फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news updates usa congo ebola virus cases death toll

दुनिया की खबरें: ट्रंप प्रशासन को अदालत से झटका, ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में काम रोकने का आदेश

Wed, 14 Oct 2026 03:15 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 14 Oct 2026 03:15 PM IST
विज्ञापन
world news updates usa congo ebola virus cases death toll
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
कांगो में इबोला के मामलों की संख्या 9,000 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। कांगो में इबोला को नियंत्रित करने की कोशिशें बेअसर साबित हो रही हैं और संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक, देश में इबोला के अब तक 9,066 पुष्ट मामले सामने आए हैं और 4,381 लोगों की मौत हो चुकी है। यह संख्या बीमारी के पुष्ट मामलों का लगभग आधा है। मृतकों की बढ़ती संख्या ने स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। दर्ज की गई मौतों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिनकी मौत उपचार केंद्रों के बाहर हुई।
विज्ञापन

 
Trending Videos

मेक्सिको में तूफान साइमन और रेचेल से आई बाढ़ में छह लोगों की मौत

मेक्सिको के प्रशांत तट पर भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। तूफान साइमन और रेचेल के कारण ये हालात बने हैं। तूफान साइमन मेक्सिको के प्रशांत तट की तरफ श्रेणी-1 के तूफान के रूप में धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। इसके कारण नायरित और सिनालोआ राज्यों में भारी बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ को देखते हुए अधिकारी सतर्क हैं। सप्ताहांत में इस तूफान के कारण दक्षिणी राज्य गुएरेरो में भी भारी बारिश हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

हालांकि, सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर में बाजा कैलिफोर्निया राज्य के तटीय शहर एनसेनाडा में हुआ, जहां रेचेल तूफान के कारण आई बाढ़ में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य के अभियोजन कार्यालय ने बताया कि मृतकों में 13 वर्षीय एक लड़की शामिल है, जिसका शव रविवार को मिला था। इसके अलावा, 30 और 35 वर्ष की दो महिलाओं तथा चार साल के एक लड़के के शव सोमवार को बरामद किए गए। मंगलवार को एक जलधारा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।
बाजा कैलिफोर्निया में पांच अन्य लोग अब भी लापता हैं। इनमें से तीन एनसेनाडा के हैं। इसके अलावा, एक पिता और पुत्र भी लापता हैं, जो शनिवार को कैलिफोर्निया की खाड़ी के तट पर स्थित सैन फेलिप में मछली पकड़ने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

राज्य के नागरिक सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को करीब 300 सैन्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों ने एनसेनाडा की एल पिपिला जलधारा के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस बीच, मैक्सिकन नौसेना लापता मछुआरों की तलाश में जुटी रही। बाढ़ के पानी में वाहन बह गए, मकानों को नुकसान पहुंचा और कुछ समुदायों का संपर्क कट गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

ट्रंप प्रशासन को अदालत से झटका, ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में काम रोकने का आदेश

अमेरिका की एक संघीय अदालत की न्यायाधीश ने मंगलवार को ईस्ट पोटोमैक गोल्फ कोर्स में पेड़ों की कटाई पर 26 अक्टूबर तक रोक लगाने का आदेश दिया। इस फैसले से वाशिंगटन डीसी के ऐतिहासिक गोल्फ कोर्स में चल रहे काम पर फिर रोक लग गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वॉशिंगटन शहर का स्वरूप बदलने की योजनाओं में यह गोल्फ कोर्स भी शामिल है।

अमेरिकी जिला न्यायाधीश एना रेयेस ने सोमवार को करीब तीन घंटे तक चली सुनवाई के एक दिन बाद यह आदेश दिया। सुनवाई के दौरान उन्होंने सरकार की कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई थी और आरोप लगाया था कि सरकार ने उन्हें गुमराह किया। सोमवार की सुनवाई के दौरान रेयेस ने काम पर 24 घंटे की रोक लगाई थी। उन्होंने कहा था कि जरूरत पड़ने पर इस रोक को 14 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है। न्यायाधीश ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि गोल्फ कोर्स के नवीनीकरण की योजना पर रोक लगाने के लिए मुकदमा दायर करने वाले पक्षकारों या अदालत को पर्याप्त सूचना दिए बिना यह कार्रवाई क्यों की गई। 

गोल्फ कोर्स के लिए कम से कम 400 पेड़ काटे गए, जबकि कई सौ और पेड़ों को काटने की योजना थी। राष्ट्रपति ट्रंप इस ऐतिहासिक पार्क, खासकर इसके गोल्फ कोर्स को विश्वस्तरीय गोल्फ स्थल में बदलना चाहते हैं। यह वाशिंगटन डीसी के स्वरूप को बदलने की उनकी व्यापक योजना का हिस्सा है। शहर में उनकी कई अन्य परियोजनाएं भी चल रही हैं, जिनमें व्हाइट हाउस में 40 करोड़ डॉलर की लागत से प्रस्तावित बॉलरूम और जल्द शुरू होने वाला विजय स्मारक द्वार का निर्माण शामिल है। ट्रंप ने 2025 के आखिर में शहर के सार्वजनिक गोल्फ कोर्सों के बारे में बात करनी शुरू की थी। ट्रंप ने जून में सोशल मीडिया पर लिखा था, 'निर्माण पूरा होने के बाद यह कोर्स अमेरिकी ओपन, राइडर कप, पीजीए चैंपियनशिप और पीजीए टूर के अन्य प्रमुख टूर्नामेंटों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।'
विज्ञापन

ग्रीस में अमेरिकी राजदूत लेती थीं रिश्वत, हटाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विवादों में घिरीं ग्रीस में अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गिलफॉयल से इस्तीफा मांग लिया है। उन पर पैसे, उपहार और अन्य फायदों के बदले ट्रंप प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंच उपलब्ध कराने और ग्रीस सरकार को धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केटी जकारिया ने मंगलवार को उनके इस्तीफा मांगे जाने की पुष्टि की।

पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन जो कुछ मीडिया में सामने आ रहा था, वह हमें पसंद नहीं आया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कारोबारी एरिक डिटर्स ने दावा किया कि राजदूत ने ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों से मिलाने के बदले उनका एक लाख डॉलर का क्रेडिट कार्ड बिल भरने की मांग की थी। पूर्व अभियोजक और ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पूर्व मंगेतर रहीं गिलफॉयल ने सभी आरोपों को खारिज किया है। 
 

अजरबैजान में स्कूलों में हिजाब पहनने पर पाबंदी

अजरबैजान ने स्कूल यूनिफॉर्म के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए स्कूल में हिजाब पहनने पर रोक लगा दी है। हालांकि, सरकार ने हिजाब पर नाम  लेकर स्पष्ट प्रतिबंध लगाने की घोषणा नहीं की है, लेकिन हिजाब पहनने छात्राओं को स्कूल में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। सरकार के इस फैसले का विरोध शुरू हो गया है। अजरबैजान में 96 फीसदी मुस्लिम आबादी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में अजरबैजान की कैबिनेट ने एक प्रस्ताव के जरिये स्कूल यूनिफॉर्म के नियमों में बदलाव किया। इसके तहत सरकारी सामान्य शिक्षा संस्थानों में एक सख्त धर्मनिरपेक्ष ड्रेस कोड लागू किया गया। इसमें स्कूल में ऐसे कपड़ों के पहनने पर रोक लगा दी गई है जिन्हें धर्मनिरपेक्ष शिक्षा के विपरीत माना जाता है। 
 

पूर्व सीआईए विश्लेषक पर दक्षिण कोरिया के लिए जासूसी करने के आरोप, अमेरिका ने मुकदमा टाला
अमेरिका के न्याय विभाग ने पूर्व सीआईए विश्लेषक सू मी टेरी के खिलाफ मुकदमा एक साल के लिए टालने पर सहमति जताई है। अदालत में मंगलवार को दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, अगर टेरी इस दौरान किसी कानूनी परेशानी में नहीं पड़ती हैं, तो उनके खिलाफ आरोप पूरी तरह हटा दिए जाएंगे। टेरी पर 2024 में दक्षिण कोरिया की खुफिया सेवा के लिए गुप्त एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगा था। 

अभियोजन पक्ष का कहना था कि उन्होंने सरकार की गोपनीय जानकारी साझा की, दक्षिण कोरियाई अधिकारियों की अमेरिकी अधिकारियों तक पहुंच बनाने में मदद की और दक्षिण कोरिया के पक्ष में मीडिया में बोलने के बदले महंगे उपहार स्वीकार किए। इनमें डिजाइनर हैंडबैग और कोट शामिल थे, जिनकी कुल कीमत करीब 9,245 डॉलर थी। टेरी ने खुद को निर्दोष बताया है। उनके वकील ली वोलोस्की ने कहा कि टेरी ने कई वर्षों तक ईमानदारी से अपने देश की सेवा की है। टेरी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने 2022 में तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ एक गोपनीय बैठक के नोट दक्षिण कोरिया के एक खुफिया अधिकारी के साथ साझा किए थे।


जर्मनी में अपहरण की आशंका से नूर्नबर्ग हवाई अड्डा बंद, लड़ाकू विमान तैनात
जर्मनी में विमान अपहरण की आशंका के बाद बुधवार को नूर्नबर्ग हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया और यात्री विमान को सुरक्षा देने के लिए लड़ाकू विमान भेजे गए। हालांकि, बाद में पता चला कि मामला विमान के रेडियो संचार तंत्र में आई खराबी से जुड़ा था। कोरेंडन एयरलाइंस ने बताया कि ग्रीस के कोर्फू से जर्मनी के नूर्नबर्ग जा रहे बोइंग 737-800 विमान ने क्रोएशिया के ऊपर उड़ान के दौरान आपातकालीन संकेत भेजा था। विमान में 178 यात्री सवार थे। 

एयरलाइन के मुताबिक, विमान, चालक दल और यात्रियों को कोई खतरा नहीं था और विमान सुरक्षित उतर गया। पुलिस प्रवक्ता माइकल पेट्जोल्ड ने बताया कि कॉकपिट से ऐसा संकेत मिला था, जिससे अपहरण की आशंका हुई। कॉकपिट और हवाई यातायात नियंत्रण के बीच संपर्क नहीं हो पाने के कारण अधिकारियों को गंभीर स्थिति की आशंका थी। एहतियात के तौर पर छह उड़ानों में देरी हुई और दो विमानों को दूसरे हवाई अड्डों पर भेज दिया गया। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब यूरोप में ड्रोन से जुड़ी घटनाओं और रूस की कथित गतिविधियों को लेकर हवाई सुरक्षा बढ़ाई गई है। रूस ने जर्मनी के आरोपों को खारिज किया है।

कोलंबिया में प्रदर्शन खत्म कराने के लिए पुलिस को ज्यादा अधिकार, मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता
कोलंबिया की सरकार ने सड़क प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई से जुड़े दिशा-निर्देशों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़ करने या सड़कें जाम कर जरूरी सेवाओं को बाधित करने वाले प्रदर्शनों को खत्म करने के लिए पुलिस को ज्यादा अधिकार दिए गए हैं। राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला की सरकार के इस फैसले की विपक्षी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने आलोचना की है। उन्हें आशंका है कि नए नियमों का व्यापक इस्तेमाल कर पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग बढ़ा सकती है। 

राष्ट्रपति ने कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा की जाएगी, लेकिन सड़कें रोककर लोगों के काम पर जाने और कारोबार में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नए दिशा-निर्देशों में प्रदर्शनों के दौरान जरूरी सेवाओं की आवाजाही बनाए रखने के लिए मानवीय गलियारे बनाने की बात भी कही गई है। पहले के नियमों में हिंसा रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग से पहले बातचीत और मध्यस्थता का सहारा लेना जरूरी था। अब तोड़फोड़ या आक्रामक गतिविधियों की स्थिति में बातचीत को वैकल्पिक उपाय बना दिया गया है। विपक्षी सांसद जेनिफर पेद्राजा ने आशंका जताई कि इससे पुलिस हिंसा बढ़ सकती है। वर्ष 2021 में आर्थिक असमानता के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में कम से कम 46 लोगों की मौत हुई थी। मानवाधिकार संगठनों ने इनमें से कई मौतों के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया था।

चीन के निर्यात में सितंबर में 36.3% की बढ़ोतरी, व्यापार अधिशेष भी बढ़ा
चीन के निर्यात में सितंबर में पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 36.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चीन के सीमा शुल्क विभाग ने बुधवार को यह आंकड़ा जारी किया। अगस्त में निर्यात की वृद्धि दर 25 प्रतिशत थी। सितंबर के आंकड़े अर्थशास्त्रियों के अनुमान से भी बेहतर रहे। सेमीकंडक्टर और कारों जैसे उच्च तकनीक वाले उत्पादों की विदेशों में बढ़ती मांग ने निर्यात को गति दी। इस दौरान चीन का आयात भी सालाना आधार पर 31 प्रतिशत बढ़ा, जबकि अगस्त में इसमें 28.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। निर्यात और आयात के बीच अंतर बढ़ने से चीन का व्यापार अधिशेष सितंबर में बढ़कर 133.5 अरब डॉलर हो गया। अगस्त में यह 119.1 अरब डॉलर था। चीन के व्यापार में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब यूरोपीय संघ समेत उसके व्यापारिक साझेदारों की ओर से व्यापार असंतुलन कम करने का दबाव बढ़ रहा है।

ट्रंप प्रशासन को झटका, सीएनएन समेत तीन मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को व्हाइट हाउस से रोकने पर लगी रोक बरकरार
अमेरिका की एक संघीय अदालत ने सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको के पत्रकारों को व्हाइट हाउस में प्रवेश से रोकने के ट्रंप प्रशासन के फैसले पर लगी रोक को बरकरार रखा है। संघीय न्यायाधीश टिमोथी केली ने मंगलवार को अस्थायी रोक की जगह प्रारंभिक निषेधाज्ञा जारी की। इससे मामले की सुनवाई पूरी होने तक मौजूदा व्यवस्था बनी रहेगी। न्यायाधीश ने कहा कि इन तीनों मीडिया संस्थानों के पत्रकारों का दावा है कि प्रशासन की कार्रवाई से उनके अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और उचित कानूनी प्रक्रिया से जुड़े संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन हुआ है और उनके पक्ष में फैसला आने की संभावना है। इससे पहले अदालत ने व्हाइट हाउस को पत्रकारों के प्रवेश संबंधी विशेष पहचान पत्र बहाल करने का आदेश दिया था। यह आदेश मंगलवार को समाप्त होने वाला था। हालांकि, न्यायाधीश ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके फैसले का मतलब यह नहीं है कि मीडिया की खबरों की सटीकता और निष्पक्षता को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चिंताएं निराधार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सरकार के पास कदम उठाने के अधिकार भी हैं, खासकर जब गोपनीय जानकारी गैरकानूनी तरीके से सार्वजनिक की जाए।

नॉर्ड स्ट्रीम पाइपलाइन में विस्फोट का मामला, यूक्रेन के पूर्व सैन्य अधिकारी पर जर्मनी में मुकदमा शुरू
रूस से जर्मनी तक प्राकृतिक गैस पहुंचाने वाली नॉर्ड स्ट्रीम पाइपलाइन में 2022 में हुए विस्फोटों के मामले में यूक्रेन के एक पूर्व सैन्य अधिकारी के खिलाफ बुधवार को जर्मनी में मुकदमा शुरू हुआ। यह मामला द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में हुई बड़ी तोड़फोड़ की घटनाओं में से एक माना जाता है। आरोपी पर विस्फोट करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सार्वजनिक सेवाओं में बाधा डालने और नागरिक ढांचे पर हमले के जरिए युद्ध अपराध में सहयोग करने के आरोप हैं। जर्मनी के निजता संबंधी नियमों के कारण अदालत में आरोपी की पहचान सर्ही के. के रूप में की जाएगी। इटली में प्रत्यर्पण की कार्यवाही के दौरान उसका नाम सर्ही कुज्निएत्सोव सामने आया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 26 सितंबर 2022 को हुए विस्फोटों में आरोपी की भूमिका थी। आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर जर्मनी के रोस्टॉक बंदरगाह से किराये पर ली गई नौका का इस्तेमाल किया। नौका फर्जी पहचान पत्रों और बिचौलियों की मदद से किराये पर ली गई थी। जांचकर्ताओं का आरोप है कि बाल्टिक सागर में डेनमार्क के बोर्नहोम द्वीप के पास समुद्र की गहराई में चार बम लगाए गए थे। 

सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए पाकिस्तान ने फिर जताई प्रतिबद्धता, हूती हमलों के बीच आया बयान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और सुरक्षा की रक्षा के लिए अपने देश की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने बुधवार को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के नवनियुक्त महासचिव और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल नौमान महमूद से मुलाकात के दौरान यह बात कही। इस गठबंधन में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये शामिल हैं। तीनों देशों ने सात अगस्त को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत किसी एक देश पर सशस्त्र हमला बाकी दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। 

पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, महमूद ने शरीफ को समझौते के तहत रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने की योजना की जानकारी दी। शरीफ ने इस समझौते को क्षेत्र में शांति, एकता और स्थिरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच सऊदी अरब में तनाव बढ़ रहा है। इस महीने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा हवाई अड्डे समेत कई ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि देश के पूर्वी प्रांत में अरामको की एक सुविधा पर हमले के बाद प्रशासनिक इमारत में सीमित आग लग गई थी। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मंगलवार रात हूती विद्रोहियों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच हमलों के आदान-प्रदान के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed