Trinetra: BITS पिलानी की छात्रा ने बनाया 'त्रिनेत्र'; कार को साइबर हमलों, दुर्घटनाओं और चूहों से बचाएगा सिस्टम
Trinetra Car Safety System: BITS पिलानी हैदराबाद की एम टेक छात्रा निमेघा कृष्णा मुप्पावरम ने 'त्रिनेत्र' नाम का एक स्मार्ट एआई आधारित कार सुरक्षा सिस्टम विकसित किया है। यह सिस्टम सेंसर और साइबर सिक्योरिटी तकनीक की मदद से कार को चूहों से होने वाले नुकसान, साइबर हमलों और ड्राइवर के तनाव से बचाने में सक्षम है।
विस्तार
BITS पिलानी के हैदराबाद कैंपस की एक M.Tech (मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी) प्रथम वर्ष की छात्रा ने कार की सुरक्षा के लिए एक नया और खास सिस्टम बनाया है। इस सिस्टम का नाम 'त्रिनेत्र' है। यह सिस्टम कार को सिर्फ दुर्घटनाओं से ही नहीं बल्कि ड्राइवर के तनाव, साइबर हमलों और चूहों से होने वाले नुकसान से भी बचाने में मदद करता है। इस सिस्टम को छात्रा निमेघा कृष्णा मुप्पावरम ने तैयार किया है। इसमें स्मार्ट सेंसर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सिक्योरिटी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे ये तकनीक कार की सुरक्षा पर नजर रखने वाला एक स्मार्ट सेफ्टी सिस्टम बन जाता है।
कार को चूहों से बचाने वाला स्मार्ट सिस्टम
कारों में अक्सर देखा जाता है कि वायरिंग चूहे काट देते हैं जिससे वाहन मालिक को बहुत नुकसान उठाना पड़ता है। त्रिनेत्र सिस्टम में इन्फ्रारेड और अन्य स्मार्ट सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर्स कार में चूहों या किसी भी अनचाहे प्रवेश का तुरंत पता लगा लेते हैं। निमेघा के अनुसार, जब कार पार्क रहती है तब चूहे अंदर घुसकर वायरिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ये सिस्टम न सिर्फ चूहों की मौजूदगी का पता लगाता है बल्कि यह भी बता सकता है कि किस वायर को नुकसान हुआ है।
ड्राइवर का तनाव पहचानकर करेगा मदद
त्रिनेत्र सिस्टम की खास बात यह है कि यह ड्राइवर के तनाव को तुरंत पहचान सकता है। यह सिस्टम ड्राइवर की आवाज सुनकर पता लगाता है कि वह किस स्तर के तनाव में है। सिस्टम तनाव को चार स्तरों में बांटता है:
2. हल्का तनाव
3. मध्यम तनाव
4. अत्यधिक तनाव
अगर सिस्टम को लगता है कि ड्राइवर तनाव में है तो एआई वॉइस ड्राइवर से बात करके उसे शांत रहने के लिए कहती है। साथ ही ये 10 से 15 सेकंड तक शांत संगीत भी चलाता है जिससे ड्राइवर को रिलैक्स होने में मदद मिलती है।
साइबर हमलों से भी सुरक्षा
आजकल आधुनिक कारों में साइबर हमलों का खतरा बढ़ गया है। त्रिनेत्र सिस्टम कार के कंट्रोलर एरिया नेटवर्क (CAN) पर होने वाली संदिग्ध या अनधिकृत गतिविधियों का पता लगा सकता है और उन्हें तुरंत रोक सकता है। इससे हैकर्स कार के जरूरी सिस्टम से छेड़छाड़ नहीं कर पाएंगे और वाहन सुरक्षित रहेगा।
स्मार्ट और सुरक्षित कारों की दिशा में बड़ा कदम
त्रिनेत्र सिस्टम कार की सुरक्षा के लिए एक नया और खास समाधान है। यह सिस्टम कार को फिजिकल नुकसान, ड्राइवर के तनाव और साइबर हमलों- तीनों से बचाने में मदद करता है। यह नवाचार दिखाता है कि भारत के युवा इंजीनियर और छात्र नई और स्मार्ट तकनीक बना रहे हैं। आने वाले समय में ऐसी तकनीक से कारें और ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट और भरोसेमंद बन सकती हैं।