Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Rare artifacts from the Katyuri period in the temple of Bagnath temple are neglected

बागेश्वर: बागनाथ मंदिर के देवांगन में कत्यूरी काल की दुर्लभ कलाकृतियां उपेक्षित, संग्रहालय पर लटका ताला

Mon, 02 Nov 2026 12:12 PM IST
Heera पंकज जोशी
पंकज जोशी Published by: Heera Updated Mon, 02 Nov 2026 12:12 PM IST
सार

बागेश्वर के बागनाथ मंदिर के देवांगन में आठवीं-दसवीं शताब्दी की कत्यूरी काल की दुर्लभ कलाकृतियां उपेक्षित पड़ी हैं। लाखों की लागत से बना संग्रहालय कर्मचारियों की तैनाती न होने से तालाबंद है।

विज्ञापन
Rare artifacts from the Katyuri period in the temple of Bagnath temple are neglected
संग्रहालय पर लटका ताला - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बागेश्वर के बागनाथ मंदिर के देवांगन में ऐतिहासिक और अनमोल कलाकृतियों की अनदेखी हो रही है। आठवीं से दसवीं शताब्दी की कत्यूरियों की दुर्लभ कलाकृतियां बंद और अंधेरे कमरे में उपेक्षित पड़ी हैं। लाखों रुपये की लागत से संग्रहालय तैयार कर दिया गया लेकिन उसके दरवाजे पर अब तक ताला लटका है। कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने से संग्रहालय का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।

विज्ञापन

कुमाऊं में कत्यूरी राजवंश का काल कला और स्थापत्य की समृद्धि का दौर रहा है। इस दौरान मंदिर निर्माण, प्रस्तर मूर्तिकला और धार्मिक स्थापत्य को विशेष प्रोत्साहन मिला। इस दौर की महत्वपूर्ण विरासत बागेश्वर के अलावा बैजनाथ, कटारमल, द्वाराहाट और जागेश्वर के मंदिर समूहों तथा वहां मिली मूर्तियों में दिखाई देती है।

विज्ञापन

अमर उजाला की टीम ने बागनाथ मंदिर परिसर में लगभग 66.90 लाख रुपये की लागत से तैयार इस संग्रहालय का जायजा लिया। यहां प्रवेश द्वार पर ताला लगा हुआ है। अंदर फर्श पर लकड़ी की फ्लोरिंग, रोशनी, सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण लगाए गए हैं लेकिन किसी कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई है। कक्ष में करीब 90 दुर्लभ मूर्तियां रखी गई हैं। मार्च 2025 में ग्रामीण निर्माण विभाग ने संग्रहालय का काम शुरू किया था। निर्माण पूरा होने के बाद इसे पुरातत्व विभाग को हस्तांतरित किया जाना था लेकिन छह महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी यह आम लोगों के लिए नहीं खुल सका है।

विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आर चंद्रा ने बताया कि संग्रहालय का शत-प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। विभाग का दस प्रतिशत भुगतान भी अटका हुआ है। पुरातत्व विभाग की ओर से हैंडओवर नहीं लेने के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।

डीएम-सीएम तक पहुंची बात फिर भी समाधान नहीं बागनाथ मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नंदन सिंह रावल ने बताया कि सात दिसंबर 2025 को संग्रहालय का निर्माण पूरा हो गया था, लेकिन अब तक इसे खोला नहीं जा सका है। मंदिर में कुछ साल पहले तक पुरातत्व विभाग का कर्मचारी तैनात था लेकिन अब यह पद रिक्त है। संग्रहालय का लोकार्पण नहीं होने पर मंदिर प्रबंध समिति मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपनी नाराजगी जता चुकी है। पत्र में समिति ने परिसर में मौजूद ऐतिहासिक मूर्तियों और मंदिरों की देखरेख के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर भी चिंता व्यक्त की थी। जून में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने संग्रहालय का निरीक्षण कर प्रत्येक मूर्ति के साथ उसका परिचय, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और धार्मिक महत्व प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे। तमाम कवायदों के बावजूद कत्यूरी धरोहरें उपेक्षित पड़ी हैं।

कत्यूरियों ने संवारा, चंद राजाओं ने लौटाया गौरव
बागनाथ मंदिर का निर्माण कुमाऊं के चंद शासक लक्ष्मीचंद ने लगभग 1450 ईस्वी में कराया था। हालांकि, मंदिर परिसर में इससे कहीं पुरानी प्रतिमाएं और एक प्राचीन संस्कृत अभिलेख भी मौजूद हैं। बागनाथ मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता का एक महत्वपूर्ण आधार कत्यूरी शासक भूदेव से संबंधित 859 ईस्वी का शिलालेख है। इसे बागनाथ मंदिर से जुड़ा सबसे पुराना ऐतिहासिक अभिलेख बताया जाता है। यह अभिलेख कत्यूरी काल में इस क्षेत्र के राजनीतिक, धार्मिक और कलात्मक वैभव का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

इतिहास और कला की विरासत हैं मूर्तियां
बागनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षित रखी गई मूर्तियां कुमाऊं के प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इनमें आठवीं शताब्दी की उमा-महेश, पार्वती, वैष्णवी और कौमारी मातृकाएं शामिल हैं। नौवीं शताब्दी की मूर्तियों में महिषासुर मर्दिनी, हरिहर, गणेश, चामुंडा, वराह, वीणाधारी शिव, त्रिभुजी शिव, ब्रह्माणी, दशावतार पट्ट और पंचदेव पट्ट का उल्लेख मिलता है। दसवीं शताब्दी की मूर्तियों में शेषशायी विष्णु, सहस्र शिवलिंग, चतुर्मुखी शिव, भगवान विष्णु और कार्तिकेय की प्रतिमाएं शामिल हैं। कत्यूरी शासक भूदेव के 859 ईस्वी के शिलालेख को भी इतिहास का महत्वपूर्ण अभिलेख माना जाता है।

संग्रहालय के संचालन की मांग डीएम से लेकर सीएम तक कर चुके हैं। पुरातत्व विभाग की ओर से मंदिर में सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। बेशकीमती धरोहर की सुध नहीं ली जा रही है। संग्रहालय खुलता तो इससे धार्मिक पर्यटन को भी लाभ होता। -भरत रावल, प्रधान पुजारी, बागनाथ मंदिर

कत्यूरी काल अत्यंत गौरवशाली राजवंश का दौर रहा है। कत्यूरियों का शासन पूरे उत्तराखंड में था। उत्तराखंड के अधिकतर मंदिर उसी दौर के हैं। इसे कुमाऊंनी स्थापत्य कला का स्वर्ण युग कहा जाता है। ऐतिहासिक मूर्तियों को उपेक्षित नहीं रखा जाना चाहिए। यदि इन्हें संरक्षित नहीं किया गया तो उत्तराखंड की धरोहरें धीरे-धीरे विलुप्त हो जाएंगी। -प्रो. अजय रावत, इतिहासकार

 

कर्मचारियों की कमी के कारण बागनाथ मंदिर में तैयार किए गए संग्रहालय का संचालन नहीं हो पा रहा है। निदेशालय से कार्मिक की नियुक्ति की मांग की गई है। -आशीष कुमार, प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी, अल्मोड़ा

संग्रहालय के उद्घाटन और संचालन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द इसका समाधान निकाला जाएगा। -पार्वती दास, विधायक, बागेश्वर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed