कंपनी ने साफ किया है कि फिलहाल उसे इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले या दूसरी संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। कंपनी अब भी इस गड़बड़ी की असली वजह पता लगाने और अपनी सेवाएं सामान्य करने में जुटी है।
विज्ञापन


माइक्रोसॉफ्ट के सर्विस हेल्थ पेज के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11:16 बजे तक माइक्रोसॉफ्ट 365 के बिजनेस और एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ इसके सामान्य यूजर्स को भी सेवाओं में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। कंपनी ने इसे सर्विस डिग्रेडेशन यानी सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में गिरावट बताया।
विज्ञापन


माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से 45 करोड़ लोग प्रभावित
आज के समय में दुनिया भर की कंपनियां अपनी कई अहम सेवाओं के लिए पूरी तरह से माइक्रोसॉफ्ट पर ही निर्भर हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने जनवरी 2026 में रिपोर्ट दी थी कि पेड कमर्शियल Microsoft 365 इस्तेमाल करने वालों की संख्या अब 45 करोड़ के पार जा चुकी है। वहीं, साल 2023 के आंकड़ों के मुताबिक, वर्कप्लेस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म माइक्रोसॉफ्ट टीम्स (Microsoft Teams) के 32 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स थे। हालांकि इसके बाद कंपनी ने नए आंकड़े जारी नहीं किए हैं। ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि कॉरपोरेट जगत के लिए माइक्रोसॉफ्ट कितना अहम है और इस आउटेज ने कंपनियों को कितनी बुरी तरह प्रभावित किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


साइबर हमले की आशंका पर कंपनी ने क्या कहा?
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि वह इस परेशानी की जड़ तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है। कंपनी का ध्यान अचानक पैदा हुई तकनीकी समस्या और अपने बैकएंड सर्वर को दोबारा सामान्य करने पर है।



कंपनी ने कहा, "फिलहाल हमें ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं है, जिसकी वजह से यह घटना हुई हो।" माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी कहा कि समस्या पूरी तरह ठीक होने के बाद पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसमें गड़बड़ी की असली वजह और उससे जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।

सर्वर के ऑफलाइन होने से शुरू हुई परेशानी
शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने सिस्टम पर बढ़ते ट्रैफिक को समस्या की वजह माना था, लेकिन बाद में कंपनी ने अपनी बात स्पष्ट की। एक्स पर साझा जानकारी में कंपनी ने कहा कि परेशानी ट्रैफिक में बढ़ोतरी के कारण नहीं, बल्कि कई सर्वरों के अचानक उपलब्ध नहीं रहने से पैदा हुई। यही वजह है कि कंपनी अब सर्वर की उपलब्धता और सिस्टम के कामकाज को सामान्य करने पर ध्यान दे रही है।



आउटलुक, कोपायलट और टीम्स की सेवाएं ठप
इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर उन सेवाओं पर पड़ा है, जो एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल सिस्टम से जुड़ी हैं। यूजर्स को आउटलुक के वेब और डेस्कटॉप वर्जन पर अपना मेलबॉक्स खोलने में परेशानी हो रही है। कई यूजर्स ईमेल नहीं भेज पा रहे हैं या उन्हें पाने में देरी हो रही है।

कोपायलट चैट के वेब और डेस्कटॉप वर्जन पर भी असर पड़ा है। कई यूजर्स का चैट लोड नहीं हो रहा है या जवाब पाने में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा कोपायलट ईमेल, कैलेंडर और फाइल जैसे वर्क डेटा तक पहुंचने में भी लाखों यूजर्स को परेशानी हो रही है।

टीम्स की ज्यादातर जरूरी सुविधाएं, जैसे कॉल, मीटिंग, ग्रुप चैट और चैनल मैसेज काम कर रहे हैं। हालांकि, मीटिंग शेड्यूल करने और कैलेंडर देखने जैसे काम नहीं ठप पड़े हैं।

भारत में इंडिगो की ईमेल सपोर्ट सेवा भी प्रभावित
भारत में इस तकनीकी गड़बड़ी का असर एयरलाइन इंडिगो पर भी पड़ा है। कंपनी ने शुक्रवार को एक्स पर बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाओं में रुकावट के कारण उसकी ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है। ऐसे में वह ग्राहकों के ईमेल प्राप्त नहीं कर पा रही है।

इंडिगो ने कहा कि उसके बाकी सभी सपोर्ट चैनल काम कर रहे हैं। जिन यात्रियों को तुरंत मदद की जरूरत है, वे एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल एप के जरिए 6E Skai से संपर्क कर सकते हैं।


रात 11 बजे से आने लगी थीं शिकायतें
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, भारत में गुरुवार रात करीब 11 बजे से यूजर्स ने माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में परेशानी की शिकायतें दर्ज करनी शुरू कर दी थीं। शुक्रवार तड़के शिकायतों की संख्या कुछ कम हुई, लेकिन सुबह 6 बजे के बाद इसमें फिर तेजी देखने को मिली।

फिलहाल कंपनी की जांच जारी है। ऐसे में यूजर्स को सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed