Hyundai Creta: पहले से बड़ी बनकर आ रही है नई थर्ड जेनरेशन ह्यूंदै क्रेटा, टेस्टिंग के दौरान दिखी पहली झलक
Next Gen Hyundai Creta: ह्यूंदै अपनी लोकप्रिय एसयूवी क्रेटा के नेक्स्ट-जेनरेशन मॉडल पर काम कर रही है, जिसे 2027 में लॉन्च किया जा सकता है। नई क्रेटा K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिससे इसका साइज, स्पेस और ड्राइविंग एक्सपीरियंस बेहतर होगा। इसमें नया डिजाइन, बड़ा केबिन, एडवांस्ड ADAS फीचर्स और अपडेटेड इंटीरियर देखने को मिलेंगे। साथ ही, भविष्य में इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी जोड़ा जा सकता है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला ग्रैंड विटारा, हाइराइडर, एलिवेट और अन्य कॉम्पैक्ट एसयूवी से होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ह्यूंदै क्रेटा भारत में कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में वर्षों से लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। कई कारों से कड़े मुकाबले के बावजूद इसका जलवा बरकरार है। अब कंपनी इसके नेक्स्ट-जेनरेशन (थर्ड-जेनरेशन) मॉडल पर तेजी से काम कर रही है, जो ग्राहकों के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जाएगा। हाल ही में अमेरिका में टेस्टिंग के दौरान इसकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। आइए जानते हैं 2027 में लॉन्च होने वाली इस नई क्रेटा में क्या कुछ खास होगा।
डिजाइन और प्लेटफॉर्म में बड़ा बदलाव
नई जनरेशन की ह्यूंदै क्रेटा को अब बिल्कुल नए K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। इसका इस्तेमाल हाल ही में आई सेकेंड-जेनरेशन सेल्टोस में भी किया गया है। यह नया प्लेटफॉर्म न केवल कार के स्ट्रक्चर को पहले से ज्यादा मजबूत और सुरक्षित बनाएगा, बल्कि इसके ड्राइविंग एक्सपीरियंस को भी बेहतर करेगा। इसकी बदौलत कार चलाते समय शोर और वाइब्रेशन काफी कम महसूस होंगे और इसकी रोड हैंडलिंग भी काफी सटीक हो जाएगी।
जहां तक इसके लुक की बात है तो हालिया स्पाई शॉट्स में हालांकि कार भारी कवर से ढकी नजर आई है। लेकिन इसके बावजूद इसका नया अवतार काफी दमदार लग रहा है। नई क्रेटा अब पहले से ज्यादा बॉक्सी और मस्कुलर प्रोफाइल के साथ आएगी। इसमें एक सीधा बोनट और मॉडर्न लुक वाले आयताकार हेडलैंप्स दिए गए हैं। कार की साइड प्रोफाइल को नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स और टर्न इंडिकेटर्स के साथ आने वाले डुअल-टोन ORVMs और भी प्रीमियम बनाते हैं। इसके अलावा, इसमें शार्क फिन एंटीना और पिक्सेल-स्टाइल वाली एलईडी लाइटिंग के साथ-साथ पूरी तरह से रिडिज़ाइन की गई फ्रंट ग्रिल और नए बंपर्स देखने को मिलेंगे, जो इसे सड़क पर एक नई और फ्रेश पहचान देंगे।
साइज और स्पेस: अब मिलेगा पहले से ज्यादा आराम
नई ह्यूंदै क्रेटा न केवल लुक में बेहतर होगी, बल्कि साइज के मामले में भी यह मौजूदा मॉडल को पीछे छोड़ देगी। वर्तमान क्रेटा की लंबाई 4,330 mm है, लेकिन नए K3 प्लेटफॉर्म के आने से इसकी लंबाई बढ़कर करीब 4,500 mm तक पहुंच सकती है। कार के डायमेंशन में होने वाला यह इजाफा केबिन के अंदर एक बड़ा बदलाव लाएगा। इससे यात्रियों को पहले से ज्यादा लेगरूम और शोल्डर-रूम मिलेगा।
सिर्फ बैठने के लिए ही नहीं, बल्कि सामान रखने के लिए भी इसमें अब कहीं ज्यादा जगह (बूट स्पेस) उपलब्ध होगी। वर्तमान में कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में डिक्की के स्पेस को लेकर जबरदस्त मुकाबला चल रहा है, जहां आने वाली नई टाटा सिएरा में 622 लीटर और नई रेनो डस्टर में 700 लीटर तक का बड़ा बूट स्पेस मिलने की उम्मीद है। ऐसे में नई क्रेटा का बड़ा साइज इसे उन परिवारों और यात्रियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बना देगा जो अक्सर लंबी दूरी का सफर तय करते हैं और जिन्हें ज्यादा सामान ले जाने की जरूरत पड़ती है।
इंटीरियर और हाई-टेक फीचर्स
नई क्रेटा के केबिन के भीतर भी कंपनी कई बड़े और प्रीमियम बदलाव करने जा रही है। इंटीरियर में घुसते ही सबसे पहले आपका ध्यान इसके बिल्कुल नए स्टीयरिंग व्हील पर जाएगा, जिस पर अब ह्यूंदै का नया और क्लासी '4-डॉट' लोगो नजर आएगा। डैशबोर्ड को भी पूरी तरह से अपडेट किया गया है, जहां अब पहले से काफी बड़ी इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट स्क्रीन्स मिलेंगी। ये स्क्रीन्स न केवल साइज में बड़ी हैं, बल्कि इनमें एक नया और स्मूथ यूजर इंटरफेस (यूआई) भी दिया गया है, जो यूजर के अनुभव को काफी हाई-टेक बना देता है।
आराम के मामले में ह्यूंदै ने इस बार रियर पैसेंजर्स पर खास ध्यान दिया है। अब पीछे की सीट पर बैठने वाले सभी यात्रियों के लिए अलग से हेडरेस्ट दिए गए हैं। साथ ही, इसमें 'बॉस मोड' जैसे प्रीमियम फीचर को भी जोड़ा गया है। इससे पीछे बैठा यात्री अपनी सुविधा के अनुसार आगे की सीट को एडजस्ट कर एक्स्ट्रा लेगरूम बना पाएगा। वहीं सुरक्षा के मोर्चे पर, नई क्रेटा अब पहले से ज्यादा स्मार्ट होगी, क्योंकि इसमें एडवांस्ड ADAS (ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) का एक नया सेटअप और बेहतर कनेक्टिविटी फीचर्स शामिल किए गए हैं, जो सफर को सुरक्षित और तनावमुक्त बनाएंगे।
इंजन और परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो भारत में लॉन्च के समय नई जनरेशन की क्रेटा में फिलहाल मौजूदा इंजन विकल्पों को ही बरकरार रखे जाने की उम्मीद है, जो पहले से ही अपनी विश्वसनीयता के लिए जाने जाते हैं। ग्राहकों के पास 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन (115 PS पावर) और उत्साह से भरे ड्राइवरों के लिए 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन (160 PS पावर) का विकल्प होगा। वहीं, लंबी दूरी तय करने वालों के लिए कंपनी 1.5-लीटर डीजल इंजन (116 PS पावर) का भरोसा देना जारी रखेगी।
गियरबॉक्स के मामले में भी ह्यूंदै ने विविधता का पूरा ध्यान रखा है। इसमें ड्राइविंग स्टाइल के हिसाब से 6-स्पीड मैनुअल और स्मूथ iVT (पेट्रोल के लिए), तेज रफ्तार पसंद करने वालों के लिए 7-स्पीड DCT (टर्बो के लिए) और डीजल वेरिएंट के साथ 6-स्पीड मैनुअल व 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलेंगे। हालांकि, सबसे बड़ा और रोमांचक बदलाव इसके बाद देखने को मिलेगा। ह्यूंदै फिलहाल एक नए 'स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड' पावरट्रेन पर काम कर रही है। उम्मीद है कि लॉन्च के कुछ समय बाद इसे भी क्रेटा रेंज में शामिल किया जाएगा, जो माइलेज और परफॉर्मेंस का एक बेहतरीन संतुलन पेश करेगा।
किन कारों से होगा मुकाबला?
इस साल के अंत तक या 2027 में लॉन्च होने के बाद, नई ह्यूंदै क्रेटा की सीधी टक्कर बाजार में मौजूद मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर, होंडा एलिवेट, स्कोडा कुशाक, फॉक्सवैगन टाइगुन और आने वाली टाटा सिएरा व रेनो डस्टर जैसी शानदार एसयूवी से होगी।

कमेंट
कमेंट X