JSW iCar V23: MG के बाद अब अपना नया ब्रांड ला रही JSW, 550km रेंज वाली मस्कुलर इलेक्ट्रिक SUV की टेस्टिंग शुरू
iCar V23 India Launch: भारत में जेएसडब्ल्यू मोटर्स अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी iCar V23 को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसे चेरी ऑटोमोबाइल के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। यह बॉक्सी डिजाइन और ऑफ-रोडिंग क्षमताओं वाली एसयूवी दमदार रेंज और AWD विकल्प के साथ आएगी। साथ ही टाटा एलेक्सी के साथ मिलकर कंपनी भारत में एडवांस कनेक्टेड और सॉफ्टवेयर-डिफाइंड व्हीकल टेक्नोलॉजी भी विकसित कर रही है, जिससे आने वाले ईवी का अनुभव और बेहतर होगा।
विस्तार
जेएसडब्ल्यू ग्रुप अपनी मौजूदा 'JSW MG Motor India' पार्टनरशिप से अलग हटकर, भारत में एक बिल्कुल नया ऑटोमोबाइल ब्रांड शुरू करने जा रहा है। इसके लिए उन्होंने चीनी कंपनी Chery Automobiles के साथ तकनीकी करार किया है। इसी कड़ी में उनकी एक नई दमदार इलेक्ट्रिक एसयूवी-iCar V23 (जिसे कुछ बाजारों में Chery V23 भी कहा जाता है) को हाल ही में भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है। उम्मीद है कि इसे CKD (कम्प्लीटली नॉक्ड डाउन) यूनिट के तौर पर भारत लाया जाएगा और यहां असेंबल किया जाएगा। आइए जानते हैं इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में कुछ खास देखने को मिलेगा:
डिजाइन और लुक्स: मस्कुलर और बॉक्सी
भारत में JSW की इस नई एसयूवी को एक नए नाम के साथ उतारा जा सकता है, लेकिन इसका डिजाइन काफी हद तक इसके ग्लोबल मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है। हाल ही में टेस्टिंग के दौरान दिखी इस गाड़ी का लुक बेहद बोल्ड और मस्कुलर है। इसकी बॉक्सी बनावट भारतीय ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर सकती है। आकार के मामले में भी यह काफी प्रभावशाली है- 4,220 mm की लंबाई, 1,915 mm की चौड़ाई और 1,845 mm की ऊंचाई के साथ इसमें 2,735 mm का बड़ा व्हीलबेस दिया गया है, जो केबिन के अंदर बेहतरीन स्पेस का संकेत देता है।
इसके एक्सटीरियर की बात करें तो सामने की तरफ एक सीधा फ्रंट फेसिया, भारी-भरकम बंपर और चौड़े व्हील आर्च के साथ बड़े अलॉय व्हील्स इसे एक दमदार ऑफ-रोडर की पहचान देते हैं। वहीं, पीछे के हिस्से में एक बड़ा चौकोर स्टोरेज बॉक्स लगा है। इसका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चार्जिंग केबल या टूलकिट रखने के लिए किया जाता है। हालांकि, भारतीय सड़कों पर जो टेस्ट यूनिट देखी गई है, उसमें यह बॉक्स थोड़ा बड़ा नजर आ रहा है। इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी यहां इसमें असली स्पेयर टायर फिट कर सकती है।
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
अगर परफॉर्मेंस की बात करें तो ग्लोबल मार्केट में यह एसयूवी सिंगल मोटर (RWD) और डुअल मोटर (AWD) जैसे दो विकल्पों में आती है। इसके रियर-व्हील ड्राइव वैरिएंट में ग्राहकों को 47.28 kWh से लेकर 69.8 kWh तक के अलग-अलग बैटरी पैक चुनने की सुविधा मिलती है। ये एक बार फुल चार्ज होने पर 301 किमी से लेकर 550 किमी तक की शानदार रेंज दे सकते हैं।
वहीं, ऑफ-रोडिंग के दीवानों के लिए कंपनी ने इसके ऑल-व्हील ड्राइव मॉडल में 81.76 kWh की बड़ी बैटरी दी है, जो करीब 430 किमी की रेंज ऑफर करती है। रफ्तार के मामले में भी यह पीछे नहीं है, इसका AWD मॉडल महज 7.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकता है और 140 किमी/घंटा की टॉप स्पीड तक जा सकता है। साथ ही, 104 kW की फास्ट चार्जिंग सुविधा के साथ इसे चार्ज करना भी काफी आसान और क्विक हो जाता है।
दमदार ऑफ-रोडिंग क्षमताएं
यह एसयूवी सिर्फ दिखने में ही मस्कुलर नहीं है, बल्कि ऑफ-रोडिंग के मामले में भी यह काफी दमदार साबित होती है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों और मुश्किल चढ़ाइयों के लिए इसमें 210 mm का बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, साथ ही 600 mm की 'वॉटर वेडिंग' क्षमता इसे गहरे पानी के बीच से भी आसानी से निकलने में मदद करती है।
इसके 42-डिग्री अप्रोच और 41-डिग्री डिपार्चर एंगल यह सुनिश्चित करते हैं कि यह खड़ी से खड़ी चढ़ाई और ढलान को बिना किसी दिक्कत के पार कर सके। अपनी इन्हीं खासियतों के दम पर, भारतीय इलेक्ट्रिक मार्केट में उतरते ही इसका सीधा मुकाबला आगामी महिंद्रा थार ईवी जैसी दिग्गज गाड़ियों से होने वाला है।
लॉन्च से पहले सॉफ्टवेयर की सॉलिड तैयारी
JSW मोटर्स सिर्फ गाड़ियां ही नहीं ला रही, बल्कि भारत में अपना पूरा टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम भी मजबूत कर रही है। कंपनी ने टाटा एलेक्सी के साथ एक बड़ी पार्टनरशिप की है। दोनों कंपनियां मिलकर पुणे में 'JNEXT' नाम का एक नया इंजीनियरिंग हब बना रही हैं। यह सेंटर iCar V23 और आने वाली अन्य गाड़ियों के सॉफ्टवेयर, कनेक्टेड फीचर्स, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स पर काम करेगा। इससे ग्राहकों को गाड़ी में एकदम हाई-टेक और स्मूद एक्सपीरियंस मिलेगा।
कब होगी लॉन्च?
उम्मीद है कि जेएसडब्ल्यू अपनी इस नई इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर को इसी साल के अंत तक भारतीय बाजार में उतार सकती है।