Britain Stabbing: लंदन में यहूदियों पर चाकू से हमला; पुलिस ने मानी आतंकी घटना, पीएम स्टार्मर ने जताई चिंता
उत्तर-पश्चिम लंदन के गोल्डर्स ग्रीन में एक हमलावर ने चाकू से दो यहूदी राहगीरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। काउंटर-टेररिज्म पुलिस ने इसे आतंकी घटना बताया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की है।
विस्तार
उत्तर-पश्चिम लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर हुए एक हमले ने ब्रिटेन में सुरक्षा और बढ़ते एंटी-सेमिटिज्म को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दो यहूदी राहगीरों को घायल कर दिया। ब्रिटिश काउंटर-टेररिज्म पुलिस ने इस घटना को आतंकी हमला करार दिया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना पर गहरी चिंता जताई।
कब हुई घटना?
घटना दिन में हुई, जब एक 45 वर्षीय हमलावर कथित तौर पर गोल्डर्स ग्रीन रोड पर चाकू लेकर दौड़ता हुआ यहूदी लोगों को निशाना बना रहा था। सामुदायिक निगरानी समूह शोमरिम ने सोशल मीडिया पर बताया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर यहूदी नागरिकों को ढूंढकर हमला करने की कोशिश कर रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी का गंभीर हिंसा है पुराना रिकॉर्ड
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर ने पुलिस अधिकारियों पर भी हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने टेजर का इस्तेमाल कर उसे काबू में लिया और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हत्या के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के कमिश्नर मार्क रोवली के अनुसार आरोपी का गंभीर हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा पुराना रिकॉर्ड रहा है।
हमले में घायल दो लोगों की उम्र 76 और 34 वर्ष बताई गई है। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर है।
मेयर ने क्या बताया?
इस घटना के बाद आपातकालीन कोबरा बैठक भी बुलाई गई। लंदन के मेयर सादिक खान ने कहा कि राजधानी में यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और समाज में इस तरह की नफरत के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
गृह सचिव और किंग चार्ल्स तृतीय ने जताई चिंता
ब्रिटेन की गृह सचिव शबाना महमूद ने बताया कि प्रभावित इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यहूदी समुदाय की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। ब्रिटिश मीडिया के अनुसार, किंग चार्ल्स तृतीय, जो इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं, उन्हें भी इस घटना की पूरी जानकारी दी गई है और उन्होंने इस पर गहरी चिंता जताई है।
हाल के महीनों में हुई ऐसी कई घटनाएं
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब हाल के महीनों में लंदन में यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 23 मार्च को गोल्डर्स ग्रीन में स्वयंसेवकों द्वारा संचालित चार एंबुलेंसों में आग लगा दी गई थी, जिससे धमाके भी हुए थे। इस मामले में तीन लोगों पर आरोप तय किए गए हैं।
इसके अलावा, हाल ही में उसी इलाके में एक मेमोरियल वॉल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसकी जांच फिलहाल काउंटर-टेररिज्म पुलिस कर रही है। 21 अप्रैल को पुलिस ने यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर आगजनी की साजिश रचने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी दिन एक 17 वर्षीय किशोर ने केंटन स्थित एक सिनेगॉग पर पेट्रोल बम से हमला करने की बात स्वीकार की थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने ब्रिटेन में यहूदी समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.
