Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Arnav missing for 14 days, remains untraceable in nainital

14 दिन से लापता अर्णव के पिता का छलका दर्द: बोले- बेटे को आसमान निगल गया या जमीन खा गई, पढ़ें पूरी खबर

Fri, 20 Nov 2026 12:45 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल Published by: Heera Updated Fri, 20 Nov 2026 12:45 PM IST
सार

चीना पीक ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्णव के पिता पंकज बिहार से नैनीताल पहुंचे हैं और 14 दिन बाद भी बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से मायूस हैं। 

विज्ञापन
Arnav missing for 14 days, remains untraceable in nainital
सांकेतिक तस्वीर।

विस्तार

दो हफ्ते हो गए, आखिर मेरा बेटा आसमान में उड़ गया या उसे जमीन खा गई। वह कहां चला गया, उसका कुछ तो पता चले... चीना पीक की ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्णव सिंह के पिता पंकज कुमार की यह बेबसी उन सवालों को बयां कर रही है, जिनका जवाब 14 दिन बाद भी पुलिस और प्रशासन के पास नहीं है।

विज्ञापन

बेटे की तलाश में बिहार से नैनीताल पहुंचे पिता की आंखें अब इंतजार करते-करते पथरा गई हैं। हर सुबह इस उम्मीद में कोतवाली पहुंचते हैं कि शायद आज बेटे की कोई खबर मिल जाए, लेकिन शाम होते-होते फिर वही मायूसी और खाली हाथ होटल लौटना पड़ता है।

विज्ञापन

लापता अर्णव के पिता पंकज कुमार ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले को एक चुनौती के रूप में लेना चाहिए था, लेकिन अब तक की कार्रवाई उन्हें महज खानापूर्ति नजर आ रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

उनका आरोप है कि यदि पहले ही दिन स्वान दल और ड्रोन की मदद से खोजबीन शुरू की जाती तो शायद अर्णव के बारे में कोई सुराग मिल सकता था। पर्यटन नगरी में एक पर्यटक छात्र का इस तरह लापता हो जाना बेहद गंभीर मामला है, लेकिन प्रशासन इसे उतनी गंभीरता से नहीं ले रहा है, जितनी जरूरत है।

उन्होंने बताया कि यहां दो हजार रुपये का होटल में कमरा ले रखा है। खर्चा भी हो रहा है। घर से पत्नी का जब-जब फोन आता है कि बेटा मिला? लेकिन मेरे पास कोई जवाब नहीं होता। इतनी लापरवाही से तलाश होगी, तो कहां से बेटा मिलेगा। यहां मैं और घर पर पत्नी और छोटा बेटा सब परेशान हैं। अर्णव पढ़ने में अच्छा था इसलिए उसका एडमिशन उसके कहे अनुसार करवा दिया। हमें क्या पता था ऐसा भी हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि एसएसपी से मुलाकात कर मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की थी। इसके बावजूद कोतवाली पुलिस की ओर से उन्हें बताया जा रहा है कि विशेष टीम गठित करने के संबंध में अभी आदेश नहीं पहुंचे हैं। पिता का कहना है कि जब एक परिवार का बेटा 14 दिन से लापता है तो जांच में तेजी लाने के लिए आदेशों का इंतजार क्यों किया जा रहा है।

दोस्तों से सख्ती से हो पूछताछ
पंकज कुमार ने अर्णव के साथ गए दोस्तों से पूछताछ के तरीके पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि दोस्तों से सख्ती से पूछताछ करने के बजाय उनका मेहमानों की तरह ख्याल रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार अपने बेटे को खोजने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

14 दिन की तलाश, फिर भी अंधेरे में जांच
बीते छह नवंबर को भीमताल के एक यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र अर्णव अपने तीन दोस्तों के साथ चीना पीक की ट्रेकिंग पर गया था। वापसी के दौरान वह अचानक लापता हो गया। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने जंगलों में सर्च अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, ड्रोन और स्वान दल की मदद ली गई। दोस्तों, परिजनों, कॉलेज के साथियों और सोशल मीडिया संपर्कों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। 14 दिन बाद भी अर्णव का पता नहीं चलना न सिर्फ उसके परिवार की पीड़ा बढ़ा रहा है, बल्कि पुलिस की जांच और पर्यटन नगरी में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

पहले भी हो चुके हैं चीना पीक में हादसे
चीना पीक क्षेत्र में इससे पहले भी पर्यटकों के लापता होने और घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 19 नवंबर 2025 को रुद्रपुर निवासी जयश कार्की अपने पांच दोस्तों के साथ चीना पीक घूमने गया था। वह अचानक लापता हो गया था। रातभर पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद अगले दिन वह घायल अवस्था में मिला। वहीं, दो जुलाई 2026 को राजस्थान के नागौर निवासी प्रदीप दोस्तों के साथ घूमने आया था। रास्ते में गिरकर घायल होने के बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित लेकर आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच अर्णव के 14 दिन से लापता रहने ने चीना पीक के दुर्गम रास्तों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, युवक के दोस्तों से सख्ती से पूछताछ कर ली गई है। चीना पीक क्षेत्र के चप्पे-चप्पे को छान लिया गया है। हर एंगल से जांच करने के साथ, सीसीटीवी फुटेज की नैनीताल से हल्द्वानी तक जांच की जा रही है। - डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी, नैनीताल

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed