Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Powerful Storm Disrupts Thanksgiving Travel Across the US, Cancelling Flights and Causing Widespread Power Out

अमेरिका में थैंक्सगिविंग पर तूफान का कहर: 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल; 454 उड़ानें रद्द; कैसे हैं हालात?

Fri, 27 Nov 2026 07:41 PM IST
राकेश कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 27 Nov 2026 07:41 PM IST
सार

थैंक्सगिविंग की खुशियों के बीच तूफान ने अमेरिका की रफ्तार थाम दी। कहीं उड़ानें रद्द हुईं, कहीं लाखों घरों की बिजली गुल हो गई और कहीं बाढ़ ने सड़कों को डुबो दिया। न्यूयॉर्क की ऐतिहासिक परेड तक टालनी पड़ी। पूर्वी तट से कैलिफोर्निया तक मौसम की मार ने छुट्टियों के सफर को बड़ी चुनौती बना दिया।

विज्ञापन
Powerful Storm Disrupts Thanksgiving Travel Across the US, Cancelling Flights and Causing Widespread Power Out
अमेरिका में तूफान का कहर - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के बीच आए तूफान ने लाखों लोगों की यात्रा प्रभावित कर दी। मिडवेस्ट और नॉर्थईस्ट के कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ से मुश्किलें बढ़ गईं। पूर्वी तट पर 70 मील प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से 9.08 लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई।
विज्ञापन


हवाई यातायात पर भी इसका असर पड़ा। गुरुवार को अमेरिका से जुड़ी 454 उड़ानें रद्द हुईं और 2,200 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। इस बीच न्यूयॉर्क की मशहूर मैसीज थैंक्सगिविंग परेड भी खराब मौसम के कारण शनिवार तक टाल दी गई। अब यह परेड शनिवार को होगी।
विज्ञापन


थैंक्सगिविंग पर कितने लोग कर रहे थे यात्रा?
अमेरिका में थैंक्सगिविंग का त्योहार साल के सबसे व्यस्त यात्रा समय में से एक होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग छुट्टियां मनाने और परिवार से मिलने के लिए अपने घरों से निकलते हैं। ऐसे समय में तूफान ने यात्रा की मुश्किलें बढ़ा दीं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को अमेरिका से जुड़ी 454 उड़ानें रद्द हुईं, जबकि 2,200 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई। वाशिंगटन और न्यूयॉर्क महानगर क्षेत्र के हवाई अड्डे सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।

किन राज्यों में बिजली गुल और बाढ़ से बिगड़े हालात?
पूर्वी तट पर तूफान का असर काफी गंभीर रहा। यहां हवाओं की रफ्तार 70 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली की लाइनें गिर गईं। पावरआउटेज डॉट यूएस के आंकड़ों के मुताबिक, रात 9:56 बजे (पूर्वी अमेरिकी समय) तक 9.08 लाख से ज्यादा बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के थे।

राज्यों के हिसाब से देखें तो पेंसिल्वेनिया में 2.07 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं की बिजली गुल थी। न्यू जर्सी में यह आंकड़ा 1.79 लाख से अधिक रहा। वहीं मैरीलैंड में 1.39 लाख और वर्जीनिया में 1.06 लाख उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहे थे। उत्तरी कैरोलिना से लेकर न्यू जर्सी तक कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी। तेज हवाओं और समुद्र में उठे ज्वार के कारण पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया।

न्यू जर्सी और न्यूयॉर्क में आपातकाल घोषित
खराब मौसम को देखते हुए न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया। न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी आपातकाल लागू किया गया। लगातार बिगड़ते मौसम के कारण प्रशासन को लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने पड़े।

परिवहन सेवाओं पर भी पड़ा तूफान का असर
तेज हवाओं के कारण वर्जीनिया में चेसापीक बे ब्रिज-टनल को गुरुवार सुबह कई घंटों के लिए बंद करना पड़ा। यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया। मैरीलैंड में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई। मोंटगोमरी और प्रिंस जॉर्ज काउंटी के करीब 20 लाख लोगों से पानी का इस्तेमाल कम करने की अपील की गई। प्रशासन ने बिजली आपूर्ति में रुकावट के कारण यह कदम उठाया।

कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में ऊंची लहरों से नुकसान
तूफान का असर केवल अमेरिका के पूर्वी हिस्से तक सीमित नहीं रहा। पश्चिमी तट पर कैलिफोर्निया के समुद्री इलाकों में तेज लहरों ने मुश्किलें बढ़ा दीं। नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी कि शुक्रवार को भी समुद्र के किनारे हालात खतरनाक बने रह सकते हैं।

कैलिफोर्निया के पैसिफिका में ऊंची लहरों के कारण नगर निगम के पियर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, समुद्र में ऊंचे ज्वार के कारण पटरियों को नुकसान पहुंचने और कुछ हिस्सों में पानी भरने से एमट्रैक की पैसिफिक सर्फलाइनर ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई। कैलिफोर्निया में इसके कई रूटों पर सेवाएं रोकनी पड़ीं।

मियामी एयरपोर्ट पर रनवे से फिसला फेडएक्स का विमान
छुट्टियों के दौरान यात्रा में आई मुश्किलों के बीच मियामी में एक अलग घटना भी हुई। बुधवार रात मेम्फिस से पहुंचा फेडएक्स का मालवाहक विमान मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रनवे से फिसल गया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर एक रनवे को छोड़कर बाकी सभी रनवे अस्थायी रूप से बंद करने पड़े। इससे उड़ानों में देरी हुई।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) इस घटना की जांच कर रहा है। फेडएक्स ने बताया कि विमान का चालक दल सुरक्षित है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अमेरिका में खराब मौसम, बाढ़ और परिवहन सेवाओं में रुकावट ने थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान लाखों लोगों की यात्रा मुश्किल बना दी। 

यह भी पढ़ें: बच्चों सहित 11 मौतों से दहला यमन: हूतियों ने सऊदी पर लगाया हमले का आरोप, पाकिस्तान में क्यों जुट रहे तीन देश?

क्या है थैंक्सगिविंग और मनाया क्यों जाता है?
थैंक्सगिविंग अमेरिका का एक प्रमुख राष्ट्रीय त्योहार है। इसका मतलब है किसी के प्रति आभार जताना या धन्यवाद देना। इस दिन लोग अपनी अच्छी जिंदगी, परिवार, दोस्तों और सालभर मिली खुशियों के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। अमेरिका में यह त्योहार हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को मनाया जाता है। इस मौके पर परिवार और रिश्तेदार एक साथ जुटते हैं और पारंपरिक भोजन करते हैं। खाने में टर्की (एक तरह का बड़ा पक्षी), आलू, सब्जियां, क्रैनबेरी सॉस और कद्दू की मिठाई जैसी चीजें शामिल होती हैं। इस दिन अमेरिका में छुट्टी रहती है। लोग परिवार के साथ समय बिताते हैं। कई शहरों में परेड और फुटबॉल मैच भी आयोजित किए जाते हैं।

क्या है थैंक्सगिविंग का इतिहास?
थैंक्सगिविंग के इतिहास की सबसे चर्चित कहानी साल 1621 से जुड़ी है। उस समय इंग्लैंड से आए लोग अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित प्लायमाउथ में बस रहे थे। शुरुआती दिनों में उन्हें खाने और खेती से जुड़ी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थानीय वाम्पानोग समुदाय के लोगों ने उन्हें खेती करने और स्थानीय परिस्थितियों में रहने के तरीके सिखाए। इसके बाद 1621 की शरद ऋतु में अच्छी फसल होने पर अंग्रेजी बस्ती के लोगों और वाम्पानोग समुदाय ने मिलकर तीन दिन तक दावत की।


इस आयोजन को ही अमेरिका के पहले थैंक्सगिविंग के रूप में याद किया जाता है। हालांकि, उस समय इसे थैंक्सगिविंग नाम नहीं दिया गया था और अमेरिका में इससे पहले भी आभार जताने के ऐसे आयोजन होते रहे थे। बाद में तीन अक्तूबर 1789 को राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन ने 26 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर धन्यवाद और प्रार्थना दिवस मनाने की घोषणा की। हालांकि, इसे हर साल मनाने की परंपरा नहीं बन पाई थी। 

1863 में गृहयुद्ध के दौरान राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने नवंबर के आखिरी गुरुवार को राष्ट्रीय थैंक्सगिविंग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। इसके बाद 1941 में अमेरिकी कांग्रेस ने नवंबर के चौथे गुरुवार को थैंक्सगिविंग की आधिकारिक तारीख तय कर दिया। तब से यह अमेरिका का प्रमुख सालाना त्योहार बना हुआ है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed