Lamborghini EV: लेम्बोर्गिनी ने अपनी इलेक्ट्रिक कार योजना बंद की, कंपनी सीईओ ने बताई असल वजह
लेम्बोर्गिनी ने अपनी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक लैंजाडोर के बनाने की योजना को रोकने का फैसला किया है। जो ब्रांड के इलेक्ट्रिफिकेशन रोडमैप में एक बड़ा बदलाव है।
विस्तार
इटैलियन सुपरकार निर्माता Lamborghini (लेम्बोर्गिनी) ने अपनी पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार Lanzador EV (लैंजाडोर ईवी) को विकसित करने की योजना पर लगाम लगाने का फैसला किया है। यह निर्णय कंपनी की इलेक्ट्रिफिकेशन रणनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। Lanzador कॉन्सेप्ट को भविष्य की इलेक्ट्रिक लेम्बोर्गिनी की झलक के तौर पर पेश किया गया था, लेकिन अब ब्रांड ने उस रास्ते से हटने का निर्णय लिया है।
Lanzador EV को बंद करने का फैसला क्यों लिया गया?
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्णय कई महीनों तक चली आंतरिक चर्चाओं और ग्राहकों व डीलर्स से मिले फीडबैक के बाद लिया गया। कंपनी ने बाजार की प्रतिक्रिया का गहराई से आकलन किया और पाया कि इस सेगमेंट में फिलहाल उम्मीद के मुताबिक मांग नहीं है।
भविष्य की आइकॉन से अचानक यू-टर्न क्यों?
करीब तीन साल पहले जब Lanzador कॉन्सेप्ट को पेश किया गया था, तब इसे लेम्बोर्गिनी की इलेक्ट्रिक यात्रा का अहम पड़ाव बताया गया था। इसका प्रोडक्शन वर्जन दशक के दूसरे हिस्से में आने वाला था, हालांकि बाद में इसे टाल दिया गया। अब कंपनी ने पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन को पूरी तरह रद्द कर दिया है।
क्या Lamborghini के ग्राहक अब भी पेट्रोल इंजन चाहते हैं?
कंपनी के सीईओ स्टीफन विंकेलमैन के मुताबिक, लेम्बोर्गिनी के पारंपरिक ग्राहक आज भी V8 या V12 इंजन के बिना कार में खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि कंपनी ने एक साल से ज्यादा समय तक यह जांचा कि ईवी को आगे बढ़ाया जाए या नहीं, लेकिन बाजार संकेत इसके पक्ष में नहीं थे।
अब Lamborghini का अगला रास्ता क्या होगा?
हालांकि Lanzador EV को बंद कर दिया गया है, लेकिन Lanzador नाम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अब लेम्बोर्गिनी का फोकस प्लग-इन हाइब्रिड टेक्नोलॉजी पर रहने की उम्मीद है, जिसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक सपोर्ट दिया जाएगा।
क्या Urus SUV भी पूरी तरह इलेक्ट्रिक नहीं होगी?
इसी सोच के तहत Lamborghini की Urus SUV भी फिलहाल फुल इलेक्ट्रिक नहीं बनेगी। कंपनी इसमें इलेक्ट्रिफाइड पेट्रोल पावरट्रेन को जारी रखने की योजना पर काम कर रही है, ताकि परफॉर्मेंस और पहचान बनी रहे।
क्या ईवी Lamborghini का असली एहसास नहीं दे पाते?
यूरोप समेत दुनिया भर में उत्सर्जन नियम सख्त होते जा रहे हैं, जिससे वाहन निर्माताओं पर इलेक्ट्रिक वाहन बनने का दबाव है। लेकिन लेम्बोर्गिनी का मानना है कि मौजूदा ईवी तकनीक अभी वह भावनात्मक अनुभव, आवाज और ड्राइविंग कैरेक्टर नहीं दे पाती, जिसकी उम्मीद उसके खरीदार करते हैं।
फिलहाल Lamborghini की रणनीति क्या है?
अभी के लिए प्लग-इन हाइब्रिड लेम्बोर्गिनी के लिए सबसे संतुलित विकल्प माना जा रहा है-
-
यह पारंपरिक इंजन की तुलना में ज्यादा साफ है
-
और साथ ही ब्रांड की पहचान माने जाने वाले परफॉर्मेंस और ड्राइविंग फील को भी बनाए रखता है
यानी लेम्बोर्गिनी इलेक्ट्रिफिकेशन से पीछे नहीं हट रही, बल्कि अपने ग्राहकों की भावनाओं के मुताबिक सही रास्ता चुन रही है।