UK: 'अवैध प्रवासियों की वापसी के बाद ही भारतीयों को दिया जाए वीजा', ऋषि सुनक की पार्टी के नेताओं ने उठाई मांग
रॉबर्ट जेनरिक ने कहा कि भारत पर तब तक सभी श्रेणियों में सख्त वीजा प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए, जब तक वह ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस नहीं ले लेता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीयों को वीजा देने पर प्रतिबंध लगाने की मांग ब्रिटेन में उठने लगी है। ऋषि सुनक की पार्टी कंजर्वेटिव के दो नेताओं ने वीजा देने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस भेजने का मुद्दा उठाया है। कंजर्वेटिव पार्टी के मुख्य नेता बनने की दौड़ में शामिल नेता रॉबर्ट जेनरिक और केमी बेडेनोच ने कहा है कि भारतीयों को वीजा देने और ब्रिटेन में अप्रवासन में कटौती की जाए।
बर्मिंघम में कंजर्वेटिव पार्टी के सम्मेलन के दौरान पूर्व आव्रजन मंत्री रॉबर्ट जेनरिक ने कहा कि भारत पर तब तक सभी श्रेणियों में सख्त वीजा प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए, जब तक वह ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस नहीं ले लेता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल ढाई लाख भारतीयों को ब्रिटेन का वीजा दिया गया। इसके बाद भी करीब एक लाख से अधिक भारतीय ब्रिटेन में अवैध रूप से रह रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को वापस भेजने की प्रक्रिया बहुत धीमी है, जबकि भारत-ब्रिटेन प्रवासन साझेदारी इस समस्या को हल करने के लिए बनाई गई थी। सरकार को गंभीर वीजा प्रतिबंध लगाकर और विदेशी सहायता प्रतिबंधित करके ऐसे देशों को रोकना चाहिए, जो अपने नागरिकों को यहां वापस नहीं लेते हैं।
वहीं केमी बेडेनोच ने भी यही मुद्दा उठाया। उन्होंने सितंबर 2022 में भारत-पाकिस्तान एशिया क्रिकेट कप मैच के दौरान लीस्टर की सड़कों पर हुईं झड़पों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने ब्रिटेन की सड़कों पर अशांति पैदा करने के लिए भारत के प्रवासियों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि बिल्कुल स्पष्ट है कि ऐसे कई लोग हैं जो हाल ही में इस देश में आए हैं। वे अपने मूल देश से ऐसे विचार लेकर आए हैं जिनका यहां कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने लोगों को भारत से सांस्कृतिक विवादों को लीस्टर की सड़कों पर लाते हुए देखा। हमें यह तय करने जरूरत है कि जब लोग इस देश में आएं, तो वे अपने मतभेदों को पीछे छोड़ दें।
ब्रिटेन के आम चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी की हार के बाद लेबर पार्टी की सरकार बना चुकी है। इसके साथ ही 'हाउस ऑफ कॉमन्स' में कंजर्वेटिव पार्टी की ओर नेता प्रतिपक्ष बनने की दौड़ तेज हो गई है। कंजर्वेटिव पार्टी की ओर से नया नेता प्रतिपक्ष चुनने के लिए दो चरणों में मतदान होना है। मतदान के परिणाम 2 नवंबर को सामने आएंगे। तब तक पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक इस पद पर बने रहेंगे। नेता प्रतिपक्ष बनने की दौड़ में रॉबर्ट जेनरिक और केमी बेडेनोच, पूर्व कैबिनेट मंत्री जेम्स क्लेवरली और टॉम टुगेनहाट आमने-सामने हैं। इसके लिए बर्मिंघम में पार्टी का चार दिवसीय सम्मेलन हो रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.