पहाड़ी किसानों को तोहफा: प्याज की उन्नत किस्म वीएल प्याज-3 तैयार, कड़ाके की ठंड में भी देगी बेहतर पैदावार
अल्मोड़ा स्थित विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) के वैज्ञानिकों ने प्याज की उन्नत किस्म वीएल प्याज-3 विकसित की है। यह किस्म पहाड़ों की कड़ाके की ठंड और तापमान के उतार-चढ़ाव को सहन करने में सक्षम है।
विस्तार
अल्मोड़ा विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) के वैज्ञानिकों ने प्याज की उन्नत किस्म वीएल प्याज-3 विकसित की है। यह पहाड़ों की कड़ाके की ठंड और तापमान का उतार-चढ़ाव सहन करने में सक्षम है। इसमें समय से पहले डंठल निकलने (बोल्टिंग) की समस्या भी नहीं होती।
पर्वतीय क्षेत्रों में प्याज की खेती के दौरान किसानों को अक्सर बोल्टिंग की समस्या से जूझना पड़ता है। फरवरी और मार्च में तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण प्याज के पौधों के बीच से डंठल निकलने लगता है। इससे कंद का आकार छोटा रह जाता है और वह अंदर से सख्त हो जाता है। इससे प्याज की गुणवत्ता और बाजार मूल्य प्रभावित होते हैं। वैज्ञानिकों ने इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए वीएल प्याज-3 किस्म विकसित की है। यह बोल्टिंग के प्रति प्रतिरोधी है जिससे बेहतर गुणवत्ता वाले कंद तैयार हो सकते हैं।
संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. निर्मल कुमार हेड़ाऊ ने बताया कि संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के निर्देशन में विकसित इस किस्म को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति उप-योजनाओं के तहत किसानों को इसके बीज मुफ्त वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें उन्नत खेती की तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
ऐसे हुई तैयार...संस्थान के वैज्ञानिकों के अनुसार वीएल प्याज-3 को विदेशी लाइन बीवाईजी 2207 ए और भारत की स्थानीय उन्नत किस्म के संकरण से तैयार किया गया है। इसके पौधों की सामान्य ऊंचाई 50 से 60 सेंटीमीटर तक होती है। इसके कंदों का वजन लगभग 80 से 120 ग्राम रहता है जो बाजार की मांग के लिहाज से उपयुक्त है।
बैंगनी धब्बा रोग के प्रति भी प्रतिरोधी
इस किस्म की एक अन्य प्रमुख विशेषता इसकी बेहतर भंडारण क्षमता है। इसे सामान्य तापमान पर भी छह माह तक सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में कोल्ड स्टोरेज की कमी के कारण फसल खराब होने की समस्या से किसानों को राहत मिल सकती है। इसके अलावा यह प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले फफूंदजनित बैंगनी धब्बा रोग (पर्पल ब्लॉच) के प्रति भी प्रतिरोधी है। इससे फसल में रोग का प्रकोप कम होने और दवाइयों पर होने वाले खर्च में बचत की संभावना है।
वीएल प्याज-3 हमारे वैज्ञानिकों के वर्षों के शोध का परिणाम है। यह पहाड़ों में बोल्टिंग और फफूंदजनित रोगों की समस्या का समाधान करने में सक्षम है। इसकी बेहतर भंडारण क्षमता से किसानों को फसल लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। एससी-एसटी उप-योजना के तहत इस किस्म के बीज सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे काश्तकारों तक पहुंचाए जा रहे हैं ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। -डॉ. लक्ष्मी कांत, निदेशक, वीपीकेएएस अल्मोड़ा
