Uk: भुजियाघाट में मिला पोस्टमैन का शव, सवालों में घिरी मौत- हत्या या आत्महत्या?
भुजियाघाट के गधेरे में मिले नवीन चंद्र के शव के बाद मामला हत्या या आत्महत्या के बीच उलझ गया है पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
भुजियाघाट के गधेरे में शनिवार की शाम मिले बैलपोखरा के बंदरजूड़ा निवासी नवीन चंद्र (52 वर्ष) की मौत की कहानी हत्या या आत्महत्या में उलझी है। 21 अप्रैल को उनकी बड़ी बेटी भावना की शादी है। विवाह के कार्ड बांटने के लिए वह पैतृक गांव सुयालबाड़ी (अल्मोड़ा) जाने के लिए वह घर से निकले।
शुक्रवार रात परिवार वालों से बात भी की। भवाली में रात बिताने व शनिवार की सुबह जाने बात कही। बात होने के बाद मोबाइल बंद हो गया। बाद में भुजियाघाट में उनका शव मिला। शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि कुछ हिस्सों पर रपटने के निशान है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि नवीन कैसे रपटे। उससे भी बड़ा प्रश्न ये खड़ा हो रहा है कि जब उन्हें सुयालबाड़ी जाना था तो वह भुजियाघाट कैसे पहुंचे। उनका फोन भी बरामद नहीं हुआ।
आधार कार्ड से हुई थी पहचान
जल पुलिसकर्मी प्रताप जब टीम के साथ गधेरे में पहुंचे तो नवीन का शरीर पानी में था। पैर मुड़े हुए मिले। जिस जगह वह डूबे थे वहां आठ से दस फीट पानी है। पानी से ही उनके काले रंग के बैग में आधार कार्ड मिला जिससे पहचान हुई। बैग से मिले शादी के कार्ड पर अंकित प्रिंटिंग प्रेस के नंबर के जरिये परिवार वालों से संपर्क साधा। व्हाट्सएप पर भेजी फोटो से शिनाख्त उनके चचेरे भाई धीरज गुणवंत ने किया। धीरज ने बताया कि नवीन चंद्र कोटाबाग के पवलगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर तैनात थे। उनकी तीन बेटियां हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। मोबाइल भी तलाशा जा रहा है। इसके अलावा नंबर की सीडीआर भी निकाली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी। - अमित कुमार सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी