India-US Ties: व्यापार समझौते के बाद जयशंकर-रुबियो की मुलाकात, आर्थिक-रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने पर जोर
भारत और अमेरिका के बीच सोमवार को हुए व्यापार समझौते के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मार्को रुबियो से मंगलवार को मुलाकात की। यह मुलाकात वॉशिंगटन में आयोजित महत्वपूर्ण खनिज सम्मेलन से पहले हुई। इससे भारत और अमेरिका रिश्तों में नई गति आने की उम्मीद है।
विस्तार
भारत और अमेरिका के बीच सोमवार को हुए एतिहासिक व्यापार समझौते के बाद मंगलवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वॉशिंगटन में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। यह मुलाकात महत्वपूर्ण खनिजों पर पहले मंत्री स्तरीय सम्मेलन से पहले हुई। रुबियो ने स्टेट डिपार्टमेंट में जयशंकर का स्वागत किया। बता दें कि इस दौरे और मुलाकात से उम्मीद है कि भारत-अमेरिका के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों में नई गति आएगी और दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत होगी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर 2 फरवरी से 4 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान वे क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्ट्रियल में हिस्सा लेंगे, जिसे रुबियो आयोजित कर रहे हैं। इसके अलावा, वे अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करना है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने दी जानकारी
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और जयशंकर की मुलाकात की जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दी। मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आज भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण खनिजों (जैसे लिथियम, कोबाल्ट आदि) की खोज, खनन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में भारत-अमेरिका के बीच सहयोग को औपचारिक रूप देने पर चर्चा की। इन खनिजों का इस्तेमाल नई तकनीक, ऊर्जा और उद्योगों में होता है।
दोनों मंत्रियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का भी स्वागत किया। बैठक के अंत में, विदेश मंत्री रुबियो और मंत्री जयशंकर ने क्वाड के तहत आपसी और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समृद्ध और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र दोनों देशों के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए बहुत जरूरी है।
ये भी पढ़ें:- हत्या या राजनीति का खेल?: लीबिया में पूर्व तानाशाह गद्दाफी के बेट की मौत, फिर उठे सुरक्षा और सत्ता पर सवाल
व्यापार समझौते के एक दिन बाद हुई मुलाकात
जयशंकर और रुबियो की यह मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया एलान के एक दिन बाद हुई, जिसमें ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौके की पुष्टी की थी। साथ ही कहा था कि भारत और अमेरिका ने व्यापार सौदे पर सहमति बनाई है। इतना ही नहीं इस समझौते के बाद ट्रंप ने भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का भी एलान किया था।
स्कॉट बेसेंट से भी की मुलाकात
इसके साथ ही जयशंकर ने वॉशिंगटन में अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि यह मुलाकात उनके लिए बहुत उपयोगी और फलदायी रही। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
ये भी पढ़ें:- US Iran Tension: क्या ये युद्ध की शुरुआत? युद्धपोत की तरफ बढ़ रहे ईरानी ड्रोन को अमेरिकी सेना ने निशाना बनाया
गौरतलब है कि यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कई पहलें चल रही हैं। इस मुलाकात से उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे, खासकर व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में।
अन्य वीडियो
