होर्मुज में जहाज पर हमला: इंजन रूम क्षतिग्रस्त; चालक दल का एक सदस्य हताहत, पश्चिम एशिया में फिर से बढ़ा तनाव?
होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर मंगलवार तड़के अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। हमले में इंजन रूम क्षतिग्रस्त हुआ और चालक दल का एक सदस्य हताहत बताया गया। ओमान तटरक्षक बल ने अन्य सदस्यों की मदद की। घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान, अमेरिका और ओमान के बीच होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को लेकर तनाव बना हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर निकल रहे एक जहाज को मंगलवार तड़के अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। ब्रिटिश सेना के यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) केंद्र के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य हताहत हुआ। हमले की तत्काल किसी संगठन या देश ने जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना ने एक बार फिर इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।
क्या जहाज पर हमले में किसी की मौत हुई?
UKMTO ने जहाज या उसके माल से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। यह भी तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि चालक दल का सदस्य हमले में मारा गया है या घायल हुआ है। एजेंसी ने बताया कि ओमान का तटरक्षक बल जहाज के अन्य चालक दल के सदस्यों की मदद कर रहा है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अब तक इस घटना के कारण समुद्र में किसी तरह के पर्यावरणीय नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। युद्ध से पहले दुनिया के कुल कारोबार वाले तेल का करीब पांचवां हिस्सा इस मार्ग से होकर गुजरता था। ऐसे में इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही बाधित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल बाजार पर असर पड़ने की आशंका रहती है। ईरान ने 28 फरवरी को इस्राइल और अमेरिका के हमलों के बाद इस जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया था। अमेरिका भी फिलहाल इस मार्ग से ईरानी जहाजों की आवाजाही को रोकने के लिए नाकेबंदी कर रहा है।
क्या ईरान और ओमान के बीच हो रही है बातचीत?
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिलहाल ठप पड़ी हुई है। इसी बीच ईरान, ओमान के साथ अलग से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के प्रबंधन को लेकर बातचीत कर रहा है। ईरान ने सोमवार को कहा था कि दोनों पक्ष एक संयुक्त बयान जारी करने की योजना के अंतिम विवरण पर काम कर रहे हैं।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ओमान को लेकर कथित तौर पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के पत्रकार ट्रे यिंग्स्ट से फोन पर बातचीत के दौरान कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि ओमान रास्ते में बाधा बनता है तो अमेरिका उस पर हमला कर सकता है।