Uttarakhand: पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर विमान सेवा शुरू, 12 घंटे का सफर सिर्फ 45 मिनट में होगा तय
सात महीने बाद पिथौरागढ़-देहरादून हवाई सेवा बहाल होने से अब यात्रियों को 12 घंटे के सफर के बजाय महज 45 मिनट में यात्रा की सुविधा मिलेगी जिससे सीमांत क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
विस्तार
आखिरकार पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर सात महीने से बंद विमान सेवा फिर से बहाल हुई है। अब सीमांत के लोगों को 12 घंटे के थकावट भरे सफर से मुक्ति मिलेगी। सिर्फ 45 मिनट में यात्री देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच आवाजाही कर सकेंगे। शुभारंभ पर विमान में सिर्फ खास ने सफर किया। आम लोग इसमें मंगलवार से सफर कर सकेंगे।
रामनवमी पर पिथौरागढ़-देहरादून के बीच विमान सेवा बहाल हुई है। देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस रूट पर 42 सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे सीमांत जिले के लिए उपलब्धि बताया। शुभारंभ पर विमान दिल्ली से वाया देहरादून होते हुए नैनीसैनी पहुंचा तो जिले के लोगों के चेहरे पर रौनक लौटी।
फायर सर्विस ने वाटर कैनन से यात्रियों का स्वागत किया गया। शुभारंभ पर कुछ खास लोग ही देहरादून से विमान से नैनीसैनी पहुंचे। विमान संचालन कंपनी के मुताबिक मंगलवार से सभी यात्री विमान में सफर कर सकेंगे। देहरादून से पहुंचे यात्रियों का नैनीसैनी एयरपोर्ट में छलिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने विमान सेवा की बहाली पर केक काटा। उन्होंने कहा कि विमान सेवा शुरू होने से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार व निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इस मौके पर डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल, दायित्वधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे आदि मौजूद रहे।
नैनीसैनी एयरपोर्ट से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए विमानों के उड़ान भरने की उम्मीद जगी
देहरादून रूट पर विमान सेवा बहाल होने के साथ ही नैनीसैनी एयरपोर्ट का एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को विधिवत हस्तांतरण हुआ है। अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया इसका 450 करोड़ रुपये से विस्तार के साथ ही इसके रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी। अब नैनीसैनी से अन्य कंपनी के विमानों के देश के विभिन्न हिस्सों के लिए उड़ान भरने की उम्मीद जगी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप यादव ने कहा कि अब इस एयरपोर्ट की पूरी कमान हमारे हाथों में होगी। इसका विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नैनीसैनी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए अन्य विमान संचालन कंपनियों को आमंत्रित करने की योजना है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया देश के विभिन्न हिस्सों से सीमांत जिले को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने की भी योजना बना रही है इसका लाभ यहां के लोगों को मिलेगा।
दिल्ली रूट पर संचालित विमान ही भरेगा सप्ताह में तीन दिन देहरादून के लिए उड़ान
दिल्ली रूट पर नैनीसैनी से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को 42 सीटर विमान सेवा संचालित है। लंबे समय से देहरादून रूट पर बंद हवाई सेवा को भी इसी विमान के सहारे बहाल किया गया है। दिल्ली रूट पर संचालित विमान ही इन तिथियों में देहरादून रूट पर भी उड़ान भरेगा। इसी विमान के सहारे दोनों रूटों पर लोगों को हवाई सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह होगा उड़ान का समय
रूट प्रस्थान का समय आगमन का समय
दिल्ली से पिथौरागढ़ 10.55 12.15
पिथौरागढ़ से देहरादून 12.40 1.25
देहरादून से पिथौरागढ़ 1.50 2.35
पिथौरागढ़ से दिल्ली 3.00 4.15