Operation Sindhu: ईरान से 291 लोगों का एक और खेप दिल्ली पहुंचा, श्रीलंकाई छात्रा भी शामिल; अब तक 2003 की वापसी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार की ओर से चलाया गया ऑपरेशन सिंधु जारी है। इसके तहत 291 लोगों का एक और जत्था नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। इस जत्थे में एक श्रीलंकाई छात्रा भी शामिल है। इस खेप के साथ अब तक 2003 भारतीयों की सुरक्षित वापसी हो गई है।
विस्तार
इस्राइल और ईरान के बीच दिन-प्रतिदिन तनाव बढ़ता ही जा रहा है। संघर्ष के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए पिछले कई दिनों से ईरान में फंसे भारतीयों को वापस स्वदेश लाने के लिए भारत सरकार की तरफ से चलाया गया ऑपरशन सिंधु जारी है। इसी सिलसिले में सोमवार की शाम ईरान से भारतीय नागरिकों का एक और खेप राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली पहुंचा। इस खेप में कुल 290 भारतीय नागरिकों और 1 श्रीलंकाई नागरिक को ईरान के मशहद शहर से दिल्ली लाया गया है। बता दें कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अबतक कुल 2003 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस भारत लाया जा चुका है।
भारतीय छात्र बोले- सरकार ने सुरक्षित निकाला
तनावपूर्ण स्थिति में ईरान से भारत लाया गए लोग दिल्ली एयरपोर्ट पर तिरंगे के साथ बाहर निकलते हुए नजर आएं। वहीं इसमें एस एक भारतीय छात्रा ने सरकार को धन्यवाद कहा। छात्र ने कहा कि हमें भारतीय दूतावास से मैसेज मिला कि हमें जल्द निकाला जाएगा। थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन सरकार ने हमें सुरक्षित और अच्छे से बाहर निकाल लिया। हम सब सुरक्षित हैं इसके लिए भारत सरकार धन्यवाद।
श्रीलंकाई छात्रा ने भारत का जताया आभार
वहीं इस खेप में ईरान से सुरक्षित निकाली गई श्रीलंका की फातिमा ईमान ने दिल्ली पहुंचने पर भारत सरकार का आभार जताया। फातिमा ने कहा कि मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं और हर चीज के लिए आभारी हूं। जब मेरे यूनिवर्सिटी के भारतीय छात्रों को निकाला जा रहा था, तब मैंने श्रीलंकाई दूतावास से मदद मांगी। वहां हालात हर दिन खराब होते जा रहे थे। भारत सरकार का यह कदम बहुत बड़ा और सराहनीय है। मुझे इस ऑपरेशन का हिस्सा बनने पर गर्व है।
ये भी पढ़ें:- West Asia Tension: 'आप दुश्मन के हाथों में खेल रहे हो, ऐसा मत करो...', तेल के दामों को लेकर ट्रंप की चेतावनी
तनाव के बीच भारत सरकार का अभियान
बता दें कि भारत ने यह ऑपरेशन तब शुरू किया जब ईरान और इस्राइल के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों में लगातार बढ़ोतरी होने लगी। भारतीय नागरिकों को मशहद (ईरान), येरेवन (आर्मेनिया) और अशगबत (तुर्कमेनिस्तान) जैसे शहरों से विशेष चार्टर्ड फ्लाइट्स के जरिए भारत लाया जा रहा है।
इसके साथ ही बढ़ते तनाव के बीच बीते शुक्रवार को ईरान ने विशेष रूप से भारत के लिए अपने हवाई क्षेत्र से तीन चार्टर्ड फ्लाइट्स को उड़ान भरने की अनुमति दी थी। जिसके बाद भारत सरकार ने बचाव के लिए ऑपरेशन सिंधु चलाया। इसके तहत पहली फ्लाइट शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंची, जिसमें 290 भारतीय थे।
ये भी पढ़ें:- Iran-US: ईरान ने कतर, इराक और सीरिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, दोहा में सुने गए धमाके
दूसरी फ्लाइट शनिवार को दोपहर 310 भारतीयों को लेकर पहुंची थी। वहीं तीसरी खेप में 311 भारत पहुंचे। हालांकि इससे पहले, गुरुवार को भी आर्मेनिया की राजधानी येरेवन से और शनिवार सुबह अशगबत से विशेष फ्लाइट्स के जरिए भी नागरिकों को लाया गया।
ईरान और इस्राइल के बीच अमेरिका की सीधी एंट्री
गौरतलब है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बीते 13 जून को इस्राइल ने ईरान पर जबरदस्त हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जबरदस्त पलटवार किया। देखते ही देखते दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के आज नौ दिन हो गए, लेकिन ये तनाव घटने के बजाय और तेज होता हुआ दिख रहा है। दूसरी ओर इस संघर्ष में एक नया मोड़ तब आ गया जब जारी बातचीत बीच अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। जवाब में ईरान ने भी सोमवार को अमेरिका में पर जोरदार हमले किए।