सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news updates 4 feb australia usa ajit doval canada politics russia ukraine

World: मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी; नेपाल में सोशल मीडिया से जुड़ा विवादित विधेयक वापस

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 04 Feb 2026 06:09 AM IST
विज्ञापन
world news updates 4 feb australia usa ajit doval canada politics russia ukraine
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में महात्मा गांधी की 426 किलोग्राम वजनी कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। यह प्रतिमा ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर के बाहर लगी थी और भारतीय समुदाय के लिए सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्व रखती थी। भारत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑस्ट्रेलिया अधिकारियों के समक्ष उठाया है और कार्रवाई की मांग की है।
Trending Videos


विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम महात्मा गांधी की प्रतिमा के विनाश और चोरी की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस चोरी की तत्काल जांच हो, प्रतिमा को वापस लाया जाए और दोषियों को दंडित किया जाए। यह प्रतिमा नई दिल्ली स्थित इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस ने ऑस्ट्रेलिया को उपहार में दी थी। इसका उद्घाटन 12 नवंबर 2021 को ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने किया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

अमेरिका और ईरान में तनातनी के बीच सऊदी पहुंचे डोभाल

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अमेरिका और ईरान में तनातनी व मध्य पूर्व में तेजी से बदल रहे भू-राजनीतिक स्थिति के बीच मंगलवार को सऊदी पहुंचे। डोभाल रियाद में सऊदी के अपने समकक्षों के साथ बात करेंगे। सऊदी में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर उनके दौरे की घोषणा की। इसमें कहा गया है, डोभाल आधिकारिक दौरे पर रियाद पहुंचे। भारतीय राजदूत सुहेल एजाज खान व सऊदी के राजनीतिक मामलों के उप मंत्री सऊदी अल-साती ने उनका स्वागत किया।

अमेरिका में दुष्कर्म के आरोपी भारतीय मूल के व्यक्ति की नागरिकता रद्द होगी

अमेरिका में दुष्कर्म के दोषी भारतीय मूल के गुरमीत सिंह की अमेरिकी नागरिकता छीनने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सिंह ने नागरिकता प्राप्त करते समय अपनी टैक्सी में एक महिला यात्री के साथ अपहरण और दुष्कर्म की जानकारी छिपाई थी। न्याय विभाग के मुताबिक, गुरमीत ने टैक्सी में सो रही एक महिला यात्री को सुनसान सड़क पर ले जाकर चाकू की नोक पर उसका अपहरण और दुष्कर्म किया। सिंह ने अमेरिकी नागरिकता प्राप्त करने के दौरान इन आपराधिक गतिविधियों को छिपाया और गलत जानकारी दी। नागरिकता मिलने के बाद सिंह को न्यूयॉर्क में फर्स्ट डिग्री रेप और सेकंड डिग्री किडनैपिंग का दोषी पाया गया था।

कनाडा में घर पर गोली चलाने के आरोप में तीन भारतीय गिरफ्तार

जबरन वसूली विरोधी गश्त पर निकली कनाडाई पुलिस ने एक घर पर गोलीबारी करने के आरोप में तीन भारतीयों को गिरफ्तार कर उन पर मामला दर्ज किया है। सरे पुलिस सेवा ने आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह (21), तरनवीर सिंह (19) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21) के रूप में की है। इन पर एक-एक बार हथियार चलाने का आरोप है। तीनों को बृहस्पतिवार 5 फरवरी तक हिरासत में भेज दिया गया है।

दरअसल 1 फरवरी की दोपहर सरे पुलिस को गोलीबारी और एक छोटी सी आग लगने की सूचना मिली। पुलिसकर्मी उस समय प्रोजेक्ट एश्योरेंस (जबरन वसूली) के हिस्से के रूप में सरे के क्रिसेंट बीच पड़ोस में गश्त कर रहे थे। उनके मौके पर पहुंचने के बाद जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी भारत के रहने वाले हैं। अभी यह साफ नहीं है कि ये किस गैंग से जुड़े हैं। मामले की जानकारी कनाडा सीमा सेवा एजेंसी को भी दे दी गई है। दोष सिद्ध होने पर इसका असर उनकी आव्रजन स्थिति पर भी पड़ सकता है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
 

म्यांमार में 6 तीव्रता की भूकंप से कांपी धरती

नेपिदाव। म्यांमार में मंगलवार को रात करीब 9 बजे भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6 माफी गई। इसका केंद्र जमीन के 20 किमी नीचे था। भूकंप 20.45 डिग्री उत्तरी अक्षांश व 93.86 डिग्री पूर्वी देशांतर पर महसूस हु। हालांकि, इसमें जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया को नियंत्रित करने वाला विवादित विधेयक वापस लिया

नेपाल सरकार ने मंगलवार को विवादित सोशल मीडिया विधेयक को वापस लेने का फैसला किया है। पिछले साल अपदस्थ प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार की तरफ से पेश सोशल मीडिया विधेयक 2025 की सभी तरफ आलोचना हुई थी। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियंत्रित करना था। गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल ने मीडिया को बताया कि मंगलवार को कैबिनेट बैठक में विधेयक वापस लेने का फैसला किया गया। आर्यल ने कहा, सरकार ने सोशल मीडिया बिल-2025 को संघीय संसद से वापस लेने का फैसला किया है। तत्कालीन संचार और सूचना मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने सोशल मीडिया साइट्स को नियंत्रित करने के मकसद से 28 जनवरी, 2025 को नेशनल असेंबली में यह विधयेक पेश किया था। ओली के नेतृत्व वाली सरकार ने संसद द्वारा विधेयक पास होने से पहले ही 26 सोशल  मीडिया साइट्स को प्रतिबंधित कर दिया था। 

नेपाल में दो चरणों में हो सकते हैं आम चुनाव
नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने मंगलवार को संकेत दिया कि देश में आम चुनाव दो चरणों में हो सकते हैं। कार्की ने कहा, अगर मौसम ने साथ नहीं दिया तो पर्वतीय जिलों में चुनाव दूसरे चरण में हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तय कार्यक्रम के अनुसार चुनाव कराने में हर जरूरी मदद करेगी। नेपाल की पीएम ने पांच मार्च को होने वाले चुनाव में सभी से प्रतिभाग करने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed